सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म्स जैसे कि फ़ेसबुक और ट्विटर पर एक वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है. वीडियो में कुछ लोग खड़े हैं और उनके पास मुस्लिम धर्म से जुड़ा शख्स जो शायद मौलवी है, कलमे पढ़ रहे हैं. ये वीडियो शेयर करते हुए यूज़र्स कह रहे हैं कि तेलंगाना में कलेक्टर ऑफ़िस के उद्घाटन में कलमे पढ़े गए. ट्विटर यूज़र ‘हम लोग We The People’ ने ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट किया. यूज़र ने ट्वीट में लिखा कि “क्या तेलंगाना भारत का पहला इस्लामिक राज्य बन गया है??” आर्टिकल लिखे जाने तक इस ट्वीट को 23 हज़ार से ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

एक और ट्विटर यूज़र ने भी ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट किया. (आर्काइव लिंक)

ऐसे ही दावे के साथ ये वीडियो फ़ेसबुक और ट्विटर पर काफी शेयर किया गया है.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

वीडियो के बारे में जानकारी जुटाने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने की-वर्ड्स सर्च किया. हमें ‘T News Telugu’ की 4 जून 2023 की वीडियो रिपोर्ट मिली. इसका टाइटल है: “सीएम केसीआर ने कलेक्टर निर्मल को सम्मानित किया, केसीआर ने निर्मल एकीकृत समाहरणालय का उद्घाटन किया”. 6 मिनट की इस वीडियो रिपोर्ट में 1 मिनट 38 सेकंड के बाद वायरल वीडियो के दृश्य दिखते हैं. वीडियो में दिख रहा है कि मौलवी कलमा पढ़ रहे हैं. इसी वीडियो रिपोर्ट में 2 मिनट 52 सेकंड के बाद पादरी प्रार्थना करते हुए नज़र आए.

ऑल्ट न्यूज़ ने इस वीडियो में कई फ़्रेम्स में पूजारी भी देखे जिसे हमने आगे की तस्वीरों में लाल रंग के एरो से पॉइंट आउट किया है.

This slideshow requires JavaScript.

आगे, जांच करने पर ऑल्ट न्यूज़ को तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय का एक यूट्यूब वीडियो मिला. तकरीबन 39 मिनट का ये वीडियो भी तेलंगाना के मुख्यमंत्री द्वारा निर्मल ज़िले के एकीकृत समाहरणालय का उद्घाटन का है. इस वीडियो में 9 मिनट 53 सेकंड के बाद मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव और साथ में कुछ पूजारी भी दिखते हैं. वहीं निर्मल ज़िले के कलेक्टर क्रांति वरुण रेड्डी भी दिखते हैं.

इस वीडियो रिपोर्ट में 10 मिनट 33 सेकंड के बाद पूजारी आरती करते हैं. इसमें 13 मिनट 34 सेकंड तक हिन्दू रीति रिवाज़ के साथ पूजा होती है. बाद में 13 मिनट 49 सेकंड पर कलेक्टर वरुण रेड्डी कुर्सी पर बैठते हैं और और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव उनका अभिवादन करते हैं. इस वीडियो में 15 मिनट 22 सेकंड के बाद वायरल वीडियो के जैसे ही मौलवी कलमा पढ़ते हैं और 16 मिनट 38 सेकंड पर पादरी प्रार्थना करते हैं.

ऑल्ट न्यूज़ को निर्मल ज़िले के कलेक्टर का 4 जून का एक ट्वीट भी मिला. उन्होंने उद्घाटन समारोह की तस्वीरें ट्वीट की थी. इनमें से कुछ तस्वीरों में वो हिन्दू पूजारी के साथ भी दिखते हैं.

यानी, सोशल मीडिया पर तेलंगाना के निर्मल ज़िले के एकीकृत समाहरणालय के उद्घाटन का वीडियो शेयर करते हुए भ्रामक दावा किया गया कि समारोह में मौलवी ने कलमा पढ़ा था. जबकि असल में इस उद्घाटन समारोह में सभी धर्मों के हिसाब से पूजा की गई थी.

भ्रामक
दावा:
तेलंगाना में कलेक्टर ऑफ़िस के उद्घाटन समारोह में मौलवी ने कलमे पढ़े

The content presents facts in a misleading way or omits crucial context.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें