पश्चिम बंगाल से जोड़कर सोशल मीडिया पर शेयर किये जा रहे एक वीडियो में सुरक्षाकर्मी कुछ युवकों को घसीटते और उनके साथ जबरदस्ती करते नज़र आ रहे हैं. यूज़र्स वीडियो को हालिया पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कार्रवाई बताते हुए शेयर कर रहे हैं. साथ ही पश्चिम बंगाल में ‘हिंदू राज’ की स्थापना का दावा भी कर रहे हैं.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 का मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होने हैं, जिसके नतीजे 4 मई, 2026 को आयेंगे.
@HinduAsociation नामक राइट विंग एक्स-हैंडल ने इसे शेयर करते हुए लिखा, “बंगाल में CRPF की एंट्री से माहौल बदल गया, गुंडो को जमीन फाड़कर निकाला जा रहा है अब बातचीत नहीं सीधा तगड़ा एक्शन शुरू, बंगाल में मियां का राज नहीं सिर्फ हिंदू राज चलेगा.”
बंगाल में CRPF की एंट्री से माहौल बदल गया
गुंडो को जमीन फाड़कर निकाला जा रहा है
अब बातचीत नहीं सीधा तगड़ा एक्शन शुरू
बंगाल में मियां राज नहीं सिर्फ हिंदू राज चलेगा 🔥✊ pic.twitter.com/mIzgLZ8Sei
— The Hindu Association (@HinduAsociation) April 7, 2026
राइट विंग एक्स-यूज़र अरुण यादव कोसली, प्रभाकर सिँह परिहार, सुभाष बाजपेयी, कविता समेत कई एक्स यूज़र्स ने ये वीडियो ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया.
फ़ेसबुक पर भी वीडियो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के संदर्भ से वायरल है.
फैक्ट-चेक
हमने जब वायरल वीडियो की सत्यता जांचने के लिए इसके की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया, तो हमें ये बांग्लादेश के डेमरा स्थित संस्था NEWS 21 BANGLA TV के फ़ेसबुक पेज पर अपलोडेड मिला. इसे संस्था का NEWS 21 DIGITAL के फ़ेसबुक पेज पर इसे अपलोड किया गया है. दोनों जगह इसे 11 जनवरी 2026 को पोस्ट किया गया था. कैप्शन में लिखा है कि हादी की हत्या के विरोध में पंचगढ़ में सड़कों को अवरुद्ध किए जाने पर सेना कार्रवाई में जुट जाती है. यानी, ये वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं है.
News Now Bangla नामक बांग्लादेशी फ़ेसबुक पेज पर इसी घटना का एक दूसरा वीडियो भी 11 जनवरी 2026 को अपलोडेड मिला. यहां भी इसे पंचगढ़ कि घटना बताया गया है. साथ ही लिखा है कि सेना ने उस्मान हादी की हत्या के लिए न्याय की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया जिसमें 26 लोग घायल हो गए.
जांच के दौरान हमें बांग्लादेशी मीडिया संस्था dailylokaloy.com की 11 जनवरी 2026 को प्रकाशित एक और रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना पर पंचगढ़ भेदभाव विरोधी छात्र आंदोलन के समन्वयक फज़ले रब्बी ने कहा, “हम उस्मान हादी के हत्यारों की गिरफ्तारी और मुकदमे की मांग को लेकर पूर्व नियोजित विरोध प्रदर्शन कर रहे थे. हमने कार्यक्रम समाप्त करने की घोषणा कर दी थी, लेकिन अचानक, सेना के जवानों ने हम पर हमला किया और लाठीचार्ज किया. इस दौरान हमारे 20-25 लोग घायल हो गए, मुझे समेत 23 लोगों को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हम इस घटना के लिए उचित न्याय चाहते हैं.”

आगे रिपोर्ट में पंचगढ़ सेना शिविर के कमांडर मेजर अदनान मोर्शेद अल हक ने कहा, “चूंकि पंचगढ़-ढाका राष्ट्रीय राजमार्ग लंबे समय तक अवरुद्ध रहा, इसलिए हमारे सदस्यों ने प्रदर्शनकारियों को राजमार्ग से हटाने की कोशिश की और उनसे सड़क के एक तरफ हटने और यातायात को सामान्य करने के लिए कहा.”
गौर करें कि बांग्लादेश ढाका के प्रमुख युवा नेता शरीफ उस्मान हादी को 12 दिसंबर 2025 को दो अज्ञात बाइक सवार ने गोली मारकर हत्या करने के प्रयास किया गया था और सिंगापुर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. जिसके बाद से बांग्लादेश के कई जगहों में हत्या को लेकर हिंसक विरोध प्रदर्शन भड़क उठा गया था.
कुल मिलाकर, वायरल वीडियो असल में 2 महीना पुराना बांग्लादेश के पंचगढ़-ढाका का है. जहां शरीफ उस्मान हादी की हत्या को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को सेना द्वारा हटाया जा रहा था. लेकिन सोशल मीडिया यूज़र्स इसे हालिया पश्चिम बंगाल चुनाव से जोड़कर झूठा दावा कर रहे हैं.
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.
बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.




