BJP और पार्टी के लगभग सभी नेतागण पीएम मोदी का एक वीडियो शेयर कर रहे हैं जिसमें मोदी को कांग्रेस पर बरसते हुए देखा जा सकता है. ज़्यादातर नेता इसे शेयर करते हुए एक जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं. बीजेपी दिल्ली ने ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “अराजकता फैलाने वालों, कान खोलकर सुन लो…140 करोड़ भारतीय तुम्हारे नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होने देंगे.”
इस वीडियो में पीएम मोदी कहते हैं,
“सिरफिरे नेता, कांग्रेस के बेलगाम नेता, देश को तबाह करने पर तुले हुए हैं. अगर आपको प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना है पहले आपको जनता के दिल जीतने पड़ेंगे. महिलाओं, एमपीओं को भेज करके सीट पर कब्ज़ा करके आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते. और माताओं बहनों को इस प्रकार से आगे करने की क्या मजबूरी है आपकी? क्या इतने खोखले हो गए हो आपलोग?”
PM Modi on Fire 🔥 https://t.co/yDbuKRDgdG
— BJP Delhi (@BJP4Delhi) October 15, 2026
ये वीडियो ऐसे समय शेयर किया जा रहा है जब देश में SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं. और इन प्रदर्शनों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अहम भूमिका है.
शिवराज सिंह चौहान ने भी ये वीडियो पोस्ट करते हुए ऐसा ही लिखा.
अराजकता फैलाने वालों, कान खोलकर सुन लो…
140 करोड़ भारतीय तुम्हारे नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होने देंगे! https://t.co/4xL9FAcYTZ
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) October 15, 2026
इसके अलावा, दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता, बिहार सीएम सम्राट चौधरी, हरियाणा के सीएम नायाब सैनी, राज्यसभा सदस्य विनोद तवड़े, PC मोहन, संबित पात्रा , बीजेपी बिहार, बीजेपी उत्तरप्रदेश, बीजेपी मध्यप्रदेश, बीजेपी राजस्थान, मंजिन्दर सिंह सिरसा ने ये वीडियो कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शेयर किया.
फैक्ट-चेक
हमने इस वीडियो के एक फ़्रेम का रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें पीएम मोदी के यूट्यूब चैनल पर 22 फ़रवरी, 2026 को किया गया एक लाइव स्ट्रीम वीडियो मिला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी में मेरठ में एक विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए जनसभा को संबोधित किया था. ये बयान नीचे दिए गए वीडियो में 59 मिनट से शुरू होता है.
पीएम मोदी का यह बयान संसद में हुए उस घटनाक्रम के बाद आया था, जब विपक्ष की कुछ महिला सांसद हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर प्रधानमंत्री की कुर्सी के पास पहुंच गई थीं और वहां विरोध प्रदर्शन किया था. 4 फ़रवरी, 2026 को पीएम नरेंद्र मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देने वाले थे, लेकिन विपक्ष की महिला सांसदों के हंगामे की वजह से लोकसभा स्थगित कर दी गई. महिला सांसदों के हाथ में बैनर थे, जिन पर लिखा था- ‘जो सही है, वो करो’. बाद में मालूम चला कि जिन 6 महिला सांसदों ने प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंच कर विरोध दर्ज किया था वे सभी कांग्रेस की सांसद थीं.
इसीलिए पीएम मोदी ने मेरठ में कांग्रेस पर हमला करते हुए ऐसा कहा था. वीडियो को बीजेपी और इसके नेतागण बिना संदर्भ के शेयर कर रहे हैं.





