सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक किले में भारी भीड़ दिखाई दे रही है. सोशल मीडिया यूज़र्स और कुछ मीडिया संस्थान ये वीडियो शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो हाल ही में चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद लोहागढ़ किले के कथित ‘सिया पॉइंट’ पर उमड़ी पर्यटकों की भीड़ का है.

रिपोर्ट के अनुसार, लोहागढ़ में 18 जून 2026 को एक चट्टान से गिरने के बाद रियल एस्टेट फर्म के निदेशक केतन अग्रवाल की मौत का मामला सामने आया था. शुरू में इसे आकस्मिक मौत के रूप में दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में पुलिस द्वारा जांच में कथित रूप से केतन अग्रवाल की मंगेतर सिया और चेतन को लोहागढ़ किले के गहरी खाई में धक्का देकर हत्या करने का आरोपी बताया गया, जिन्हें 23 जून को गिरफ्तार कर लिया गया था और 3 जुलाई को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेजा गया. रिपोर्ट के अनुसार, घटना के बाद किले के ‘विंचू कड़ा’ हिस्से को सोशल मीडिया पर अनौपचारिक रूप से ‘सिया पॉइंट’ कहा जाने लगा. हालांकि स्थानीय निवासियों, इतिहास प्रेमियों और छत्रपति शिवाजी के प्रशंसकों ने इस नाम के इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए इसे बंद करने की मांग की.

इसी संदर्भ में पत्रकार वैष्णवी गहरवार ने वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “अपने ऐतिहासिक महत्व और ट्रेकिंग मार्गों के लिए प्रसिद्ध लोहागढ़ किला, केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद एक अलग ही तरह से चर्चा में है बताया जा रहा है कि कुछ पर्यटक जिज्ञासावश इस स्थान पर पहुँच रहे हैं, और कथित अपराध स्थल को ऑनलाइन अनौपचारिक रूप से ‘सिया पॉइंट’ कहा जा रहा है”.

वो आगे लिखती हैं, “इस अचानक बढ़ी रुचि ने इस बात पर भी बहस छेड़ दी है कि क्या किसी अपराध स्थल को पर्यटन स्थल बनाना चाहिए”.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Vaishnavi Gaharwar (@vaishihi.live)

रिपब्लिक TV के आधिकारिक यूट्यूब चैनल रिपब्लिक वर्ल्ड और लोकमत हिंदी न्यूज़ ने भी वायरल वीडियो को हालिया बताते हुए लोहागढ़ किले में कथित ‘सिया प्वाइंट’ को देखने उमड़ी पर्यटकों की भीड़ के दावे के साथ चलाया.

This slideshow requires JavaScript.

एक्स-यूज़र @PoornimaNimo, @youknowatimean, @The_LieLamaa, @MPremalatha4u समेत कई यूज़र ने भी वीडियो में दिख रहे लोगों को ‘सिया प्वाइंट’ देखने आए पर्यटकों के होने का दावा किया. 

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

वायरल दावे की सत्यता जानने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही वीडियो महाराष्ट्र टाइम्स न्यूज़ की मुख्य संवाददाता चैत्राली चांदोरकर द्वारा 2 जुलाई 2023 को अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया हुआ मिला. पोस्ट के कैप्शन में लिखा है, “आज लोहागढ़ में पर्यटकों की इस भीड़ को देखिए… अब आप ही बताइए, इनके साथ क्या किया जाना चाहिए.” यानी, ये वीडियो 3 साल पुराना है.

इसके अलावा 4 जुलाई 2023 को प्रकाशित ABP माझा की एक रिपोर्ट में वीडियो और वीडियो के स्क्रीनग्रैब के इस्तेमाल करते हुए बताया कि हमेशा मानसून के मौसम की शुरुआत में लोनावला का लोहागढ़ किला में पर्यटकों की भीड़ बढ़ती रहती है. ऐसे ही 2 जुलाई 2023 को रविवार की छुट्टी होने के कारण पुणे और मुंबई से इतने पर्यटक यहाँ उमड़ पड़े थे कि खड़े होने की भी जगह नहीं बची, जिससे अफरा-तफरी मच गई और किले पर चार घंटे तक चली इस अफरा-तफरी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

जांच के दौरान हमने पाया कि खुद लोकमत ने 3 जुलाई 2023 को लोकमत के मराठी संस्करण में इस घटना को लेकर रिपोर्ट प्रकाशित की थी और लोकमत के आधिकारिक एक्स-हैंडल @lokmat पर भी इस घटना को लेकर यही वीडियो शेयर किया गया था. इससे स्पष्ट है कि वायरल वीडियो लोहागढ़ किला में जुलाई 2023 में पर्यटकों की उमड़ी भीड़ के अफरा-तफरी का है जो कि 3 साल पुराना है.

This slideshow requires JavaScript.

आगे जांच जारी रखते हुए हमने कथित केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद लोहागढ़ किले में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के दावे के संबंध में की-वर्ड सर्च किया, जहाँ हमें NDTV और टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट मिली, जिनमें किले में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि की पुष्टि की गई है. यानी, पर्यटक वास्तव में बढ़े थे लेकिन वायरल वीडियो उसी घटना का नहीं है.

कुल मिलाकर, वायरल वीडियो जुलाई 2023 का है जब मानसून के शुरूआती सप्ताह में लोहागढ़ किले में पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी. इसका कथित केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद लोहागढ़ किले में पर्यटकों की संख्या में हुई वृद्धि से कोई संबंध नहीं हैं. लेकिन रिपब्लिक TV सहित लोकमत हिंदी और कई यूज़र्स इस पुराने वीडियो को हालिया घटना से जोड़कर शेयर कर रहे हैं.

ग़लत
दावा:
चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद कथित "सिया पॉइंट" को देखने उमड़ी पर्यटकों की भीड़

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें