पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खानम के इन्टरव्यू का एक वीडियो वायरल है जिसके बारे में दावा किया जा रहा है कि स्काई न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान आर्मी चीफ आसिम मुनीर ने अपनी इस्लामिक पहचान को मज़बूत करने के लिए मई 2025 में भारत के साथ संघर्ष करवाया, इसके साथ ही अलीमा खान के हवाले से कहा जा रहा है कि पहलगाम में हिंदुओं को चुन-चुनकर निशाना बनाना आसिम मुनीर की योजना का हिस्सा था. वीडियो में अलीमा खानम कथित रूप से कहती है कि जब भी इमरान खान सत्ता में आते हैं, तो वो हमेशा भारत और बीजेपी के साथ भी दोस्ताना संबंध बनाने की कोशिश करते हैं. लेकिन कट्टरपंथी आसिम मुनिर जब सत्ता में आता है तो आप देखेंगे कि भारत के साथ जंग होती है.

अक्सर गलत जानकारी फैलाते हुए पाए जाने वाले अकाउंट ‘@RealBababanaras‘ ने ये वीडियो शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया. इसी प्रकार, मेजर समीर पाल जैसे कई यूज़र्स ने भी वायरल वीडियो इसी दावे के साथ शेयर किया.

कई मेनस्ट्रीम मीडिया आउटलेट्स ने इस वायरल वीडियो के आधार पर खबरें चलाईं जिसमें दावा किया गया कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खानम ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर को एक कट्टरपंथी और इस्लामिक रूढ़िवादी बताया है जो भारत के साथ पूरी तरह से युद्ध चाहता है. इसमें इंडिया टुडे, हिंदुस्तान टाइम्स, एबीपी न्यूज़, आज तक, दैनिक भास्कर, न्यूज़18, ज़ी न्यूज़ आदि शामिल हैं.

This slideshow requires JavaScript.

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने इंडिया टुडे का इस वायरल वीडियो के बारे में पब्लिश एक आर्टिकल शेयर किया. उन्होंने पोस्ट में इमरान खान के परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें सत्ता की बहुत चाहत है, इसीलिए वो परेशान हैं और भारतीय मीडिया की शरण ले रहे हैं. उन्होंने इमरान खान की बहन को नसीहत देते हुए कहा कि पाकिस्तान की पॉलिटिकल लड़ाई पाकिस्तान में लड़ें, दुश्मन की गोद में बैठकर वतन से दुश्मनी न करें.

फ़ैक्ट-चेक

इस वायरल वीडियो से जुड़े की-वर्ड्स सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर स्काई न्यूज़ की 3 दिसंबर 2025 की एक पोस्ट मिली. इस पोस्ट में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खानम का स्काई न्यूज़ की प्रेजेंटर याल्दा हकीम को दिए गए इंटरव्यू का एक हिस्सा था. ये वीडियो देखने पर वायरल वीडियो और स्काई न्यूज़ द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो के ऑडियो में अंतर साफ पता चलता है. इसके अलावा, इसमें वायरल वीडियो में किए गए कोई भी दावे नहीं हैं.

ज़्यादा जानकारी के लिए, हमने स्काई न्यूज़ की वेबसाइट पर अलीमा खानम के इंटरव्यू का लंबा हिस्सा देखा. इस वीडियो में भी वायरल वीडियो में किए गए कोई भी दावे नहीं हैं. पूरा एपिसोड यहां मौजूद है. इससे साफ है कि असल वीडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसे एडिट किया गया है जिसमें आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कर ऑडियो अलग से जोड़ा गया है और डीपफेक की मदद से ऑडियो को लिपसिंक किया गया है.

इसके अलावा, हमें स्काई न्यूज़ की वेबसाइट पर एक रिपोर्ट मिली जो वायरल वीडियो का खंडन करती है. इसमें कहा गया है कि वायरल वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डीपफेक का इस्तेमाल करके बनाया गया था. इस रिपोर्ट में, स्काई न्यूज़ की प्रेजेंटर याल्दा हकीम ने कहा कि ये बहुत परेशान करने वाला था क्योंकि इसे न सिर्फ इस वीडियो को हजारों बार शेयर किया गया बल्कि सबकॉन्टीनेंट के मेनस्ट्रीम मीडिया ने भी इसे चलाया और पाकिस्तान के रक्षा मंत्री भी इसपर प्रतिक्रिया दे रहे थे.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूज़र को कोट करते हुए, स्काई न्यूज़ की प्रेजेंटर याल्दा हकीम ने लिखा कि इमरान खान की बहन अलीमा खान के साथ उनके इंटरव्यू का एक डीपफेक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है. इसमें झूठा दावा किया गया है कि उन्होंने इस साल की शुरुआत में हुए पाकिस्तान-भारत युद्ध पर चर्चा की थी. उन्होंने ऐसा नहीं किया था, वायरल क्लिप पूरी तरह से फर्जी है.

कई यूज़र्स ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन अलीमा खानम का स्काई न्यूज़ की प्रेजेंटर याल्दा हकीम को दिया गया इन्टरव्यू का डीपफेक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर को एक कट्टरपंथी और इस्लामिक रूढ़िवादी बताया और कहा कि आसिम मुनीर ने अपनी इस्लामिक पहचान को मज़बूत करने के लिए मई 2025 में भारत के साथ संघर्ष करवाया. मेनस्ट्रीम मीडिया ने इसे सच मानकर इसके आधार पर रिपोर्ट पब्लिश किया.

ग़लत
दावा:
इमरान खान की बहन अलीमा खानम ने आसिम मुनीर को इस्लामिक कट्टरपंथी कहा

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें