पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का परिणाम 4 मई को घोषित हुआ. भारतीय जनता पार्टी ने 207 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत से जीत हासिल की, वहीं सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की सीटें घटकर मात्र 80 रह गईं. चुनावी नतीजों के बाद राज्य के कई हिस्सों से हिंसा, आगजनी और राजनीतिक दफ्तरों में तोड़फोड़ की खबरें सामने आईं.
इसी बीच सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम से जोड़कर एक वीडियो वायरल है. इसमें कुछ दुकानों में भीषण आग लगी हुई दिखाई दे रही है, कुछ लोग पास की दुकानों से सामान बाहर निकालते नज़र आ रहे हैं. वीडियो में भीड़ जमा है और दमकल की गाड़ी के साथ दमकलकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. वीडियो में दिख रहा है कि एक दुकान के छप्पर में तृणमूल कांग्रेस का झंडा भी लगा हुआ है. इस वीडियो को शेयर करते हुए कई यूज़र्स दावा कर रहे हैं कि यह पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हुई हिंसा और तोड़फोड़ का दृश्य है.
कांग्रेस नेता श्रीनिवास बी वी ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए, चुनाव में भाजपा की बम्पर जीत पर तंज कसते हुए कहा कि अंततः बंगाल में अच्छे दिन आ ही गए. (आर्काइव लिंक)

तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आज़ाद ने इस वीडियो के साथ एक पोस्ट में लिखा कि अमित शाह के गुंडे पश्चिम बंगाल में दंगे, आगजनी, लूट और चोरी में शामिल हैं. गोदी मीडिया भाजपा की धोखाधड़ी की जीत की तारीफ में जुटी है. (आर्काइव लिंक)

मोहम्मद आसिफ अब्बास नाम के यूज़र ने वायरल वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल में अबतक जितने भी गुंडे, बदमाश, आतंकवादी और बलात्कारी ममता बनर्जी के ख़ौफ़ से बिल में दुबक कर बैठे थे, वे सभी बाहर निकल आए हैं क्योंकि उन के सरबराह की सरकार बन गई है. (आर्काइव लिंक)
पश्चिम बंगाल में अब तक जितने भी गुंडे, बदमाश, आतंकवादी और बलात्कारी ‘ममता बनर्जी’ के ख़ौफ़ से बिल में दुबक कर बैठे थे… वो सभी बिल से बाहर निकल आए हैं…
क्योंकि उन के सरबराह की सरकार बन गई है ! pic.twitter.com/Koz5LijXC4
— mohd Asif Abbas (@MOHDASIFABBAS3) May 4, 2026
कवीश अज़ीज़ नाम की यूज़र ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यह मणिपुर नहीं, बल्कि बंगाल है. (आर्काइव लिंक)

मीडिया आउटलेट Brut India ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वायरल वीडियो को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हुई हिंसा और तोड़फोड़ से जोड़कर शेयर किया. Brut India के इस रिपोर्ट को यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी अपने वीडियो में इस्तेमाल किया.

फ़ैक्ट-चेक
हमने वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ये वीडियो SK Biky नाम के एक फ़ेसबुक यूजर द्वारा 25 अप्रैल को अपलोड मिला. चूंकि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे 4 मई को घोषित किए गए थे, इसलिए 25 अप्रैल 2026 को अपलोड किया गया वीडियो किसी भी तरह से चुनाव परिणाम के बाद की हिंसा से संबंधित नहीं हो सकता.

हमने इस वीडियो का लोकेशन और सही तारीख ढूंढने की कोशिश की लेकिन अभी तक सिर्फ इतना मालूम चला है कि ये 25 अप्रैल से ऑनलाइन मौजूद है. ध्यान दें बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण का मतदान हुआ था और ये वीडियो उससे भी पहले का है.
कुल मिलाकर, वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह भ्रामक और गलत है. ये वीडियो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों के बाद हुई किसी हिंसा का नहीं है, बल्कि चुनाव नतीजों से पहले और दूसरे चरण के मतदान से भी पहले का है.





