2 सितंबर को टीवी ऐक्टर सिद्धार्थ शुक्ला की हार्ट अटैक के कारण मौत हो गई. उनके चाहनेवालों ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया. सिद्धार्थ का पोस्टमॉर्टम मुंबई के कूपर अस्पताल में किया गया था. इस दौरान, एक सीसीटीवी फ़ुटेज सोशल मीडिया पर काफ़ी शेयर किया जा रहा है. वीडियो के साथ दावा किया गया कि ये सिद्धार्थ शुक्ला के अंतिम क्षणों का वीडियो है. ट्विटर हैन्डल ‘@HalkatManus’ ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला की मौत हार्ट अटैक से ही हुई है और ये बात कूपर अस्पताल ने भी कन्फ़र्म की. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)
Actor #SiddharthShukla Dies Of an Heart Attack.
Confirmed by Cooper Hospital. Om Shanti. 🙏🙏🙏pic.twitter.com/0G3D0WuMhJ— 650 Days Since Kohli 💯 🏏 (@HalkatManus) September 2, 2021
ट्विटर हैन्डल ‘@dnazeenews’ ने ये वीडियो इसी मेसेज के साथ ट्वीट किया. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)
Actor #SiddharthShukla Dies Of an Heart Attack.
Confirmed by Cooper Hospital. Om Shanti. 🙏🙏🙏pic.twitter.com/12SqL5n4W3— DNA (@dnazeenews) September 2, 2021
यूट्यूब पर भी ये वीडियो सिद्धार्थ शुक्ला का बताकर अपलोड किया गया है.

फ़ैक्ट-चेक
हमने देखा कि ट्विटर यूज़र अरुण देशपांडे ने ये वीडियो बैंगलोर के एक 33 साल के युवक का बताकर ट्वीट किया था जिसे लोग कोट ट्वीट करते हुए सिद्धार्थ शुक्ला का बता रहे हैं. ध्यान दें कि अरुण देशपांडे ने ये वीडियो 1 सितंबर को ट्वीट किया था जबकि सिद्धार्थ की मौत 2 सितंबर को हुई थी. अरुण के ट्वीट के मुताबिक, बैंगलोर के एक जिम में वर्कआउट के बाद 33 वर्षीय व्यक्ति की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी. ये उसी व्यक्ति के आखिरी पलों का वीडियो है.

इसके अलावा, वीडियो में स्क्रीन पर 25 अगस्त 2021 की तारीख दिखती है. यहां एक बात तो साफ़ हो जाती है कि ये वीडियो सिद्धार्थ शुक्ला की मौत का नहीं है.

यूट्यूब पर इस वीडियो की खोज करते हुए ऑल्ट न्यूज़ को 31 अगस्त 2021 की न्यूज़ फ़र्स्ट कन्नड़ा की रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, बैंगलोर के गोल्ड जिम में एक व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई.

इसके अलावा, हमने गोल्ड जिम से भी संपर्क किया. जिम में काम करने वाले एक सदस्य ने बताया, “पहली बात तो ये कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति सिद्धार्थ शुक्ला नहीं है. ये व्यक्ति हमारे जिम में 1 दिन के ट्रायल के लिए आए थे. हालांकि वो पहले भी जिम जाया करते थे लेकिन हमारे यहां पहली बार ही आए थे. वर्क आउट के बाद उनकी हालत बिगड़ने पर हमारे स्टाफ़ ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. बाद में वहां पर क्या हुआ इस बात की जानकारी हमें नहीं है क्योंकि तब तक वहां उनके परिवारवाले पहुंच गए थे.”
यानी, बैंगलोर के एक जिम में वर्कआउट करने के बाद एक व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गयी. इस घटना का वीडियो हाल में सिद्धार्थ शुक्ला की मृत्यु का बताकर शेयर किया गया. पहले भी दिलीप कुमार की मृत्यु के बाद उनके आखिरी क्षणों का बताकर एक वीडियो शेयर किया गया था. ऑल्ट न्यूज़ ने जांच में पाया कि ये दिलीप कुमार और उनकी पत्नी सायरा बानो का 8 साल पुराना वीडियो है.





