BJP के अलग-अलग राज्य सोशल मीडिया हैन्डल्स और नेतागण एक वीडियो शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साध रहे हैं. इस वीडियो में एक सिख व्यक्ति पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के जल्ला गांव स्थित एक सरकारी स्कूल के शौचालयों की खराब स्थिति दिखाते हुए नज़र आता है. भाजपा नेताओं का दावा है कि फतेहगढ़ साहिब के इस स्कूल में छात्राओं के लिए बने शौचालयों की दयनीय स्थिति आम आदमी पार्टी के शिक्षा मॉडल की खामियों को उजागर कर रही है.

पंजाब भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक एक्स, फेसबुक और इंस्टग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “श्री फतेहगढ़ साहिब के इस स्कूल की हालत देखकर आपको मान सरकार की शिक्षा क्रांति की सच्चाई पता चल जाएगी. लड़कियों के लिए बने बाथरूम की हालत आम आदमी पार्टी के शिक्षा मॉडल की पोल खोल रही है”

भाजपा चंडीगढ़ के आधिकारिक एक्स, फेसबुक और इंस्टग्राम अकाउंट समेत भाजपा के राज्यसभा सदस्य और पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी और भाजपा कार्यकर्ता राखी शर्मा ने भी ऐसे ही दावों के साथ वीडियो शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

एक्स पर ख़ुद को पत्रकार बताने वाले संदीप फोगाट, राइटविंग इंफ्लुएंसर सुनील बिश्नोई, और एक्स-हैंडल @Desh_bhakati समेत कई एक्स यूज़रइंस्टग्राम यूजर्स भी वीडियो को हालिया बताते हुए शेयर कर रहे है. इन सभी का दावा है कि ये दृश्य पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार में सरकारी स्कूल के शौचालय का है.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

वायरल दावे की सत्यता जानने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें पूरा वीडियो 6 अगस्त 2018 को ‘दास हरजीत सिंह’ नामक एक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला. वीडियो में फतेहगढ़ साहिब के जल्ला गांव में स्थित एक सरकारी स्कूल व शौचालयों की स्थिति के बारे में दिखाया गया, जिसके कैप्शन में बताया गया कि यह वीडियो सर्व ह्यूमैनिटी सर्व गॉड सरबत दा भला चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा बनाया गया है. इससे स्पष्ट है कि वीडियो करीब 8 साल पुराना है.

ध्यान दें 2018 में पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी और अमरिंदर सिंह तत्कालीन मुख्यमंत्री थे. आम आदमी पार्टी ने मार्च 2022 से पंजाब में अपना कार्यकाल शुरू किया था.

आगे जांच में हमने पाया कि 18 अगस्त को शिक्षा, शहरी स्थानीय निकाय, सूचना एवं जनसंपर्क पंजाब मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अपने आधिकारिक एक्स-हैंडल से संदीप फोगाट के पोस्ट पर जवाब देते हुए वायरल वीडियो को पुराना बताया. उन्होंने कहा कि यह आज के सरकारी हाई स्कूल, गांव झल्ला (श्री फतेहगढ़ साहिब) की वास्तविकता को नहीं दर्शाता है.

उन्होंने एक वीडियो शेयर किया जिसमें स्कूल में स्मार्ट पैनल, कंप्यूटर लैब और साफ शौचालय और लड़कियों के शौचालय में सैनिटरी पैड डिस्पोजल मशीन और पानी की व्यवस्था दिख रही है. 

कुल मिलाकर, वायरल वीडियो फतेहगढ़ साहिब के जल्ला गांव स्थित सरकारी स्कूल का तो है लेकिन ये हालिया दृश्य नहीं दिखाता. 2018 के जिस वीडियो को भाजपा और उसके नेताओं ने आम आदमी पार्टी के कार्यकाल का बताया वो दरअसल, कांग्रेस के कार्यकाल का है.

ग़लत
दावा:
लड़कियों के लिए बने शौचालयों की दयनीय स्थिति आम आदमी पार्टी के शिक्षा मॉडल की खामियों को उजागर कर रही

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें