सोशल मीडिया पर यात्रियों से खचाखच भरी ट्रेन का एक वीडियो वायरल है. इसमें ट्रेन के भीतर ऊपर वाली सीट में बैठे एक शख्स को अचानक मिर्गी जैसे दौरे पड़ते दिखाई दे रहे हैं, वहीं पास में बैठे अन्य यात्री उस शख्स को पानी पिलाने और उसके सिर पर पानी डालकर होश में लाने का प्रयास कर रहे होते हैं. वायरल वीडियो के ऊपर ये संदेश लिखा है, “परीक्षा के दिन मची अफरातफरी के बीच ट्रेन के अंदर एक उम्मीदवार की मौत; पाटलिपुत्र स्टेशन पर सैकड़ों लोगों ने ट्रैक जाम किया. ट्रेन में देरी के कारण पाटलिपुत्र स्टेशन पर ज़बरदस्त विरोध-प्रदर्शन”.

कांग्रेस और उसके कार्यकर्ता समेत कई सोशल मीडिया यूज़र्स दावा कर रहे हैं कि बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए जा रहे परीक्षार्थी की पाटलिपुत्र ट्रेन के अंदर दम घुटने से की मौत हो गई.

दरअसल, बिहार सिपाही भर्ती परीक्षा दो पालियों (14 जून और 17 जून) में आयोजित होनी थी. रिपोर्ट के अनुसार 13 जून को बड़ी संख्या में परीक्षार्थी पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पहुँचे थे, जहां ट्रेन की देरी को लेकर नाराज़ अभ्यर्थियों ने विरोध-प्रदर्शन नारेबाज़ी की और रेलवे ट्रैक को भी जाम कर दिया. साथ ही उपद्रवी तत्वों द्वारा ट्रेन में तोड़फोड़ और पथराव भी किया गया, जिसके बाद जान-माल की सुरक्षा और रेलवे संचालन बहाल करने के लिए पुलिस ने जरूरी कार्रवाई की.

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और कार्यकारी समिति की सदस्य सुप्रिया श्रीनेत ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “निशब्द हूँ ट्रेन की एक भरी बोगी में इस देश के एक युवा ने तड़प तड़प के दम तोड़ दिया.”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल, राव नरेंद्र सिंह, श्रीनिवास भद्रावती वेंकट समेत कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल जैसे incindia, Indian Youth Congress, बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट INC Bihar, Bihar Youth Congress, मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस का आधिकारिक फ़ेसबुक पेज, सभी ने बिहार में परीक्षार्थियों की स्थिति बताते हुए ऐसे ही दावों के साथ वायरल वीडियो को शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

 

फ़ेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी ये वीडियो बिहार पुलिस परीक्षा के उम्मीदवार की पटना स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन के बीच भीड़भाड़ वाली ट्रेन में मौत की घटना बताकर खूब शेयर किया जा रहा है.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक 

ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि कांग्रेस के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किए गए वायरल वीडियो के नीचे कमेंट बॉक्स में मुबारक हुसैन नामक इंस्टाग्राम यूज़र ने कमेंट कर वायरल वीडियो को बनाने और पोस्ट करने का दावा किया था.

हमने जब मुबारक हुसैन के इंस्टाग्राम अकाउंट को खंगाला तो हमें यही वीडियो 13 जून 2026 को अपलोड किया हुआ मिला. इसके कैप्शन में हैशटैग विवेक एक्सप्रेस के साथ लिखा था, “एक आदिवासी भाई को ट्रेन में ड्रग्स इंजेक्शन न मिलने की वजह से मौत हो गई.”

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Mubarok Hussain (@__mubarok_2.0)

ऑल्ट न्यूज़ ने मुबारक हुसैन से संपर्क किया. असम के निवासी मुबारक हुसैन ने वायरल दावे को खारिज किया. उसने हमें बताया कि वह 10  जून को असम के गुवाहाटी से केरल के लिए विवेक एक्सप्रेस (22504) में चढ़ा. उसने बताया, “सफर के अगले दिन वायरल वीडियो में दिख रहा शख्स और उसके कुछ दोस्त भी साथ में बैठे थे. कुछ देर बाद श्रीकाकुलम स्टेशन से पहले उसको मिर्गी जैसे दौरे आने और ब्लडप्रेशर कम होने लगा था. मरने जैसी हालात हो गई थी जिसका मैंने वीडियो बनाया था. हमने मुबारक से उस वीडियो का मेटा डेटा मांगा. नीचे वीडियो में मुबारक हुसैन द्वारा बनाये गए वीडियो की लोकेशन, दिन और समय दिख रहा है. मेटाडेटा में वीडियो की लोकेशन श्रीकाकुलम, दिन 11 जून 2026 और समय शाम 6:31pm दिखाई दे रहा है.

 

यानी, ये तो स्पष्ट है कि वीडियो बिहार के किसी भी रेलवे स्टेशन का नहीं है और न ही ये 13 जून को बिहार सिपाही भर्ती के परीक्षार्थी का हो सकता है.

पाठक ध्यान दें कि विवेक एक्सप्रेस (22504) असम राज्य के डिब्रूगढ़ से शुरू होकर 4 दिन का सफ़र तय कर तमिलनाडु राज्य के कन्याकुमारी तक चलती है. इस पूरी यात्रा के दौरान बिहार में सिर्फ एक ही स्टेशन किशनगंज से यह ट्रेन रुक कर गुजरती है. यह पटना या पाटलिपुत्र स्टेशन नहीं जाती है.

इसके अलावा, जब हमने मुबारक हुसैन से वीडियो में दिख रहे शख्स की मौत के बारे में सवाल पूछा तो उसने बताया कि वह शख्स और उसके दोस्त नशे के आदी थे. “हम दो दिन ट्रेन में थे हम सुबह उठकर नाश्ता करते थे वो लोग नशा करते थे. दौरे आने से पहले वो शराब या नशे की दवाई अपने दोस्तों से मांग रहा था फिर अचानक उसे दौरे आने लगे. उसे नीचे लेटाया गया, उसका मरने जैसा हालात हो गया था. फिर 5 मिनट बाद उस शख्स को होश आया. वह उठकर फिर से शराब और ड्रग्स की मांग करने लगा. वो खुद को मारने और ट्रेन से बाहर जाने की कोशिश कर रहा था.” मुबारक ने हमें बताया कि इस मौके का वीडियो मुबारक के दोस्त आशिकुल इस्लाम ने बनाया और इंस्टाग्राम पर “ड्रग्स न मिलने के कारण सुसाइड कर रहा था” लिखकर पोस्ट भी किया.

इस वीडियो का भी मेटाडेटा मुबारक ने हमारे साथ शेयर किया जिसमें वीडियो की लोकेशन आंध्रप्रदेश, दिन 11 जून 2026 और समय शाम 6;49pm दिखाई दे रहा है. ध्यान दें पहले वीडियो का समय 6 बजकर 31 मिनट था जिसमें उसकी मरने जैसी हालत हो गई थी. ये वीडियो उस घटना के बाद का है जब उस शख्स को होश आया.

आगे मुबारक हुसैन ने बताया कि उसके पास मौजूद एक और वीडियो में वो शख्स दिख रहा है. मुबारक ने इस वीडियो का मेटाडेटा भी हमारे साथ शेयर किया. वीडियो के मेटाडेटा के अनुसार, लोकेशन विजियानाग्राम आंध्रप्रदेश, दिन 11 जून 2026 और समय शाम 8;15pm है. यानी, दूसरा वीडियो मुबारक हुसैन द्वारा रिकॉर्ड किए गए पहले वीडियो से करीब दो घंटे बाद का है जिसमें वो शख्स ज़िंदा नज़र आ रहा है.

मुबारक ने बताया कि वो शख्स ठीक हो गया था और ज़िंदा ही था. उसने कहा, रात में उनके सोने के बाद वह शख्स और उसके दोस्त शायद विजयवाड़ा जंक्शन पर ट्रेन से नीचे उतर गए थे.” मुबारक हुसैन ने यह भी बताया कि उस शख्स के दोस्त ने बैंगलोर में सिक्योरटी गार्ड के रूप काम करने की बात कही थी. हमने मुबारक से पूछा कि अगर वो शख्स ज़िंदा था फिर उसने क्यूं अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में ये लिखा कि ट्रेन में ड्रग्स इंजेक्शन न मिलने की वजह से उसकी मौत हो गई. मुबारक ने बताया कि ऐसा उसने ज़्यादा व्यूज़ पाने की वजह से किया था.

ऑल्ट न्यूज़ ने उस शख्स की पूरी जानकारी के संबंध में और उसकी वर्तमान स्थिति को जानने के लिए मुबारक हुसैन से उसके दोस्त का नंबर लेकर उससे संपर्क करने की कोशिश की. लेकिन इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक तक संपर्क नहीं हो पाया है, जैसे ही हमें कोई नई जानकारी मिलेगी, इस रिपोर्ट को अपडेट कर दिया जाएगा.

वीडियो के वायरल होने के बाद पूर्वी मध्य रेलवे का आधिकारिक ट्विटर हैंडल East Central Railway ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पोस्ट को कोट्स करते हुए दावे का खंडन किया और लिखा, “उक्त घटना पाटलिपुत्र स्टेशन की नहीं है. यह भी स्पष्टतया बताना है कि किसी भी व्यक्ति की मृत्यु से संबंधित कोई भी सूचना किसी भी स्रोत से नहीं है. कृपया ऐसे किसी भी अफवाह / भ्रम को न फैलाएं.”

कुल मिलाकर, वायरल वीडियो 11 जून 2026 का है, जब आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम स्टेशन के पास एक शख्स की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी. इस वीडियो का बिहार पुलिस की भर्ती परीक्षा या पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुए विरोध-प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं है. वायरल वीडियो को बिना जांच-पड़ताल किए कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं, कार्यकर्ताओं और सोशल मीडिया यूज़र्स द्वारा इसे शेयर किया गया और झूठा दावा किया गया कि बिहार के परीक्षार्थी की ट्रेन के अंदर दम घुटने से हुई मौत हो गई.