एक महिला को पेड़ के साथ बांधकर सार्वजनिक तौर पर पीटे जाने वाला एक भयानक वीडियो सोशल मीडिया में पर शेयर किया जा रहा है. @realMaalouf नामक एक्स हैन्डल ने 20 अक्टूबर 2024 को ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि शरिया कानून के अनुसार, अगर महिला का रेप हो जाता है तो इसे सेक्स माना जाता है और महिला को दंडित किया जाता है. यूज़र ने ये भी दावा किया कि ज़्यादातर शरिया देशों में महिलाओं को पत्थर से पीट पीट कर मार दिया जाता है अगर वो कहती हैं कि उनका रेप हुआ था. इसीलिए वीडियो में सिर्फ कोड़े मारकर छोड़े जाने वाली महिला लकी है. (आर्काइव लिंक) इस यूज़र की मानें तो इस वीडियो में एक मुस्लिम महिला है जिसका रेप हुआ था और इस वजह से उसे दंडित किया जा रहा है.

नोट: वीडियो की संवेदनशीलता को देखते हुए ऑल्ट न्यूज़ इसे आर्टिकल में एम्बेड नहीं कर रहा है.

@pr0ud_americans नामक एक वेरीफ़ाइड यूज़र ने भी मुसलमानों पर निशाना साधते हुए ऐसा ही दावा किया है. (आर्काइव लिंक)

2019 से शेयर

मई 2019 में लेखक तारेक फतह और इमाम तौहीदी ने भी ट्विटर पर इस वीडियो को शेयर किया था.

 

This slideshow requires JavaScript.

 

फैक्ट चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि यह घटना मार्च 2018 में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुई थी. न्यूज़ रिपोर्ट के मुताबिक़, वीडियो में दिख रही महिला को उसके पति ने किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबध होने के चलते ग्राम पंचायत के आदेश पर मारा था. टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि महिला के पति सौदान सिंह ने महिला को भीड़ के सामने पीटा था क्यूंकि वो गांव के ही एक युवक धर्मेन्द्र लोधी के साथ भाग गई थी.

इस घटना के तुरंत बाद ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसके बाद महिला के पति के साथ-साथ पंचायत के मुखिया को भी गिरफ्तार कर लिया गया था.

यानी, 2018 में यूपी के बुलंदशहर में हुई इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर मुसलमानों पर निशाना साधते हुए शेयर किया जा रहा है. जबकि इसमें दिखने वाली महिला और आरोपी सब हिन्दू ही हैं.

सत्य
दावा:
महिला को पेड़ से बांध कर मारा जा रहा है

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से सटीक है और इसमें कोई प्रासंगिक संदर्भ नहीं छूटा है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें