सोशल मीडिया में एक लड़की की तस्वीर वायरल है जिसमें कथित भीड़ के बीच में एक लड़की खुली बटन वाली ब्लू जीन्स और ब्लैक क्रॉप-टॉप पहनी नज़र रही है. सोशल मीडिया यूज़र्स ये फोटो शेयर कर दावा कर रहे हैं कि ये तस्वीर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन का है.
एक्स-यूज़र विक्रम प्रताप सिंह ने फोटो शेयर कर लिखा, “विरोध प्रदर्शन या सॉफ्ट पोर्न? खुद फैसला करें. क्या आप अपने बच्चों को यहाँ भेजना चाहते हैं?”
बता दें एक्स-यूज़र विक्रम प्रताप सिंह ने यही तस्वीर दूसरी बार भी CJP के प्रदर्शन से जोड़कर शेयर की.
Protest or soft Porn ??? Decide yourself . Do you want to send your kids here ? pic.twitter.com/sbGqhwXlAf
— Vikram Pratap Singh (@VIKRAMPRATAPSIN) July 24, 2026
आचार्य अंकुर आर्य, एमोन मुखर्जी, अभिजीत सिंह राजपूत समेत कई एक्स-यूज़र्स ने भी यही दावा करते हुए कथित तस्वीर शेयर की.
फ़ैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल तस्वीर को ग़ौर से देखा और पाया कि तस्वीर में “Bellyjellies2.0” नाम का एक वाटरमार्क बना हुआ है. और तो और वायरल तस्वीर में पोस्टर पकड़े युवक के पीछे दिखाई दे रहा सिर असामान्य रूप से बड़ा और विकृत व आपस में जुड़ा हुआ दिख रहा है, वहीं तस्वीर में दिख रही लड़की के बाल भी अप्राकृतिक लग रहे हैं, जबकि ठीक युवती के पीछे तस्वीर में दिख रहा नीले रंग के साइन बोर्ड में अस्पष्ट वर्ड लिखे हैं. इन शब्दों का कोई अर्थ भी नहीं बनता है. वहीं भीड़ में मौजूद लोगों के जूते एक ही पैटर्न और काले-सफेद रंग के हैं. ऐसी त्रुटियां या विसंगतिया अक्सर AI जनरेटेड तस्वीरें और वीडियो में देखने को मिलती हैं.

आगे, हमने इसे AI डिटेक्शन टूल से चेक किया और पाया कि इस तस्वीर के AI-जनरेटेड होने की लगभग 85% संभावना बताई गई.

लेकिन AI डिटेक्शन टूल केवल सहायक संकेत देते हैं. इसलिए हमने जांच जारी रखते हुए “Bellyjellies2.0” वॉटरमार्क को गूगल पर सर्च किया. हमें ‘@Bellyjellies2.0’ यूज़र नेम से विशाल सोनी नाम का इंस्टग्राम प्रोफाइल मिला. इसके प्रोफाइल बायो में विशाल सोनी ने खुद को प्रीमियम रियलिस्टिक कंटेंट (इमेज) निर्माता बताया है. इस प्रोफाइल में हमें 23 जुलाई 2026 को वायरल तस्वीर का क्रॉप किया हुआ वर्ज़न मिला जिसमें क्रिएटर विशाल सोनी ने कैप्शन में स्पष्ट करते हुए लिखा कि इसका (तस्वीर का) किसी विरोध प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है, इसे मेरी एक रचना मात्र समझें.

इसके अलावा कमेंट बॉक्स में भी क्रिएटर विशाल सोनी ने बताया कि “मैं फिर से स्पष्ट कर दूं, इसे किसी भी विरोध प्रदर्शन से न जोड़ें, ये पूरी तरह से AI द्वारा बनाया गया कंटेन्ट है, चेहरा भी. मेरा हैंडल पूरी तरह से इसी विषय पर आधारित है, नफरत न फैलाएं. मैं व्यक्तिगत रूप से छात्रों की सभी जायज मांगों और सरकार द्वारा उनकी मांगों को महत्व देने के लिए उठाए गए हर कदम का समर्थन करता हूं.” इंस्टग्राम प्रोफाइल में ऐसे ही और भी कई AI जनरेटेड इमेजिज़ मौजूद हैं.
कुल मिलाकर, वायरल तस्वीर AI जनरेटेड है जिसे सोशल मीडिया क्रिएटर विशाल सोनी ने भी अपनी एक रचना बताया है और स्पष्ट किया है कि इसका किसी प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है, इसके बावजूद सोशल मीडिया पर यूज़र्स इसे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के हालिया प्रदर्शन की तस्वीर बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं.
नोट: ऑल्ट न्यूज़ किसी भी व्यक्ति के पहनावे को लेकर कोई कमेन्ट नहीं कर रहा है, हर किसी को अपनी स्वतंत्रता और इच्छा के अनुरूप कपड़े पहनने की आज़ादी है और ये किसी दूसरे व्यक्ति का विषय नहीं है.





