दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान हो चुका है. सभी राजनीतिक दल अपने प्रचार में पूरी ताकत लगा रहे हैं और एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं. इसी बीच भाजपा ने दिल्ली में सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए एक वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. इस वीडियो में सड़क की खराब हालत और गड्ढों को दिखाते हुए दावा किया जा रहा है कि ये सड़क दिल्ली के हैं.

बीजेपी ने अपने आधिकारिक हैंडल से इस वीडियो को फ़ेसबुक और एक्स दोनों पर शेयर किया और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए लिखा कि पता नहीं सड़क में गड्ढे हैं या सड़क गड्ढों में है. (आर्काइव लिंक)

बीजेपी दिल्ली ने भी वीडियो पोस्ट करते हुए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा और ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

भाजपा समर्थक रौशन सिन्हा ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि ये दिल्ली में केजरीवाल द्वारा विकसित किए गए विश्वस्तरीय “इंफ्रास्ट्रक्चर” की हक़ीकत है. (आर्काइव लिंक)

फैक्ट-चेक

भाजपा के इस प्रचार वीडियो में एक बोर्ड दिखाया गया है जिस पर ‘ठाकुर उदयपाल धर्मशाला’ लिखा हुआ है. गूगल मैप्स पर उदयपाल धर्मशाला की खोज करने से इसका स्थान भाजपा शासित हरियाणा के फरीदाबाद में दिखाई देता है. इस जगह का गूगल स्ट्रीट व्यू में तस्वीर देखने पर मालूम पड़ता है कि ये वही जगह है जो भाजपा के वीडियो में दिखाया गया है. (लोकेशन कोऑर्डिनेट)

वीडियो के पहले फ्रेम में दिखाई देने वाली कीचड़ भरी टूटी सड़क फरीदाबाद, हरियाणा की उसी गली की तस्वीर है, जहाँ ठाकुर उदयपाल धर्मशाला स्थित है. (लोकेशन कोऑर्डिनेट)


ऊपर की दोनों तस्वीरों को ध्यान से देखने पर मालूम चलता है कि गली के आखिरी में दिखने वाला घर एक ही है (नीचे लाल घेरे में) और प्रचार वीडियो में जहां से ऑटो मुड़ती है वो गली गूगल स्ट्रीट व्यू पर भी नज़र आती है. (नीचे पीले रंग के एरो)

हमने वीडियो के इस फ्रेम की भी जाँच की, यह भी गूगल स्ट्रीट व्यू पर ठाकुर उदयपाल धर्मशाला वाली गली से मेल खाता है. (लोकेशन कोऑर्डिनेट)

वीडियो में जिस स्थान पर पानी जमा हुआ है, वह भी हरियाणा के फरीदाबाद में है, जो ठाकुर उदयपाल धर्मशाला से 500 मीटर दूर है. (लोकेशन कोऑर्डिनेट)

नोट: गूगल स्ट्रीट व्यू द्वारा खींची गई तस्वीर 2022 की है, और वीडियो 2025 में बनाया गया है, इसलिए सड़कों और बिल्डिंग्स की अवस्था में थोड़ा अंतर हो सकता है.)

कुल मिलाकर, भाजपा ने गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क का वीडियो पोस्ट करके दिल्ली की सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा. यह वीडियो वास्तव में हरियाणा के फरीदाबाद में शूट किया गया था, जहां भाजपा सत्ता में है.

ग़लत
दावा:
गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क का वीडियो दिल्ली का है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें