सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है जिसमें एक व्यक्ति चीन की JAC कंपनी के वाहन को दिखाता है और भारत में सामान पहुंचाने की बात करता है. यूज़र्स इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि चीन की गाड़ियां भारतीय सीमा में अवैध तरीके से घुस आई हैं. वहीं कुछ यूज़र्स ये आरोप भी लगा रहे हैं कि मुख्यधारा का मीडिया इस घटना को नहीं दिखा रही है.

दरअसल, द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इंडो-तिब्बत बॉर्डर पुलिस (ITBP) के डायरेक्टर जनरल शत्रुजीत कपूर ने अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर कई स्थानों पर चीनी सैनिकों के साथ टकराव की स्थिति बने रहने की बात कही गई थी. रिपोर्ट में सरकारी सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया कि अरुणाचल प्रदेश के ऊपरी सुबनसिरी जिले के तक्सिंग क्षेत्र के पास असाफिला में तनाव की स्थिति है. साथ ही बताया कि चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के सैनिकों ने भारतीय पक्ष की वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) संबंधी धारणा से लगभग 6-7 किलोमीटर भीतर तंबू लगाए हैं.

इसी संदर्भ में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रितु चौधरी ने ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “चीन की गाड़ी बॉर्डर से इंडिया मे घुसते हुए. अभी यह वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है गोदी मीडिया ये नहीं दिखायेंगे.

इनफ्लुएंसर हर्ष छिकारा, समेत कई एक्स यूज़र्स ने भी इसी दावे के साथ वीडियो शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल दावे की हकीकत जानने के लिए वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें पूरा वीडियो सबाथ थापा नामक इंस्टग्राम यूज़र के अकाउंट पर 1 अक्टूबर 2026 को अपलोड हुआ मिला. इस पोस्ट के कैप्शन में हैशटैग #update #trade #mountains के साथ “भारत में चीन के वाहन – नाथु ला पास, सिक्किम भारत तिब्बत सीमा” लिखा हुआ है. हालांकि ये पोस्ट अब भारत में उपलब्ध नहीं है, इंस्टग्राम द्वारा इस वीडियो को प्रतिबंधित कर दिया गया है. (आर्काइव लिंक)

हमने VPN की मदद से वीडियो को पूरा देखा. वीडियो में सबाथ थापा बता रहा है कि व्यापार खुलने के बाद चीन की गाड़ियां सामान लेकर भारत में नाथु ला सिक्किम तिब्बत बॉर्डर के पास आईं हैं. आगे वीडियो में वह यह भी बताता है कि भारत से व्यापार के लिए चीन जाने वाली गाड़ियां सुबह जल्दी निकलती हैं, जबकि चीन से भारत आने वाली गाड़ियों का समय लगभग सुबह 11:30 बजे के आसपास है.

हमें इसी इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस घटना से जुड़ा एक और वीडियो मिला, जिसे सबाथ थापा ने पार्ट 2 बताकर 3 अक्टूबर 2026 को अपलोड किया है. (आर्काइव लिंक)

 

View this post on Instagram

 

A post shared by sabat thapa (@sabbath_thapa)

इसके अलावा, सिक्किम सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर 1 अगस्त 2026 को प्रकाशित एक सूचना में बताया गया कि छह साल के अंतराल के बाद नाथु ला के रास्ते भारत-चीन सीमा व्यापार दोबारा शुरू हुआ.

सूचना के मुताबिक, इस मौके पर नाथू ला स्थित नो मैन्स लैंड पर उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया था. भारत की ओर शेराथांग ट्रेड मार्ट और ऑटोनॉमस रीजन की तरफ नाथु ला पास से करीब 16 km दूर याडोंग काउंटी में मौजूद रेनछिंगगांग ट्रेड मार्ट को सीमा व्यापार के लिए निर्धारित किया गया है. इसमें यह भी बताया गया कि नाथु ला के रास्ते सीमा व्यापार भारत और चीन के बीच पहले से निर्धारित द्विपक्षीय समझौतों के तहत संचालित होता है.

जांच आगे बढ़ाते हुए हमने वायरल वीडियो में दिख रही इमारतों और पहाड़ों के लोकेशन को जियोलोकेट भी किया. ये चीन-भारत को जोड़ने वाली नाथु ला बॉर्डर गेट और नाथु ला बॉर्डर क्षेत्र ही है.

हमने नाथु ला बॉर्डर गेट से शेराथांग ट्रेड मार्ट के बीच की दूरी भी जांची, जो कि नाथु ला बॉर्डर गेट से महज 6.2 किलोमीटर नीचे की ओर शेराथांग ट्रेड मार्ट स्थित है, जिसे भारत-चीन सीमा व्यापार के लिए चुना गया है. इससे स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो नाथु ला भारत और चीन के बीच निर्धारित सीमा व्यापार मार्ग पर रिकॉर्ड किया गया था.

भारतीय आर्मी की फैक्ट चेक इकाई ने भी वायरल वीडियो पर स्पष्ट किया कि इसमें चीन के जेएसी ब्रांड के कॉमर्शियल वाहन दिखाई दे रहे हैं. ये गाड़ियां भारत और चीन के बीच सीमा व्यापार के लिए तय नाथू ला मार्ग पर चल रही थीं.

कुल मिलाकर, चीन की गाड़ियों के भारतीय सीमा में अवैध रूप से घुसने के दावे के साथ शेयर किया जा रहा वीडियो भ्रामक है. वीडियो में दिख रही इन गाड़ियों को नाथु ला के रास्ते भारत-चीन के बीच सीमा व्यापार दोबारा शुरू होने के बाद रिकॉर्ड किया गया था. इसके अलावा, सिक्किम सरकार की आधिकारिक सूचना भी पुष्टि करती है कि छह साल के अंतराल के बाद इस मार्ग से सीमा व्यापार दोबारा शुरू हुआ था.

ग़लत
दावा:
चीन की गाड़ी बॉर्डर से इंडिया मे घुसते हुए. अभी यह वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें