ईरान और इज़राइल के बीच संघर्ष रुकने का नाम नहीं ले रहा. फिर से दोनों देशों के बीच मिसाइल दागे जाने की ख़बर सामने आई है. इसी संदर्भ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसे एक बिल्डिंग की छत से रिकार्ड किया गया है. वीडियो में देखा जा सकता है कि एक साथ कई मिसाइल दागे जा रहे हैं. कई यूज़र्सर इसे वर्तमान में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष से जोड़कर शेयर कर रहे हैं.

भाजपा समर्थक रौशन सिन्हा ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि इज़राइल ने ईरान पर अटैक कर दिया है, 2025 अभी खत्म नहीं हुआ है, बाद में ये ट्वीट डिलीट कर दिया गया. (आर्काइव लिंक)

मेजर सुरेन्द्र पुनिया ने वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि वर्तमान में इजराइल तेहरान में शीर्ष राजनीतिक और सैन्य हस्तियों के आवासीय पते और ईरान की न्यूक्लियर इन्रिच्मन्ट फसिलिटी को निशाना बना रहा है. उन्होंने भी बाद में ये ट्वीट डिलीट कर दिया गया. (आर्काइव लिंक)

पत्रकार सचिन गुप्ता ने भी वीडियो वर्तमान में इज़राइल द्वारा ईरान पर किये जा रहे हमले से जोड़कर ट्वीट किया. और बाद में ये ट्वीट डिलीट कर दिया गया. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

वायरल वीडियो के फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर ये वीडियो 2 अक्टूबर 2024 को भारत के सरकारी टीवी चैनल दूरदर्शन के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला. कैप्शन में बताया गया है कि ये ईरान द्वारा इज़राइल के नेगेव रेगिस्तान में नेवातिम एयरबेस को निशाना बनाए जाने का वीडियो है. इससे इतना तो साफ है कि ये वीडियो वर्तमान यानी जून 2025 में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष का नहीं, बल्कि पुराना है.

वियतनाम की सरकारी न्यूज़ आउटलेट Dantri ने अक्टूबर 2024 में पब्लिश्ड एक आर्टिकल में वायरल वीडियो को 1-2 अक्टूबर 2024 की रात की घटना बताई गई है जब ईरान ने इज़रायल पर बड़े पैमाने पर मिसाइल हमला किया था.

कुल मिलाकर, कई यूज़र्स ने ईरान द्वारा इज़राइल पर मिसाइल हमले का पुराना वीडियो, दोनों देशों के बीच चल रहे संघर्ष के वर्तमान फुटेज के रूप में शेयर किया.

मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान ये वीडियो भारत-पाकिस्तान से जोड़कर शेयर किया जा रहा था. ऑल्ट न्यूज़ ने इसका फ़ैक्ट-चेक किया था.

ग़लत
दावा:
ये वर्तमान में ईरान और इज़राइल के बीच चल रहे संघर्ष का वीडियो है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें