एक ग्राफ़िक सोशल मीडिया पर वायरल है. ये ग्राफ़िक न्यूज चैनल ‘आज तक’ के शो ‘देश का मिजाज’ जिसमें कथित तौर पर राहुल गांधी को 52 फीसदी और नरेंद्र मोदी को 46 फीसदी पॉपुलर बताया गया है. दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी की लोकप्रियता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बढ़ी है.

दिल्ली कांग्रेस ने ये ग्राफ़िक शेयर करते हुए लिखा, “देश का मिजाज बदल रहा है, जुमलेबाजों को अब जनता ने सबक सिखाने का मन बना लिया है”. (आर्काइव लिंक)

‘त्रिपुरा प्रदेश यूथ कांग्रेस’ के ट्विटर हैंडल से भी ये ग्राफ़िक शेयर करते हुए लिखा गया, “भारत जोड़ो यात्रा धीरे-धीरे इस देश से बीजेपी का सफाया कर देगी.” (आर्काइव लिंक)

दिल्ली कांग्रेस से जुड़े पंकज प्रह्लाद सिंह ने भी ये ग्राफ़िक शेयर किया.

फ़ैक्ट-चेक

हमने देखा कि आज तक के शो वाले वायरल ग्राफ़िक में नीचे राहुल गांधी के बयान का एक टिकर दिख रहा है जिसमें लिखा है, “ओडिशा का रिमोट कंट्रोल भ्रष्ट चौकीदार के पास”.

राहुल गांधी के इस बयान से जुड़े की-वर्ड्स सर्च करने पर हमें 25 जनवरी 2019 की आज तक की एक रिपोर्ट मिली. राहुल गांधी ने ओडिशा के भुवनेश्वर में रैली को संबोधित करते हुए ये बयान दिया था. इससे इतना तो साफ है कि आजतक का ये टीवी शो 25 जनवरी 2019 के आस-पास का है.

ट्विटर पर डेट फ़िल्टर के साथ की-वर्ड्स सर्च करने पर हमें इस प्रोग्राम का एक वीडियो मिला जिसे आजतक के ऑफिशियल हैंडल से 25 जनवरी 2019 को ट्वीट किया गया था.

इस प्रोग्राम में एक सर्वे के हवाले से दावा किया गया था कि प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता 46 प्रतिशत थी, जबकि राहुल गांधी की लोकप्रियता 34 प्रतिशत थी. हमने देखा के वायरल ग्राफ़िक में नरेंद्र मोदी का ज़िक्र होने वाले इस फ्रेम का इस्तेमाल किया गया था जिससे इसका टाइमफ़्रेम (17:59) भी मेल खाता है. लेकिन इस संदर्भ में राहुल गांधी का ज़िक्र होने वाला फ्रेम (34%) का इस्तेमाल वायरल ग्राफ़िक में नहीं किया गया है.

आगे इस प्रोग्राम में विपक्षी नेताओं में नरेंद्र मोदी के विकल्पों में से राहुल गांधी सबसे लोकप्रिय थे. इसमें उनकी लोकप्रियता 52 प्रतिशत थी जो कि विपक्षी नेताओं में सबसे ज़्यादा थी. इस संदर्भ में राहुल गांधी का ज़िक्र होने वाला फ़्रेम ग्राफ़िक में मौजूद है. इसका टाइमफ़ेम (18:01) भी वायरल ग्राफ़िक से मेल खाता है.

आज तक ने वायरल ग्राफ़िक को फ़र्ज़ी बताते हुए एक ट्वीट किया. इसके बाद कांग्रेस के सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा कि वायरल ग्राफ़िक का उन्होंने संज्ञान लिया और दिल्ली कांग्रेस के ऑफ़िशियल हैंडल से वो ट्वीट डिलीट कर दिया गया. (आर्काइव लिंक)

कुल मिलाकर, कांग्रेस पार्टी ने आज तक के 2019 के शो में दो अलग-अलग संदर्भ में नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी की लोकप्रियता के प्रतिशत को जोड़कर भ्रामक दावा किया कि हाल में राहुल गांधी की लोकप्रियता नरेंद्र मोदी से बढ़ी है.

ग़लत
दावा:
राहुल गांधी की लोकप्रियता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बढ़ी है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें