टीवी9 भारतवर्ष के यूट्यूब चैनल पर 22 जुलाई 2023 को अपलोड किये गए एक टीवी डिबेट में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि NDA के इस 9 वर्ष के कार्यकाल से पहले, नॉर्थ-ईस्ट में 8 वर्ष के कार्यकाल में 8 हज़ार से ज़्यादा घटनाएं हुई जिसमें 2000 से ज़्यादा लोग मारे गये. लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उसपर एक शब्द नहीं बोला. वो असम से राज्यसभा सांसद थे. लेकिन असम नहीं जाते थे. भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत को चुनौती देते हुए कहा कि अगर मनमोहन सिंह ने नॉर्थ-ईस्ट पर एक शब्द भी बोला होगा तो वो अपना नाम बदल लेंगे.
यूट्यूब पर मौजूद इस टीवी डिबेट के समूचे वीडियो के 18 मिनट 48 सेकेंड पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा “इस 9 वर्ष के कालखंड से पहले, नॉर्थ-ईस्ट में 8 वर्ष के कालखंड में 8.5 हजार घटनाएं हुई. एक बार मनमोहन सिंह जी ने, जो असम से चुने हुए थे राज्यसभा सांसद, वहां पर जाना तो दूर, कुछ बोला तक नहीं.” इस वीडियो के 20 मिनट 34 सेकेंड पर शहजाद पूनावाला ने उसी दावे को दोहराते हुए कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत को चुनौती देते हुए कहा, “इनके 8 वर्ष के कार्यकाल में 8 हजार घटनाएं हुई जिसमें 2 हजार से ज्यादा लोग नॉर्थ-ईस्ट के मारे गए. एक शब्द मनमोहन सिंह के मुंह से निकला होगा तो मैं अपना नाम बदल दूंगा. ये असम से चुने हुए थे, असम नहीं जाते थे.”
फ़ैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावला द्वारा टीवी डिबेट में किए गए दावे की पड़ताल की तो पाया कि ये दावा झूठा है. हमने प्रधानमंत्री के ऑफ़िस के आर्काइव और प्रेस इनफ़ॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) पर मौजूद डॉ. मनमोहन सिंह के भाषण और प्रेस रिलीज़ के बारे में सर्च किया तो पाया उन्होंने नॉर्थ-ईस्ट में हुई घटनाओं पर कई बार बयान दिए थे. और असम से राज्यसभा सांसद रहते हुए उन्होंने कई बार असम का दौरा भी किया था. इसकी डिटेल्स आगे आर्टिकल में दी गई है.
नॉर्थ-ईस्ट में हुई हिंसा पर पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के बयान:
3 मई 2014 – असम में हुई हिंसा पर बयान

4 फरवरी 2014 – अरुणाचल प्रदेश के छात्र पर हुए हमले पर बयान

17 अगस्त 2012 – राज्य सभा में नॉर्थ-ईस्ट के नागरिकों की सुरक्षा पर बयान

तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह द्वारा 17 अगस्त 2012 को राज्य सभा में दिया गया भाषण यूट्यूब पर मौजूद है.
28 जुलाई 2012 – कोकराझार में हुई हिंसा पर बयान

18 अगस्त 2004 – असम के धेमाजी में हुए बम विस्फोट में कई लोगों के मारे जाने पर बयान

असम के राज्यसभा सांसद और प्रधानमंत्री रहते हुए डॉ. मनमोहन सिंह का असम दौरा:
20 अप्रैल 2012 – गुवाहाटी में असम विधानसभा के प्लेटिनम जुबली समारोह का उद्घाटन किया

21 नवंबर 2004 – दिसपुर में असम के नए कैपिटल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया

19 फरवरी 2011 – असम के जोरहाट परिसर में राष्ट्रीय डिज़ाइन संस्थान का शिलान्यास किया

28 जुलाई 2012 – कोकराझार में हुई हिंसा के बाद असम दौरा

कुल मिलाकर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के बारे में टीवी9 भारतवर्ष की एक डिबेट में झूठा दावा किया कि उन्होंने अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में नॉर्थ-ईस्ट में हुई घटनाओं पर कभी नहीं बोला और कार्यकाल के दौरान असम से राज्यसभा सांसद होने के बावजूद वे असम नहीं जाते थे.





