दुकान में लूटपाट करती भीड़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है. इस वीडियो के साथ शेयर किए जा रहे मेसेज में दावा किया जा रहा है कि ये घटना दक्षिण अफ़्रीका की है, जहां कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लॉकडाउन लगा हुआ है.

ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्विटर और फ़ेसबुक पर भी वायरल हो रहा है.

इस वीडियो की पुष्टि के लिए ऑल्ट न्यूज़ के ऑफ़िशियल एंड्रॉयड ऐप पर कई रिक्वेस्ट्स आई हैं.

पुराना वीडियो

ऑल्ट न्यूज़ की जांच में पता चला कि ये वीडियो दक्षिण अफ़्रीका के लॉकडाउन से संबंधित नहीं है. एक ट्विटर यूज़र ने यही वीडियो 5 सितंबर, 2019 को पोस्ट किया था.

गूगल पर एक कीवर्ड सर्च करने पर, हमें यूट्यूब चैनल ‘क्राइम इंटेलिजेंस एंड कम्युनिटी अवेयरनेस – साउथ अफ़्रीका (Crime Intelligence & Community Awareness – South Africa)’ के वीडियो का पता मिला. चैनल ने ये वीडियो 29 मई, 2018 को अपलोड किया था. ये चैनल खुद को एक ऐसा मंच बताता है “जो दक्षिण अफ़्रीका में समाज को प्रभावित करने वाले अपराधों और अन्य मुद्दों के बारे में जानकारियां मुहैया करता है.”

वीडियो के डिस्क्रिप्शन के मुताबिक़, भीड़ दक्षिण अफ़्रीका के मिशेल्स प्लेन सिटी के बीपी गराज में स्थित ‘पिक एंड पे’ में लूटपाट कर रही थी. इसके अलावा, हमें दक्षिण अफ़्रीकी न्यूज़ वेबसाइट ‘न्यूज़ 24’ पर, 29 मार्च, 2018 को पब्लिश, इस घटना से संबंधित रिपोर्ट भी मिली.

वेबसाइट की रिपोर्ट के अनुसार, “मिशेल्स प्लेन के व्यापारियों के लिए मंगलवार की सुबह भयावह रही. उनकी दुकानों में भीड़ ने काफ़ी तोड़फ़ोड़ मचाई. ये सब सोमवार शाम से चल रहे हिंसक प्रदर्शन के बाद हुआ. वुडलैंड्स इलाक़े में एक प्राइवेट ज़मीन पर खड़े निर्माण को प्रशासन ने गिरवा दिया था, जिसके बाद हिंसा भड़क गई. ऑटोज़ोन, बीपी पेट्रोल स्टेशन, पिक एन पे एक्सप्रेस और मुहल्ले के पास स्थित मछली की एक दुकान को सबसे अधिक नुकसान पहुंचा.”

हालांकि, 5 अप्रैल को केपटाउन में शराब की दुकान लूटने की घटना घटी थी.

दक्षिण अफ़्रीका के मिशेल्स प्लेन सिटी में लगभग दो साल पुरानी घटना के वीडियो को ‘लॉकडाउन के दौरान केपटाउन में दुकान लूटने की घटना’ बताकर शेयर किया जा रहा है. दक्षिण अफ़्रीका 27 मार्च से, 21 दिनों के लॉकडाउन में है.

ग़लत
दावा:
लॉकडाउन के दौरान केपटाउन में दुकान लूटने की घटना का वीडियो

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें