सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स पर एक वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है जिसमें से एक वीडियो में एक लड़का गाय का गला मरोड़ रहा है. जबकि दूसरे वीडियो में पुलिस एक लड़के को पीटते हुए दिख रही है. दोनों वीडियो में दिखने वाले लड़के ने लगभग एक जैसे कपड़े पहने हैं. ये वीडियो कोलाज शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि इस लड़के ने 8 दिन पहले गाय के साथ ऐसा सुलूक करने का वीडियो पोस्ट किया और बाद में यूपी पुलिस ने लड़के की ये हालत की. ट्विटर पर खुद को ‘कट्टर सनातनी हिंदू’ बताने वाले चौकीदार आनंद ने ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट किया. आर्टिकल लिखे जाने इस वीडियो को 3 लाख से ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

ट्विटर यूज़र ‘गुरुजी विशाल गुप्ता’ ने भी ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्वीट किया है. आर्टिकल लिखे जाने तक इस ट्वीट को 1 लाख से ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं. (ट्वीट का आर्काइव वर्ज़न)

ट्विटर हैन्डल ‘@KattarHindu0507’ ने भी ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट किया है जिसे आर्टिकल लिखे जाने तक 3,500 से ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं. (आर्काइव लिंक)

ये वीडियो इसी दावे के साथ ट्विटर और फ़ेसबुक पर वायरल है.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ इस आर्टिकल में बारी-बारी से आपको इन वीडियोज़ की सच्चाई बताएगा.

गाय की गर्दन मरोड़ने वाला वीडियो

इस वीडियो के बारे में सर्च करते हुए ऑल्ट न्यूज़ को इंस्टाग्राम पर 23 मार्च 2022 को पोस्ट किया हुआ ये वीडियो मिला. वीडियो के बारे में इंस्टाग्राम यूज़र ने कोई जानकारी नहीं दी है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Ted The Stoner (@tedthestoner)

हालांकि ऑल्ट न्यूज़ को इस वीडियो के बारे में और कोई जानकारी नहीं मिली. लेकिन इतना तो साफ है कि ये वीडियो हाल का नहीं है.

लड़के की पिटाई कर रही पुलिस का वीडियो

ऑल्ट न्यूज़ ने इस वीडियो की जांच पहले ही मार्च 2022 में की थी जब ये वीडियो पाकिस्तान ज़िन्दाबाद के नारे लगाने के कारण पुलिस द्वारा लड़के की पिटाई करने के झूठे दावे के साथ शेयर किया जा रहा था. छानबीन में सामने आया कि ये वीडियो मई 2021 में उत्तर प्रदेश के चंदौली में हुई घटना का है. चंदौली पुलिस के एसपी अमित कुमार ने बयान देते हुए कहा था कि 3 बच्चे एक दुकान में चोरी करने पहुंचे थे. दुकानदार ने इस मामले में शिकायत दर्ज करवाने से मना किया था. और इन बच्चों को डांटने की बात कही थी. इसके बाद चौकी प्रभारी शिवानंद वर्मा और हेड कॉन्स्टेबल दिलीप कुमार ने बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया था. इस मामले में दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था.

वहीं मार्च 2022 में ये वीडियो वायरल होता देख चंदौली पुलिस ने इस वीडियो की असलियत बताते हुए ट्वीट भी किया था.

ऑल्ट न्यूज़ ने उस वक्त चंदौली के बलुआ थाना में भी संपर्क किया था. उन्होंने बताया था कि ये घटना 2021 की है. 3 बच्चों पर मोबाइल की दुकान में चोरी करने का आरोप लगाया गया था. पुलिस द्वारा बच्चे की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद इन पुलिसवालों को निलंबित कर दिया गया था.

कुल मिलाकर, साल 2021 में चोरी के आरोप में कुछ पुलिसवालों ने एक लड़के की पिटाई की थी. इस घटना का वीडियो 2022 में एक शख्स द्वारा गाय का सिर मरोड़ने के वीडियो के साथ शेयर किया गया और कहा गया कि ये दोनों एक ही शख्स हैं.

ग़लत
दावा:
गाय का सिर मरोड़ने वाले शख्स को यूपी पुलिस ने सबक सिखाने के लिए पीटा

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें