सोशल मीडिया पर राहुल गांधी की 8 सेकंड की एक क्लिप वायरल है. इस क्लिप में राहुल गांधी भाजपा पर हमला करते हुए यह कहते हैं, ” ये प्रदूषण देखिये, ये सारा का सारा इसलिए हो रहा है क्योंकि वे ‘वोट चोरी’ कर रहे हैं.” इसी क्लिप को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने दिल्ली के प्रदूषण का कारण, फैक्ट्रियों, गाड़ियों या पराली को नहीं, बल्कि ‘वोट चोरी’ को बता दिया है.

इस क्लिप को सबसे पहले, अक्सर भ्रामक वीडियो के साथ झूठे दावे करने वाले राइट-विंग ट्रोल अकाउंट Political Kida ने मज़ाकिया अंदाज़ में शेयर किया. यूज़र ने लिखा कि राहुल गांधी ने चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है. (आर्काइव लिंक)

इसके बाद भाजपा के राज्य इकाई के आधिकारिक हैंडल, मीडिया और पत्रकार भी यही 8 सेकंड का क्लिप उसी दावे के साथ शेयर करने लगे.

रिपब्लिक वर्ल्ड न्यूज़ ने वायरल वीडियो को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, “जब दिल्ली साफ़ हवा के लिए तरस रही है, तब राहुल गांधी ने प्रदूषण का नया दोषी ढूँढ लिया है.” चैनल के मुताबिक, राहुल गांधी ने राजधानी में बोलते हुए कहा कि समस्या फैक्ट्रियों, कारों या धुएँ से नहीं, बल्कि वोट चोरी से है. पोस्ट में राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा गया है, “पराली जलाने और वाहनों से होने वाले एमिशन के मामले पर जवाब की उम्मीद लगाए बैठे दिल्ली वासियों को अभी और इंतज़ार करना होगा, क्योंकि ऐसा लगता है कि अब AQI भी ‘वोट चोरी’ के सहारे चल रहा है.” (आर्काइव लिंक)

भाजपा झारखंड के आधिकारिक हैंडल ने भी वायरल वीडियो शेयर कर राहुल गांधी का मज़ाक उड़ाते हुए लिखा कि दिल्ली में प्रदूषण पर राहुल गांधी का वैज्ञानिक आविष्कार कर विज्ञान की सारी किताबें फेल कर दी है. (आर्काइव लिंक)

इसके अलावा पत्रकार सुरेश कोचट्टिल, भाजपा महाराष्ट्र और PMO India : Report Card, Modinama आदि जैसे कई भाजपा समर्थक अकाउंट ने भी यही 8 सेकंड की क्लिप शेयर की.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए जब हमने वीडियो से जुड़े की-वर्ड्स को गूगल पर सर्च किया, तो हमें इससे जुड़ी एक रिपोर्ट नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर 14 दिसंबर 2025 को पब्लिश्ड मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली में सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला था. उन्होंने चुनाव अधिकारियों को भी चेतावनी दी थी कि उनके ख़िलाफ़ सख़्त कार्रवाई की जाएगी. रिपोर्ट के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी और गलत GST से छोटे व्यापारियों को बर्बाद कर दिया है. उन्होंने कहा कि आज देश बेरोज़गारी और प्रदूषण से जूझ रहा है क्योंकि मोदी वोट चुराकर सरकार चला रहे हैं, और अगर उन्होंने वोट न चुराए होते तो उन्हें डर रहता कि जनता कुछ ही मिनटों में उनकी सरकार हटा सकती है.

इस जानकारी के आधार पर हमने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ओरिजनल वीडियो खोजा. हमें चैनल पर 14 दिसंबर 2025 को अपलोड किया गया मेगारैली का वीडियो मिला, जिसका बैकग्राउंड आदि सब कुछ वायरल क्लिप से पूरी तरह मेल खाता है.

हमने राहुल गांधी के भाषण का पूरा वीडियो सुना. इस वीडियो में 1 घंटा 40 मिनट के टाइमस्टैम्प पर राहुल गांधी कहते हैं, “भाइयों और बहनों, यह वोट चोरी सिर्फ वोट की चोरी नहीं है. सबसे पहले यह इस संविधान पर अंबेडकर जी के संविधान पर आक्रमण है. इस संविधान में लिखा है एक व्यक्ति को एक वोट मिलना चाहिए. तो सबसे पहले वोट चोरी अंबेडकर जी के संविधान पर आक्रमण है, और वोट चोरी करके यह सरकार चलाते हैं. छोटे व्यापारियों को इन्होंने खत्म किया, गलत जीएसटी लागू की, नोटबंदी की, बेरोजगारी, यह पोल्यूशन देखिए यह सारा का सारा इसीलिए हो रहा है क्योंकि यह वोट चोरी कर रहे हैं. क्योंकि अगर यह वोट चोरी नहीं करते तो आप इनको 5 मिनट में सरकार से निकाल देते.”

पूरे भाषण से साफ़ है कि राहुल गांधी प्रदूषण को वोट चोरी का वैज्ञानिक कारण नहीं बता रहे थे. वे यह आरोप लगा रहे थे कि सत्तारूढ़ दल वोट चुराकर सरकार चला रहा है, और इसी वजह से नोटबंदी, गलत GST, बेरोज़गारी और प्रदूषण जैसी नीतिगत नाकामियों के बावजूद जनता उसे सत्ता से नहीं हटा पा रही. यानी, वे वोट चोरी और सरकार की नाकामी के बीच राजनीतिक संबंध बता रहे थे. वायरल 8 सेकंड की क्लिप इस पूरे संदर्भ को काटकर बनाई गई है, ताकि ऐसा लगे कि उन्होंने प्रदूषण का वैज्ञानिक कारण ‘वोट चोरी’ बता दिया है.

कुल मिलाकर, राइट-विंग ट्रोल अकाउंट, रिपब्लिक मीडिया और भाजपा के आधिकारिक हैंडल्स ने राहुल गांधी के भाषण का क्लिप संदर्भ से काटकर उनका मज़ाक उड़ाने के लिए शेयर किया.

भ्रामक
दावा:
राहुल गांधी ने प्रदूषण का वैज्ञानिक कारण 'वोट चोरी' को बता दिया

The content presents facts in a misleading way or omits crucial context.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें