कुछ दिनों पहले उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महिला ने बीच सड़क पर एक कैब ड्राइवर की पिटाई की थी. घटना के बाद कैब ड्राइवर और महिला, दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाये. मामले की जांच अभी चल रही है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था. वीडियो के साथ यूज़र्स इस महिला को गिरफ़्तार करने की मांग कर रहे थे.

इस दौरान, सोशल मीडिया पर एक दूसरी घटना का वीडियो शेयर किया जाने लगा. इस वीडियो में साड़ी पहनी महिला एक व्यक्ति को डंडे से पीटते हुए दिख रही है. वीडियो में कुछ देर बाद वो आदमी भी महिला को मारते हुए दिखता है. इसके साथ शेयर किये जा रहे मेसेज में लिखा है कि हर व्यक्ति लखनऊ के कैब ड्राइवर जैसा नहीं होता. ट्विटर हैन्डल ‘@Tiwari_Sintu999’ ने ये वीडियो ट्वीट करते हुए यही दावा किया. आर्टिकल लिखे जाने तक इस वीडियो को 29 हज़ार से ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

ट्विटर हैन्डल ‘@saffronncloud’ ने भी इसी मेसेज के साथ ये वीडियो ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

फ़ेसबुक, ट्विटर पर ये वीडियो वायरल है.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल ट्वीट पर जवाब देते हुए ऑल्ट न्यूज़ के को-फ़ाउन्डर मोहम्मद ज़ुबैर ने दैनिक भास्कर की 24 अगस्त की न्यूज़पेपर क्लिप ट्वीट की. खबर के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के बालौदबाजार के सिमगा में भाजपा पार्षद ने अपने दोस्त की पत्नी को शारीरिक संबंध बनाने को कहा था. इसी के चलते महिला ने भाजपा पार्षद की पिटाई की थी.

नवभारत टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा पार्षद सूर्यकांत ताम्रकर ने अपने दोस्त की पत्नी को सेक्स का ऑफ़र दिया था. वायरल वीडियो में दिख रही घटना के कुछ हफ़्ते पहले सूर्यकांत अपने दोस्त के घर पहुंचा था. वहां उसने अपने दोस्त की पत्नी को शारीरिक संबंध बनाने को कहा था. इसके चलते महिला ने घर में ही भाजपा पार्षद की चप्पल से पिटाई कर दी थी. इस दौरान, महिला के पति ने उसे रोकने की कोशिश भी की. लेकिन महिला ने उसे भी खरी-खोटी सुना दी थी.

रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि इसके कुछ दिनों बाद फ़ोन पर मेसेज के ज़रिये सूर्यकांत ने महिला से फिर ऐसी ही बातें कहीं. इससे गुस्साई महिला सूर्यकांत की दुकान पर जा पहुंची. वहां उसने पार्षद और उसके दोस्त को डंडे से पीटना शुरू कर दिया था. इसके बाद, सूर्यकांत ने भी महिला को पीटा.

इस पूरे मामले की जानकारी सिमगा पुलिस को मिली. महिला ने भाजपा पार्षद सूर्यकांत ताम्रकर और उसके दोस्त के खिलाफ़ शिकायत दर्ज करवाई थी. पुलिस ने इस मामले में सूर्यकांत के दोस्त को गिरफ़्तार कर लिया. सूर्यकांत अभी भी फ़रार बताया जा रहा है.

पत्रिका, अमर उजाला, दैनिक भास्कर ने भी इस मामले में रिपोर्ट पब्लिश की थी.

इस मामले में ऑल्ट न्यूज़ ने सिमगा पुलिस स्टेशन के SHO से भी बात की. उन्होंने बताया भाजपा पार्षद सूर्यकांत ताम्रकर ने महिला से छेड़छाड़ कर उन्हें शारीरिक संबंध बनाने का ऑफ़र दिया था. इसी के चलते महिला ने पहले अपने घर में पार्षद की पिटाई की थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसके बाद महिला ने दोबारा दुकान पर जाकर भी पार्षद की पिटाई की. उस दौरान सूर्यकांत भी महिला को मारते हुए दिख रहा है. इस पूरे मामले में शिकायत दर्ज की जा चुकी है. पार्षद के दोस्त की गिरफ़्तारी भी की गई है लेकिन सूर्यकांत अभी भी फ़रार है. जल्दी उसकी गिरफ़्तारी भी हो जाएगी.”

इस तरह, ये पूरा मामला जाने बगैर सोशल मीडिया पर महिला द्वारा एक आदमी की पिटाई का वीडियो शेयर किया गया.


क्या उज्जैन में लगे ‘काज़ी साहब ज़िंदाबाद; के नारों को ‘पाकिस्तान ज़िंदाबाद’ समझा गया? देखिये

सत्य
दावा:
आदमियों ने महिला की पिटाई की.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से सटीक है और इसमें कोई प्रासंगिक संदर्भ नहीं छूटा है।

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें