सोशल मीडिया पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसे शेयर करते हुए कई यूज़र्स और विपक्षी दल के आधिकारिक हैंडल यह दावा कर रहे हैं कि शिक्षा मंत्री ने विवादास्पद बयान देते हुए कहा है कि लड़कियों को शिक्षा की ज़रूरत नहीं है. ध्यान दें कि मिथिलेश तिवारी ने 9 मई 2026 को शिक्षा विभाग के मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला है.
मनीष आर जे नाम के यूज़र ने वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मिलिए, उनका कहना है कि लड़कियों को शिक्षा की आवश्यकता नहीं है और उन्हें घर पर ही रहना चाहिए. इस पोस्ट को कोट करते हुए आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सीसोदिया ने लिखा, “इसीलिए तो नफ़रत है मुझे बीजेपी से, बीजेपी मानती है कि लड़कियों को शिक्षा देना ग़लत है. यकीन ना हो तो इनके शिक्षा मंत्री का ये बयान सुन लीजिए.” (आर्काइव लिंक)
इसीलिए तो नफ़रत है मुझे बीजेपी से ….
बीजेपी मानती है कि लड़कियों को शिक्षा देना ग़लत है। यकीन ना हो तो इनके शिक्षा मंत्री का ये बयान सुन लीजिए।
सिर्फ लड़कियों की शिक्षा नहीं, बीजेपी की सोच दलितों को अच्छी शिक्षा के भी ख़िलाफ़ है। यहाँ तक कि ये हरेक बच्चे को अच्छी शिक्षा देने… https://t.co/h45c8jcFjM
— Manish Sisodia (@msisodia) May 11, 2026
कांग्रेस पार्टी के यूथ विंग IYC ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का कहना है कि बेटियों को शिक्षा की जरूरत ही क्या है? (आर्काइव लिंक)

आम आदमी पार्टी के इंस्टाग्राम हैन्डल से ये वीडियो पोस्ट करते हुए ऐसा ही दावा किया गया.
डॉ. लक्ष्मण यादव नाम के यूज़र ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी कह रहे हैं कि लड़कियों को पढ़ने की ज़रूरत नहीं है, उन्हें घर पर रहना चाहिए. और ये वही लोग हैं जो महिला सम्मान की बात करते हैं. जरा सोचिए, अगर शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले लोग ही ऐसा सोचेंगे, तो बच्चों और समाज का भविष्य क्या होगा?” (आर्काइव लिंक)
द लॉजिकल इंडियन ने भी ये वीडियो पोस्ट करते हुए कुछ इसी तरह का दावा किया.
इंडिया टीवी की ऐंकर रोमिता तिवारी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि देश में महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के सम्मान की बहुत बातें होती हैं. और बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी कह रहे हैं कि बेटियों को शिक्षा की क्या ज़रूरत है? (आर्काइव लिंक)
फ़ैक्ट-चेक
हमने वायरल वीडियो से संबंधित की-वर्ड्स को यूट्यूब पर सर्च किया. हमें इस मामले से जुड़ा विस्तृत रिपोर्ट 9 मई 2026 को News4Nation के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला. इसमें बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का वो मीडिया बाइट मौजूद है, जिसका एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल है.
इस पूरे मीडिया बाइट को देखने पर स्पष्ट हो जाता है कि वायरल हो रहा दावा पूरी तरह से गलत और भ्रामक है. वीडियो में असल बातचीत ‘शिक्षा’ (Education) के बारे में नहीं, बल्कि अभ्यर्थियों के ‘आंदोलन’ (Agitation) के बारे में हो रही थी. रिपोर्टर ने मंत्री से BPSC TRE 4 परीक्षा को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर सवाल पूछ रहा था. रिपोर्टर ने यह मुद्दा उठाया कि प्रदर्शन के दौरान महिला प्रदर्शनकारियों पर पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा बल प्रयोग किया गया. वीडियो में इस सवाल के जवाब में 3 मिनट 54 सेकेंड पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि “ज़रूरत क्या है AGITATION (आंदोलन) की, हमारे घर की बेटियां हमारी शक्ति है, हमारी समृद्धि का आधार है, और उन बेटियों को क्या ज़रूरत है सड़क पर आने की, जब नारी शक्ति वंदन के लिए मोदी जी खड़े हैं.” इस पर उनसे कहा गया- हक के लिए. मिथिलेश तिवारी कहते हैं, “आपको हक तो ऐसे ही मिल जाएगा…”
ऑल्ट न्यूज़ की जांच में यह साफ हो जाता है कि वायरल वीडियो में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने AGITATION (आंदोलन) शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे कई सोशल मीडिया यूजर्स ने EDUCATION (शिक्षा) समझ लिया. या जानबूझकर गलत तरीके से पेश करते हुए दावा किया कि मिथिलेश तिवारी कहा कि लड़कियों को शिक्षा की ज़रूरत नहीं है.
ऑल्ट न्यूज़ मिथिलेश तिवारी के इस विवादास्पद बयान का समर्थन नहीं करता है. महिला प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग के सवाल में ये जवाब अपने आप में प्रॉब्लैमटिक है कि लड़कियों को सड़क पर आकर आंदोलन की ज़रूरत नहीं है.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.





