कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 135 सीट पर जीत हासिल कर राज्य में सरकार बनाने जा रही है. ऐसे में सोशल मीडिया पर एक मतदान केंद्र का वीडियो शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि ये 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव के चलते गुलबर्गा उत्तर निर्वाचन क्षेत्र में हुए मतदान का वीडियो है. दरअसल वीडियो में मतदान केंद्र में एक शख्स दूसरे लोगों के बदले वोट डाल रहा है. गौर करें कि गुलबर्गा उत्तर सीट पर कांग्रेस की कनीज़ फातिमा ने जीत हासिल की है. ऐसे में ये वीडियो उनकी जीत पर सवालिया निशान लगाते हुए शेयर किया जा रहा है. ट्विटर यूज़र हिमांशी मेहरा ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए दावा किया कि गुलबर्गा उत्तर, एक मुस्लिम बूथ है और वहां पर एक व्यक्ति ने 6000 फ़र्ज़ी वोट डाले हैं. साथ ही कांग्रेस की कनीज़ फातिमा को अयोग्य करार देने की मांग भी की जा रही है. (आर्काइव लिंक)

ट्विटर हैन्डल ‘@RSBHAT’ ने भी ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट किया है. (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ इस वीडियो की जांच मार्च 2022 में भी कर चुका है जब इसे 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव का बताया गया था. दरअसल उस वक़्त ये वीडियो शेयर करते हुए दावा किया गया था कि यूपी में भाजपा ने चुनाव में इस तरह से धांधली की और जीत हासिल की. ऑल्ट न्यूज़ की फ़ैक्ट-चेक रिपोर्ट आप यहां पर पढ़ सकते हैं.

वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ को 27 फ़रवरी 2022 की TV9 बांग्ला की वीडियो रिपोर्ट मिली. ये वीडियो 2022 में पश्चिम बंगाल में हुए नगरपालिका चुनाव का है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण दमदम नगर पालिका के वार्ड नंबर 33 में मतदान के दौरान वोटर्स को मतदान देने से रोका गया. और उनकी जगह एक शख्स खुद ही वोट का बटन दबा रहा था.

खबर 24×7 ने भी इस घटना को रिपोर्ट किया था. रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में दक्षिण दमदम के वार्ड 33 के बूथ 106 में चुनाव के दौरान गड़बड़ी की घटना सामने आयी थी. 27 फ़रवरी को भाजपा नेता अग्निमित्र पॉल ने ये वीडियो दक्षिण दमदम नगर पालिका का बताकर पोस्ट किया था.

BJP बंगाल ने भी ये वीडियो ट्वीट करते हुए TMC पर धांधली करने का आरोप लगाया था.

यानी, पश्चिम बंगाल में हुए नगरपालिका चुनाव का वीडियो 2023 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव में गुलबर्गा उत्तर सीट पर धांधली होने का आरोप लगाते हुए शेयर किया गया.

ग़लत
दावा:
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में गुलबर्गा उत्तर सीट पर एक शख्स ने डाले 6000 वोट

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें