[चेतावनी: इस लेख में महिला के साथ सार्वजनिक यौन उत्पीड़न से जुड़े दृश्य और विवरण हैं.]

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें बस के अंदर एक व्यक्ति महिला यात्रियों से सटकर अपनी पैंट की चेन खोलकर अश्लील हरकतें करता है, जिसके बाद एक महिला यात्री उस युवक को थप्पड़ जड़ती हुई दिखती है. कुछ यूज़र्स इस वीडियो को सांप्रदायिक रंग देकर शेयर कर रहे हैं. उनका दावा है कि आरोपी युवक का नाम “शाहिल” है जो कि मुस्लिम समुदाय से है जिसने बस यात्रा के दौरान महिला यात्री के साथ यौन उत्पीड़न किया.

अक्सर झूठ और सांप्रदायिक नफरत भरी जानकारी फैलाते पाए गए X-यूज़र दीपक शर्मा ने वीडियो शेयर कर आरोपी व्यक्ति को मुस्लिम बताते हुए लिखा, “चलती बस में महिला से गुप्तांग सटाकर करने लगा मास्टरबेट. घटना मध्य प्रदेश के सागर की, जहाँ एक बस में शाहिल नाम का शैतान चलती बस में महिला के पास जाकर मास्टर बेट करने लगा, लेकिन महिला ने काली बनकर इस हवस के मौलवी का सारा हबसीपन वहीँ निकाल दिया.”

एक्स-यूजर किक्की सिंह, अनुज शुक्ला समेत कई एक्स-यूजर्स ने ऐसे ही दावे के साथ वीडियो शेयर किया. ध्यान दें कि किसी यूज़र ने आरोपी का नाम शाहिल तो किसी ने साहिल लिखा है.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल दावे की सत्यता जानने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें 13 जुलाई 2026 को प्रकाशित टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें वायरल वीडियो के स्क्रीनग्रैब का इस्तेमाल किया गया है. इस रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के सागर जिले के देवरी कलां बस स्टैंड पर हुई, जहां दोनों महिलाएं के पास आकर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पैंट की चेन खोलकर अश्लील हरकते करने लगा जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उसे हिरासत में लिया गया. इस रिपोर्ट में आरोपी का नाम नितीश गोंड बताया गया है.

रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया. साथ ही अधिकारियों ने बताया कि कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है क्योंकि न तो वीडियो में दिख रही महिला ने और न ही किसी अन्य व्यक्ति ने औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने अभी तक आरोपी के खिलाफ केवल एहतियाती कार्रवाई शुरू की है.

टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट में देवरी एसडीओपी अरुण उइके ने कहा, “पुलिस वायरल वीडियो की विस्तृत जांच कर रही है और मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है, और जांच के किसी भी पहलू को नज़रअंदाज़ नहीं किया जाएगा, जांच में यह साबित हो जाता है कि संज्ञेय अपराध किया गया है, तो कानून के अनुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

न्यूज़ 18, टाइम्स नाउ, नवभारत टाइम्स समेत और भी कई मीडिया संस्थानों ने इस घटना पर रिपोर्ट प्रकाशित की है, जहाँ आरोपी की पहचान नीतीश गोंड के रूप में की गई है. इसके अलावा, जाँच के दौरान हमें किसी भी रिपोर्ट में आरोपी की पहचान शाहिल/साहिल या मुस्लिम समुदाय से होने का उल्लेख नहीं मिला.

मामले की अधिक जानकारी के लिए हमने सागर पुलिस स्टेशन से भी संपर्क किया है, जवाब आने पर इसे रिपोर्ट में अपडेट किया जाएगा.

कुल मिलाकर, वायरल वीडियो मध्य प्रदेश के सागर ज़िले में हुई एक घटना का है, जहाँ पुलिस ने आरोपी की पहचान नीतीश गोंड के रूप में की है, लेकिन दीपक शर्मा समेत कुछ यूजर्स बिना किसी प्रमाण के आरोपी का नाम “साहिल” बताकर और उसे मुस्लिम समुदाय से जोड़कर वीडियो को सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं.

ग़लत
दावा:
एक बस में शाहिल नाम का शैतान चलती बस में महिला के पास जाकर मास्टर बेट करने लगा

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें