भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 1 सितंबर को कोलकाता में आनंदबाज़ार पत्रिका (ABP) के ऑफ़िस में हुई गुंडागर्दी से खुद को अलग कर लिया है. राज्य के प्रवक्ता देबजीत सरकार ने कहा कि इस घटना में BJP शामिल नहीं थी और “भगवा रंग पहनना कोई राजनीतिक पहचान नहीं हो सकती.” उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि वहां कौन-कौन गया था. भगवा रंग पहनना कोई राजनीतिक पहचान नहीं हो सकती. अगर किसी खास व्यक्ति की पहचान होती है, तो पार्टी उस पर टिप्पणी कर सकती है. हमारी पार्टी किसी भी जगह पर हमले का समर्थन नहीं करती है. हमें नहीं पता कि वहां कौन गया था, लेकिन हमारी पार्टी इसमें शामिल नहीं थी.”
1 सितंबर को भगवा कपड़े पहने लोगों ने नारे लगाए और कोलकाता में ABP ऑफ़िस की दीवारों को भगवा रंग से रंग दिया. ये घटना पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी द्वारा उस अख़बार से माफ़ी मांगने की मांग के कुछ दिनों बाद हुई, जिसमें 19 और 20 जुलाई को जादवपुर यूनिवर्सिटी में हुई हिंसा को “गेरुआ गुंडागर्दी” — या “भगवा गुंडागर्दी” — बताया गया था.
जब ऑल्ट न्यूज़ ने ABP ऑफ़िस पर हुए हमले के फ़ुटेज को ध्यान से देखा, तो हमने पाया कि समूह का नेतृत्व करने वाले तीन लोगों का सीधा संबंध BJP से था. एक व्यक्ति, प्रमोद दुबे, भीड़ को संबोधित करते हुए दिखे. वो BJP कार्यकर्ता हैं. दूसरे, सूरज वर्मा, जो एक और BJP कार्यकर्ता हैं, मुख्य गेट के बाईं ओर एक खंभे को रंगते हुए दिखे, और तीसरे व्यक्ति, रवि गुप्ता, जो भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) उत्तर हावड़ा 1 मंडल के अध्यक्ष हैं. ये तीनों उस समूह में शामिल थे.
नीचे दिए गए ग्राफ़िक्स देखें:

दुबे और वर्मा, दोनों के सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल पर इस बात के काफ़ी सबूत हैं कि वे सालों से बीजेपी के सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं. वर्मा ने 20 अगस्त को फ़ेसबुक पर जो फ़ोटो पोस्ट की थी, उसमें दुबे को टैग किया गया है.

प्रमोद दुबे: हावड़ा के बीजेपी कार्यकर्ता
1 सितंबर को प्रमोद दुबे को ABP ऑफिस के बाहर लोगों को संबोधित करते हुए देखा गया.
उनके फ़ेसबुक पेज पर संजय भाटिया, राकेश सिंह, कार्तिक महाराज, रुद्रनील घोष, कृष्णेंदु मुखर्जी और संजय सिंह सहित कई भाजपा सांसदों और विधायकों के साथ तस्वीरें हैं.
उनके फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई पोस्ट हैं, जिनमें वे BJP उत्तर हावड़ा के बैनर के सामने खड़े होकर जनता को संबोधित करते हुए कई तरह के राजनीतिक मुद्दों पर बात करते नज़र आते हैं.
ABP वाली घटना के बाद, दुबे ने एक वीडियो पोस्ट किया और कैप्शन लिखा, “आज हमने आनंदबाज़ार पत्रिका के ऑफ़िस को रंग दिया.”

उन्होंने एक और रील शेयर की, जिसमें ABP ऑफिस में हुई घटना के बारे में ऑल्ट न्यूज़ की जांच पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने ऑल्ट न्यूज़ के को-फ़ाउंडर मोहम्मद ज़ुबैर के लिए सांप्रदायिक अपशब्दों का इस्तेमाल किया. यहां भी उन्हें BJP नॉर्थ हावड़ा के बैनर के सामने बैठे हुए देखा जा सकता है.
ऑल्ट न्यूज़ को पता चला कि 2021 में BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के दौरान दुबे को गोली मारी गई थी. 23 जनवरी 2021 को BJP हावड़ा सदर के ऑफ़िशियल X अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया गया था, जिसमें दुबे को उनकी पार्टी का कार्यकर्ता बताया गया था.

सूरज वर्मा: हावड़ा के बीजेपी कार्यकर्ता
घटनास्थल पर पहचाने गए एक और व्यक्ति सूरज वर्मा हैं, जो अपने फ़ेसबुक बायो में खुद को हावड़ा का “बीजेपी युवा नेता” बताते हैं.

उन्हें ABP ऑफ़िस में एक खंभे पर भगवा रंग लगाते हुए देखा गया.
उन्होंने खुद ये वीडियो शेयर किया और कैप्शन में लिखा, “ABP ग्रुप ने जादवपुर यूनिवर्सिटी में ABVP के विरोध-प्रदर्शन पर अपनी दुखद ‘सैफ्रन टेरर’ (भगवा आतंकवाद) वाली हेडलाइन के लिए अब तक माफ़ी नहीं मांगी है. आज हमने ABP के ऑफ़िस की दीवारों को भगवा रंग से रंग दिया…”
सूरज वर्मा के सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल पर BJP नेताओं के साथ उनकी तस्वीरें भी हैं, जिनमें BJP सांसद संजय भाटिया और पश्चिम बंगाल के PWD मंत्री व कुल्टी के MLA डॉ. अजय कुमार पोद्दार के साथ उनकी तस्वीरें शामिल हैं. उनके इंस्टाग्राम टाइमलाइन पर ऐसी तस्वीरें भी हैं जिनमें उन्होंने ‘अंजनी पुत्र सेना’ (एक हिंदुत्ववादी संगठन) का जारी किया हुआ मेंबरशिप कार्ड पहना हुआ है.
रवि गुप्ता: BJYM हावड़ा नॉर्थ-1 प्रेसिडेंट
ऑल्ट न्यूज़ ने ABP ऑफ़िस में मौजूद ग्रुप में BJYM उत्तर हावड़ा मंडल 1 के प्रेसिडेंट रवि गुप्ता की भी पहचान की.

रवि गुप्ता ने 1 सितंबर को उस जगह से फ़ेसबुक पर लाइव होकर विरोध-प्रदर्शन और सूरज वर्मा द्वारा इमारत के खंभों को भगवा रंग से रंगने की घटना को रिकॉर्ड किया.
6 अगस्त को, बीजेपी हावड़ा सदर ने अपने ऑफ़िशियल फ़ेसबुक पेज पर ज़िले के BJYM पदाधिकारियों के नामों की एक सूची शेयर की. उत्तर हावड़ा 1 स्थानीय समिति के अध्यक्ष के तौर पर रवि गुप्ता का नाम शामिल है.

रवि गुप्ता के सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल पर बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ तस्वीरें हैं, जिनमें पश्चिम बंगाल के नेता सुवेंदु अधिकारी और हावड़ा उत्तर निर्वाचन क्षेत्र के विधायक उमेश राय शामिल हैं.
इन सभी सबूतों से ये पुष्टि होती है कि 1 सितंबर को कोलकाता में प्रफुल्ल सरकार स्ट्रीट स्थित आनंदबाज़ार पत्रिका के दफ़्तर पर हुई रेड का नेतृत्व बीजेपी कार्यकर्ताओं ने किया था.





