सोशल मीडिया पर सी. जोसेफ़ विजय के विशाल पोस्टरों और कटआउटों पर कथित तौर पर दूध से अभिषेक करती भीड़ की कुछ तस्वीरें वायरल हैं. यूज़र्स और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स इन तस्वीरों को शेयर कर वामपंथी विचारधारा को ट्रोल कर रहे हैं और दावा कर रहें हैं कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में विजय की पार्टी, तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) की शानदार जीत का जश्न मनाने के लिए प्रशंसकों ने विजय के विशाल कटआउट पर अभिषेक करने के लिए दो लाख लीटर से ज़्यादा दूध बर्बाद कर दिया.

दरअसल, अभिनेता से राजनेता बने विजय और उनकी पार्टी, तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) ने पहले ही प्रयास में 108 सीट्स हासिल की. और कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई (एम), वीसीके और आईयूएमएल के समर्थन से सरकार बनाते हुए विजय ने 10 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

इसी संदर्भ में राइट विंग एक्स-यूजर्स श्रेया अग्रहरि ने ऐसी ही एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “नर्मदा नदी में 11,000 लीटर दूध बहाए जाने पर वामपंथी खेमे से लगातार उपदेश, ट्रोलिंग और आक्रोश देखने को मिला, अब विजय के पोस्टरों पर 2 लाख लीटर दूध बहाया जा रहा है और अचानक सब चुप हैं, यहां तक ​​कि ध्रुव राठी ने भी तब एक वीडियो बनाया था.”

राइट विंग एक्स-हैंडल @ocjain4, @cactushuyaarrrr, @Charu_on_X_x, @Kapil_Jyani_, @Mahaveer_VJ समेत कई यूज़र्स ने ऐसे दावे के साथ वायरल तस्वीरें शेयर की.

इतना ही नहीं कुछ यूज़र्स ने वायरल तस्वीरों और दावे की सच्चाई जानने के लिए X के AI टूल Grok से मदद ली. इसपर जवाब देते हुए Grok ने लिखा, “जी हां, ये दावे तथ्यात्मक रूप से सही हैं, पिछले एक-दो दिनों में, तमिल अभिनेता-राजनेता थलपति विजय (टीवीके) के प्रशंसकों ने 2026 के तमिलनाडु चुनावों में उनकी पार्टी के शानदार प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए उनके पोस्टरों/कटआउटों पर लगभग 2 लाख लीटर दूध बहाया. इसी तरह की बर्बादी की चिंताएं कुछ लोगों ने उठाई हैं, लेकिन नर्मदा मामले पर वामपंथियों के बीच जो आक्रोश देखने को मिला, वैसा पहले कभी नहीं देखा गया.”

This slideshow requires JavaScript.

इसके अलावा कई इंस्टग्राम पेज जैसे, द मीम ह्यूमर, द डेली रोस्ट, बिजनस शेयर मार्केट ज्ञान,  ठरकी दुनियन्यूज़ x नागालैंड, टीवी 1 इंडिया लाइव, इंडिया डिकोंडींग, देश, द ऐडल्ट सोसाइटी और फेसबुक पेज इंटेण्ड टू मार्केटिंग, कन्नाडा रील्स, रील पे सील ने भी ऐसे ही दावों के साथ दूध अभिषेक की कुछ अलग-अलग फोटोज़ शेयर किए हैं.

This slideshow requires JavaScript.

रुचि तिवारी, नेहा सिंघल अनफ़िल्टर्ड, हेमू विक्रमादित्य, आशुतोष झा, शिवम कुमार, नन्दन मिश्र, शरण्स काबरा कई सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स ने वायरल तस्वीरों और दावे के साथ वीडियो कंटेंट बनाकर पोस्ट किया. यूट्यूब पर 2 करोड़ 29 लाख सब्सक्राइबर वाले NMF न्यूज़ ने “Vijay Thalapathy के पोस्टर पर चढ़ाया 2 लाख लीटर दूध, वामपंथी अंधे-गूंगे हो गए ?” जैसे हेडलाइन के साथ वायरल तस्वीरों के आधार पर वीडियोज़ पोस्ट किये.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने जब वायरल तस्वीरों को ध्यानपूर्वक देखा तो हमें इनमें कई गलतियां दिखीं जैसे तस्वीरों में दिख रहा रंग और लाइट्स, अप्राकृतिक दिख रहे हैं, तस्वीर में दिख रहे लोग के हाथों और पैर की बनावट भी लगभग एक जैसी ही है. विजय के कटआउट पर दूध डालते लोगों के हाथों और उनके खड़े होने का तरीका भी समान है. साथ ही जिस बर्तन से दूध डाला जा रहा है, उनमें कई बर्तन उल्टे हैं और इसके बावजूद इन उल्टे बर्तनों में से दूध गिरता हुआ दिख रहा है. इसके अलावा, कटआउट पर गिर रहा दूध भी अप्राकृतिक नज़र आ रहा है. इन गलतियों को नोट करते हुए ऐसा लग रहा है कि इन तस्वीरों को AI के इस्तेमाल से बनाया गया है.

इसके अलावा, हमने देखा कि रील पे सील, ठरकी दुनिया इंस्टग्राम पेज ने 2 लाख लीटर दूध से अभिषेक करने वाले वायरल दावे के साथ तस्वीर शेयर की तो है, लेकिन वायरल तस्वीर को AI जनरेटेड बताया है.

ध्यान दें कि किसी ने भी इस मौके का वीडियो नहीं शेयर किया है. ऑल्ट न्यूज़ ने जब तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में जीत के विजय के कटआउट पर 2 लाख लीटर दूध से अभिषेक करने के वाले दावे के संबंध में छानबीन की तो हमें कोई विश्वनीय मीडिया रिपोर्ट्स या सोर्स नहीं मिला जो वायरल दावे की पुष्टि कर सके.

जांच के दौरान हमें विजय के कटआउट पर ‘दूध से अभिषेक’ करने वाले दो पुरानी न्यूज़ रिपोर्ट्स मिलीं. अक्टूबर 2014 की ‘Business Standard‘ की एक रिपोर्ट में बताया गया कि एक सिनेमाघर में विजय अभिनीत फिल्म ‘कत्थी’ की रिलीज़ के जश्न के दौरान 25 वर्षीय युवक, अभिनेता विजय के विशाल कटआउट के ऊपर से ‘दूध का अभिषेक’ करते वक़्त गिर गया और उसकी मौत हो गई. अप्रैल 2016 में प्रकाशित ‘DT Next‘ न्यूज़ की एक अन्य रिपोर्ट में बताया गया है कि विजय की नई फिल्म ‘थेरी’ गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज़ होते ही प्रशंसकों ने रॉयपेट्टा के वुडलैंड्स थिएटर के बाहर विजय के कटआउट पोस्टरों पर दूध के पैकेट लेकर दूध से अभिषेक किया.

हालांकि, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद जश्न के दौरान दो लाख लीटर दूध से अभिषेक करने जैसी कोई खबर ऑल्ट न्यूज़ को नहीं मिली है. अगर वाकई में ऐसा हुआ होता, तो राजकीय और राष्ट्रीय स्तर पर इस बारे में खबर ज़रूर होती.

इस तरह, विजय के पोस्टरों और कटआउट पर दूध बहाने वाली वायरल तस्वीरें AI की मदद से बनाई गई हैं जिसे सोशल मीडिया यूज़र्स और इंफ्लुएंसर्स विजय के पोस्टरों और कटआउट पर 2 लाख लीटर दूध से अभिषेक करने के गलत दावे के साथ शेयर कर रहे हैं.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

Tagged: