लोक गायिका नेहा सिंह राठौर से जुड़ी एक गलत खबर एबीपी न्यूज़ के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चलाई गई थी. खबर में दावा किया गया कि नेहा सिंह राठौर से जुड़े हॉस्टल में सेक्स रैकेट पकड़ा गया और पुलिस ने छापा मारा. मामला सामने आने के बाद नेहा ने खबर पर आपत्ति जताई और चैनल पर उनकी छवि खराब करने का आरोप लगाया. विवाद बढ़ने के बाद एबीपी न्यूज़ ने खबर हटाई और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. लेकिन नेहा ने सवाल उठाया कि केवल माफी मांग लेने से उनकी प्रतिष्ठा और मानसिक परेशानी को हुए नुकसान की भरपाई कैसे होगी. वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी इस पूरे मामले पर स्वतः संज्ञान (suo motu cognizance) लेते हुए कार्रवाई की मांग की थी. इसकी जानकारी NCW ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए शेयर की थी. बहरहाल ऑल्ट न्यूज़ की ये रिपोर्ट पब्लिश होने तक इस पोस्ट को हटा दिया गया है.

खबर में क्या दिखाया गया था?

17 अक्टूबर 2026 को एबीपी न्यूज़ के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर “नेहा सिंह राठौर वाले हॉस्टल में सेक्स रैकेट? पुलिस ने मारा छापा!” टाइटल से खबर दिखाई गई. इसके साथ एक वीडियो भी था जिसमें पुलिस छापेमारी करती दिखाई दे रही थी. वीडियो के निचले हिस्से में नेहा सिंह राठौर की तस्वीर भी लगाई गई थी. हालांकि, अब ये वीडियो रिपोर्ट डिलीट हो चुकी है.

नेहा सिंह राठौर ने क्या कहा?

खबर सामने आने के बाद नेहा सिंह राठौर ने एक्स पर पोस्ट कर एबीपी न्यूज़ की आलोचना करते हुए कहा, “ये चैनल मुझे वेश्या और कॉल गर्ल बताना चाहता है. मैं सरकार से सवाल पूछूँगी तो ये बिके हुए चैनल मुझे इस तरह से अपमानित करने का प्रयास करेंगे.” नेहा सिंह ने पोस्ट में राष्ट्रीय महिला आयोग को भी टैग किया था.

इतना ही नहीं नेहा सिंह राठौर ने एबीपी नेटवर्क के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट रजनीश आहूजा को फोन कर इस मामले पर सवाल भी किए. इस पर रजनीश आहूजा जवाब देने से बचते नजर आए और फोन काट दिया. नेहा सिंह ने फोन पर हुई इस पूरी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Neha Singh Rathore (@nehafolksinger)

एबीपी न्यूज़ ने क्या किया?

विवाद बढ़ने के बाद एबीपी नेटवर्क ने 17 अक्टूबर को एबीपी न्यूज़ के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर सार्वजनिक माफी जारी की. एबीपी न्यूज़ ने पोस्ट पर लिखा, “स्पष्टीकरण एवं खेद : ABP नेटवर्क के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर से संबंधित एक ख़बर प्रसारित की गई, जो तथ्यों के आधार पर ग़लत पाई गई. इस त्रुटिपूर्ण प्रसारण के लिए हमें खेद है, हम इसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं.”

हालांकि, माफी में ये स्पष्ट नहीं किया गया कि खबर तैयार करने में गलती कहां हुई, नेहा का नाम और तस्वीर किस आधार पर इस्तेमाल किए गए और प्रकाशन से पहले तथ्यों की जांच किसने की थी.

माफी के बाद भी नेहा ने क्यों उठाए सवाल?

एबीपी न्यूज़ की माफी के बाद भी नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर किया और मामले के खत्म नहीं होने की बात कही. उन्होंने कहा, “माफ़ी मांगने से क्या होगा दलाल ABP न्यूज़? जो अफ़वाह उड़ा दिए हो वो ख़त्म हो जाएगी क्या? मैंने विरोध किया तो माफ़ी माँग रहे हो, जो बेटियाँ विरोध नहीं कर सकतीं उनको तो तुम आत्महत्या करने पर मजबूर कर दोगे? तुम्हारी बदमाशी से मेरी गरिमा को जो ठेस पहुँची है उसकी कोई माफ़ी नहीं है. कोर्ट में मिलते हैं.”

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Neha Singh Rathore (@nehafolksinger)

द वायर से बातचीत में नेहा ने कहा “माफी मांग लेने से कुछ नहीं होता. जो किया गया है, उसके स्क्रीनशॉट तो हमेशा ऑनलाइन रहेंगे, तो उसकी भरपाई कैसे होगी? और मैं जो मानसिक उत्पीड़न झेल रही हूं, क्या माफी से उसकी भरपाई हो पाएगी? नहीं हो पाएगी.”

आगे, रिपोर्ट में नेहा की ओर से बताया गया कि वो अपनी कानूनी टीम से बात कर रही हैं और एबीपी न्यूज़ के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करने की तैयारी में हैं.

नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया पर एक और वीडियो पोस्ट कर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से सवाल किया कि हमारी विचारधारा निश्चित रूप से अलग है. लेकिन क्या इस वजह से किसी एबीपी न्यूज़ को ये अधिकार मिल जाता है कि वो फ़र्ज़ी ख़बर चलाकर मुझे वेश्या कह दे? उन्होंने आरोप लगाया कि एबीपी न्यूज़ ने अपनी एक झूठी रिपोर्ट में मुझे कॉल गर्ल और प्रॉस्टिट्यूट कहा. साथ ही नेहा ने सवाल पूछा कि क्या ये देश महिलाओं के लिए और ज़्यादा असुरक्षित नहीं हो गया है? क्या न्यूज़ चैनलों पर मंत्रालय की कोई लगाम नहीं बची है?

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Neha Singh Rathore (@nehafolksinger)

राष्ट्रीय महिला आयोग पहले लिया संज्ञान, बाद में हटाया पोस्ट 

नेहा सिंह राठौर से जुड़ी गलत खबर के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी दखल दिया और आयोग (NCW) ने 19 अक्टूबर 2026 को एक्स पर पोस्ट शेयर कर बताया कि उन्होंने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया. NCW की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से संबंधित नियामक और स्व-नियामक संस्थाओं के जरिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा और साथ ही राष्ट्रीय महिला आयोग ने मंत्रालय से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट मांगी. इसके अलावा महिलाओं के खिलाफ लिंग आधारित चरित्र हनन और डिजिटल उत्पीड़न को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही. बाद में अचानक से राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस पोस्ट को प्लेटफॉर्म से हटा दिया.

क्या सिर्फ माफी मांगना काफी है?

एबीपी न्यूज़ ने अपनी खबर को गलत मानते हुए माफी मांग ली. लेकिन सवाल ये है कि ऐसी गलत खबर चलाने की ज़िम्मेदारी कौन लेगा? क्या सिर्फ माफी मांगने से किसी की छवि को हुए नुकसान की भरपाई हो सकती है? खबर चलाने से पहले तथ्यों की जांच क्यों नहीं की गई और इसके लिए ज़िम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होगी? पहले तो राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले में चैनल की रिपोर्टिंग पर सवाल उठाए थे. हालांकि, अचानक से NCW ने अपना पोस्ट प्लेटफॉर्म से हटा दिया. ऐसे में अब नए सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इसकि वजह क्या हो सकती है? और आयोग का अब इस मामले में कोई रुख सामने आएगा या नहीं?

अपडेट: आर्टिकल पब्लिश होने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग के सोशल मीडिया पर किये गए पोस्ट को हटाए जाने की बात बताई गई है.