कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र 10 मई 2023 को मतदान हुआ था. और चुनाव परिणाम 13 मई 2023 को जारी किया जाएगा. कर्नाटक विधानसभा चुनाव पर राजनीतिक पार्टियों के अलावा पूरे देशभर की नज़रे टिकी हुई है. ऐसे में एक वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर दावा चलाया जा रहा है कि राज्य में चुनाव के बाद भाजपा नेता की गाड़ी में से EVM मशीन पकड़े गए और इसपर स्थानीय लोगों ने हंगामा भी किया. ये वीडियो शेयर करते हुए यूज़र्स भाजपा पर चुनाव में धांधली करने का आरोप लगा रहे हैं.

गुजरात कांग्रेस के चेयरमैन हितेंद्र पीठाडिया ने भी ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट किया. आर्टिकल लिखे जाने तक इस वीडियो को 2 लाख 3 हज़ार से ज़्यादा बार देखा जा चुका है. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

सामाजिक कार्यकर्ता कमलेंद्र ने भी ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट किया और लिखा कि “चुनाव आयोग चोर नहीं चोरों का सरदार है”. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

गुजरात यूथ कांग्रेस ने भी ये वीडियो इसी दावे के साथ फ़ेसबुक पर पोस्ट किया. (आर्काइव लिंक)

 

BJP नेता के गाड़ी में EVM मशीन पकड़े जाने पर स्थानिय लोगों ने किया हंगामा!!
#CongressWinning150

Posted by Gujarat Youth Congress on Wednesday, 10 May 2023

ट्विटर और फ़ेसबुक पर और भी कई यूज़र्स ने ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ पोस्ट किया है.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल ट्वीट पर रिप्लाइ करते हुए कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विजयपुरा ज़िला के बसवन्ना बागेवाड़ी चुनाव क्षेत्र के मसाबीनल गांव में गांववालों ने अफसरों की गाड़ी रोकी थी जिसमें रिज़र्व्ड EVM थे. इन लोगों ने 2 कंट्रोल यूनिट्स, 2 बेलेट यूनिट्स और 3 VVPAT को नुकसान पहुंचाया था. वहीं सेक्टर अधिकारी से भी मारपीट की गई थी. साथ में बताया गया है कि इस मामले में 23 लोगों को गिरफ़्तार किया गया था.

ऑल्ट न्यूज़ ने आगे कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी का ट्विटर अकाउंट चेक किया. उन्होंने 10 मई 2023 को एक प्रेस नोट ट्वीट की. इस प्रेस नोट के मुताबिक, 10 मई 2023 को दोपहर साढ़े 12 बजे जब चुनाव अधिकारी गाड़ी (KA-28/Z-2305) में रिज़र्व्ड EVM और VVPAT मशीन लेकर बसवन्ना बागेवाड़ी स्ट्रांग रूम से मसाबीनल जा रहे थे तब 100-150 लोगों ने उनकी गाड़ी रोकी और अधिकारियों को गाड़ी से बाहर निकालकर उनपर हमला किया. साथ ही इन लोगों ने EVM और VVPAT मशीन को भी नुकसान पहुंचाया. घटना के बाद बसवन्ना बागेवाड़ी के DySP और TEM घटनास्थल पर 1 बजे के आस-पास पहुंचे और स्थिति को कंट्रोल करने की कोशिश की. बाद में एसपी भी वहां पहुंचे और लाठीचार्ज किया था. पुलिस ने कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की जिसमें 34 नामजद लोग भी शामिल हैं. और इनमें से पुलिस ने 24 लोगों को गिरफ़्तार किया था.

हिंदुस्तान टाइम्स और आउट्लुक की रिपोर्ट्स में बताया गया है कि स्थानीय लोगों ने ये हमला इस अफवाह के आधार पर किया था कि अधिकारी EVM और VVPAT मशीन बदल रहे हैं. साथ ही इन रिपोर्ट्स में इस घटना का संबंध किसी भी राजनीतिक पार्टी से होने की कोई बात नहीं बताई गई है.

कुल मिलाकर, कर्नाटक के विजयपुरा ज़िला के मसाबीनल गांव में कुछ स्थानीय लोगों ने सेक्टर अधिकारी की गाड़ी रोककर उनपर हमला किया और बेलेट और VVPAT मशीन को नुकसान पहुंचाया था. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर झूठे दावे के साथ शेयर किया गया कि भाजपा नेता गाड़ी में EVM बदल रहे हैं.

ग़लत
दावा:
कर्नाटक में भाजपा नेता ने गाड़ी में EVM की हेरफेर की

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें