BJP सांसद निशिकांत दुबे का एक वीडियो वायरल हुआ है. इसमें उन्हें प्रदर्शनकारी छात्रों को कथित तौर पर धमकी देते हुए देखा जा सकता है. वायरल वीडियो में निशिकांत दुबे कहते हैं, “जो भी छात्र इस कॉकरोच जनता पार्टी के उकसावे में आकर सड़कों पर उतरेगा, उसका अंज़ाम बेहद खौफ़नाक होगा. हम ऐसा एक्शन लेंगे कि उनकी पुश्तें याद रखेंगी. सरकार ये पक्का करेगी कि उपद्रवी छात्रों का नाम हर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया जाए, ताकि जीवन में कभी भी इन्हें कोई सरकारी या प्राइवेट नौकरी न मिल सके. इनका पूरा करियर मिट्टी में मिला दिया जाएगा और बात यहीं खत्म नहीं होगी जिन मां-बाप ने अपने बच्चों को इन गुंडागर्दी में शामिल होने से नहीं रोका उन्हें भी बिना किसी वारेंट के घसीट कर जेल की सलाखों के पीछे डाल दिया जाएगा. इस अराजकता की कीमत अब पूरे परिवार को चुकाने पड़ेगी.”

cjp_south24parganas नामक इंस्टाग्राम हैन्डल ने ये वीडियो शेयर किया है और दावा किया है कि निशिकांत दुबे छात्रों को धमका रहे हैं. इस वीडियो को 1 मिलियन व्यूज़ मिल चुके हैं. (आर्काइव लिंक)

informaxprime और जहांगीर अंसारी नाम के डिजिटल क्रिएटर ने भी ये वीडियो शेयर किया और दावा किया कि सांसद ने खुलेआम छात्रों को धमकी दी.

This slideshow requires JavaScript.

जहांगीर अंसारी के वीडियो को फ़िल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर किया.

फैक्ट चेक

की-वर्डस सर्च करने से हमें निशिकांत दुबे का असली वीडियो मिला. 23 जुलाई, 2026 को IANS ने ये बयान पोस्ट किया है. जिसमें वो कहते हैं, “जंतर-मंतर आपका जगह नहीं है.  आपको  मेडिकल कॉलेज में जाना है आपको इंजीनियरिंग में जाना है, आपको आईएएस बनना है, आईपीएस बनना है, तो आप सभी को पढ़ाई के दरवाजे पर जाना होगा. 1975 में जो छात्र आंदोलन हुआ और जिन छात्रों ने आंदोलन की, उसमें से कोई भी आदमी, कोई भी व्यक्ति 2 साल तक न डॉक्टर बन पाया न इंजीनियर. और ऐसा सिचूऐशन हो गया कि वो नेता जो ज़रूर बन गया, कोई मुख्यमंत्री बन गया, कोई कैबिनेट मंत्री बन गया. लेकिन वो जो चाहते थे उसके मां-बाप कि वो डॉक्टर और इंजीनियर बने, वो डॉक्टर इंजीनियर नहीं बन पाए. उन सभों ने पढ़ाई छोड़ी. मेरा उन सभी से आग्रह होगा, सारे मां-पिताजी से आग्रह होगा कि अपने बच्चों को वो घर में बुलाएं और पढ़ाएं.”

इस वीडियो में कहीं भी उन्होंने छात्रों का करियर मिट्टी में मिला देने की बात नहीं की है और न ही किसी प्रकार की धमकी दी है.

निशिकांत दुबे ने खुद ये वीडियो कोट करते हुए लिखा है, “छात्रों को पढ़ाई करनी चाहिए । यह आंदोलन आपको आपकी शिक्षा पूरी नहीं करने देगा।”

इस वीडियो की तुलना वायरल वीडियो से करने पर पता चलता है कि इसी वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है. दोनों में पीछे संसद भवन और IANS का माइक दिख रहा है.

हिंदुस्तान टाइम्स ने भी X पर निशिकांत दुबे का ये बयान शेयर किया है. कुल मिलाकर, वायरल वीडियो फ़र्ज़ी है, निशिकांत दुबे ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों को धमकी नहीं दी है.