NEET UG 2026 की दोबारा आयोजित परीक्षा (Re-exam) के परिणाम 16 जुलाई को घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर कुछ वीडियोज़ शेयर किए गए. इन वीडियोज़ को हालिया NEET 2026 के सफल अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की कहानी बताते हुए भाजपा ने निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था का उदाहरण बताया.

हालांकि, ऑल्ट न्यूज़ की जांच में पता चला कि इनमें इस्तेमाल किए गए कई वीडियोज़ पुराने हैं और उनका 21 जून 2026 को आयोजित Re-exam या उसके परिणामों से कोई संबंध नहीं है.

दरअसल 3 मई 2026 को NEET UG 2026 आयोजित हुई परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी NTA ने 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की थी. हालांकि, नीट पेपर लीक और गड़बड़ियों की घटनाओं से परेशान कई छात्र आत्महत्या जैसे घटनाओं को लेकर भाजपा सदस्य व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के मुद्दे पर जून में शुरू हुए जंतर मंतर का प्रदर्शन धीरे धीरे एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन में तब्दील हो गया. देश भर में हो रहे विरोध प्रदर्शन में आम नागरिक समेत विपक्षी पार्टी भी भाजपा से सवाल कर घेरती और जवाबदेही की मांग करते नज़र आने लगी है.

पहला वीडियो 

22 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने आधिकारिक एक्स, फ़ेसबुक, इंस्टग्राम और यूट्यूब सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एक वीडियो शेयर किया. कथित वीडियो में दो क्लिप्स हैं, जिनमें दो माएं अपने-अपने बेटे के साथ दिख रही रही हैं. वीडियो पर लिखा हुआ है, “NEET 2026” व “जब परीक्षा निष्पक्ष होती है, तो हर सपना उड़ान भरता है”. भाजपा इस वीडियो को NEET UG 2026 के Re-exam के परिणाम आने के बाद सफल अभ्यर्थियों की कहानी बताते हुए लिखा, “इन सफल छात्रों ने साबित कर दिया कि जब परीक्षा निष्पक्ष हो, तो मेहनत और प्रतिभा ही सफलता का आधार बनती है. पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था का संकल्प NEET UG 2026 के परिणामों में साफ दिखता है, देखिए, इस छोटी जीत के बाद परिवार का मूड.”

बीजेपी मध्यप्रदेश, बीजेपी चंडीगढ़, बीजेपी राजस्थान, बीजेपी अरुणाचल प्रदेश समेत भाजपा की कई राज्य इकाइयों ने भी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इन्हीं दावों के साथ ये वीडियो पोस्ट किया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ को वायरल वीडियो के बारे में संदेह हुआ जिसके बाद हमने वीडियो में से पहले क्लिप के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. इस वीडियो के दो क्लिप्स पुराने निकले.

पहली क्लिप हमें Physics Wallah (PW) के इंस्टग्राम पेज पर 16 नवंबर 2024 को अपलोडेड मिला. इसमें Physics Wallah (जो JEE, NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली संस्था है) के संस्थापक अलख पांडे पश्चिम बंगाल के 21 वर्षीय मजदूर सरफराज द्वारा 2024 में NEET परीक्षा में 720 में से 677 अंक प्राप्त करने के पीछे सरफराज की कहानी और उसके रोजमर्रा की संघर्षों को शेयर करते दिखे.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Physics Wallah (PW) (@physicswallah)

इस पूरे घटना पर Times Now news ने नवंबर 2024 में एक रिपोर्ट भी पब्लिश की थी. रिपोर्ट के अनुसार, कड़ी मेहनत की और 2024 में NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर कोलकाता के नील रतन सरकार मेडिकल कॉलेज में प्रवेश प्राप्त करने के बारे में बताया. और साथ ही बताया कि सरफराज ने टूटी हुई स्क्रीन वाले फोन से NEET की तैयारी करते थे. इससे स्पष्ट होता है कि वीडियो हालिया 2026 NEET के अभ्यर्थी या उसके कहानी का नहीं है.

 

इसी प्रकार हमने बीजेपी के वीडियो में दिख रहे दूसरे क्लिप के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ये वीडियो एक्स-हैंडल @simpletrusttn पर 26 अगस्त 2024 को पोस्ट किया मिला. कैप्शन में लिखा है, ज़िले के इस छोटे भाई का चयन मदुरै मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा की पढ़ाई के लिए हो गया है, इस उपलब्धि पर माँ की अपार खुशी का ठिकाना नहीं रहा.”

जांच के दौरान हमें इस घटना पर तमिलनाडु न्यूज़ kalaignarseithigal की एक रिपोर्ट मिली. इसमें वायरल वीडियो के स्क्रीनग्रैब का इस्तेमाल किया गया है और बताया गया है कि तमिलनाडु के शिवगंगा ज़िले में चकोट्टई के पास कमलाई नामक एक गांव में पेरियासामी और विजया अपने 17 वर्षीय बेटे नागराज के साथ रहते हैं. माता-पिता दोनों दिहाड़ी मजदूर हैं जबकि बेटा नागराज दिव्यांग है.

रिपोर्ट में बताया कि NEET परीक्षा में मिलने वाले दिव्यांगों के लिए 3% आरक्षण के तहत नागराज को मदुरै सरकारी मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा की पढ़ाई के लिए प्रवेश मिल गया. इससे ये स्पष्ट होता है कि वीडियो में मौजूद ये क्लिप 2024 से इंटरनेट पर मौजूद है और 2026 NEET अभ्यर्थी का नहीं है.

दूसरा वीडियो 

22 जुलाई को ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आधिकारिक एक्स, फेसबुक, इंस्टग्राम और यूट्यूब सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ये वीडियो शेयर किया जिसमें एक व्यक्ति पान ठेले के आगे खड़े होकर उस ठेले वाले के बेटे की तारीफ करते हुए नीट एग्जाम में 681 स्कोर लाने और देश के बड़े मेडिकल कॉलेज में आसानी से प्रवेश लेने की बाते कर रहा है. वीडियो के ऊपर “NEET में 681/720 यही युवा बनाएगा विकसित भारत” लिखा है.

भाजपा ने इस वीडियो को भी हालिया NEET 2026 के सफल अभ्यर्थी की कहानी बताते हुए लिखा, “अभावों को अवसर में बदलने वाली यह प्रतिभा ही विकसित भारत की असली ताकत है. एक पान विक्रेता के बेटे का NEET UG 2026 में सफलता हासिल करना यह बताता है कि नया भारत रुकने वाला नहीं है ऐसे ही संघर्षशील और होनहार युवा हमारे संकल्पों को हकीकत बनाएंगे, यही हैं भारत का उज्ज्वल भविष्य.”

बीजेपी मध्यप्रदेश, बीजेपी चंडीगढ़, बीजेपी राजस्थान, बीजेपी उत्तर-प्रदेश, बीजेपी हरियाणा समेत भाजपा के अलग-अलग राज्य के आधिकारिक एक्स, फेसबुक, इंस्टग्राम सभी सोशल मीडिया हैंडल्स ने ऐसी दावों से वीडियो शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल वीडियो की हकीकत जानने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही वीडियो PW(Physics Wallah) Vidyapeeth NEET के यूट्यूब चैनल पर “पान वाले का बेटा बनेगा डॉक्टर” टाइटल के साथ 6 मई 2026 को अपलोडेड मिला जिसमें वीडियो के ऊपर “Expected Score In Neet 2026 681/720” लिखा है.

आगे, जांच में हमें यही वीडियो PW(Physics Wallah) Vidyapeeth Uttar Pradesh के इंस्टाग्राम पेज पर भी 6 मई 2026 को अपलोडेड मिला. इसके अलावा, इसी इंस्टाग्राम के पेज पर 5 मई 2026 को इन्हीं लोगों का एक और वीडियो मिला जिसमें बताया गया कि इस अभ्यर्थी का नाम विनीत मोदी है जिसने NEET 2026 के एग्जाम (3 मई) दिया है जिसके 720 में से 681 स्कोर आने का अनुमान लगाया जा रहा था. और वीडियो में विनीत के जीवन और मेहनत के बारे में बताया गया.

जैसा कि हमने पहले ही बताया कि 3 मई 2026 को NEET UG 2026 आयोजित हुई परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी NTA ने 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित किया गया. यानी अभ्यर्थी विनीत मोदी का वीडियो उस समय बनाया गया था, जब 3 मई की परीक्षा के आधार पर 681 अंक आने का अनुमान लगाया गया था. बाद में वही परीक्षा रद्द कर दी गई और Re-exam आयोजित हुआ, इसलिए ये वीडियो दोबारा परीक्षा (Re-exam) के परिणाम के बाद का नहीं हो सकता और न ही इसका 16 जुलाई के आए परिणाम से कोई संबंध है.

कुल मिलाकर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आधिकारिक राष्ट्रीय और कई राज्य इकाइयों के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा शेयर किए गए दोनों वीडियो में इस्तेमाल 3 क्लिप्स NEET UG 2026 की 21 जून को हुई दोबारा परीक्षा (Re-exam) या 16 जुलाई को घोषित उसके परिणामों से संबंधित नहीं हैं. ऑल्ट न्यूज़ ने जांच में पाया कि पहले वीडियो के दोनों क्लिप 2024 के हैं, जबकि दूसरे वीडियो को 3 मई 2026 की मूल परीक्षा के बाद संभावित (Expected) अंकों के आधार पर बनाया गया था. यानी, भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा पुराने वीडियोज़ को NEET UG 2026 दोबारा परीक्षा (Re-exam) के परिणामों से जोड़कर भ्रामक संदर्भ से शेयर किया गया.

ग़लत
दावा:
NEET UG 2026 Re-exam रिज़ल्ट के बाद खुश छात्र

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें