सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, जिसमें कथित जश्न के दौरान पटाखों के तेज़ आवाज़ से बंदर का एक झुंड परेशान होते हुए दिख रहा है. यूज़र्स इस वीडियो को असली घटना बताकर शेयर कर रहे हैं और लिख रहे हैं कि यह दीवाली के जश्न के उस भयावह पहलू को दिखाता है, जिसका असर बेजुबान जानवरों पर पड़ता है.

The CrossCurrent नामक इंस्टाग्राम पेज ने वीडियो को 9 नवंबर 2026 को शेयर करते हुए लिखा, “यह दिल दहला देने वाला फुटेज हमारे शोर-शराबे वाले जश्न का एक छिपा हुआ पहलू दिखाता है, एक डरा-सहमा बंदर का बच्चा, जिसे उसके माता-पिता ने कसकर पकड़ रखा है. वे पटाखों के कान फोड़ देने वाले शोर से बचने के लिए बेताब हैं. हम तो जश्न मनाते हैं, लेकिन शहरों में रहने वाले जंगली जानवर इस दौरान बुरी तरह दहशत में होते हैं.”

आर्टिकल लिखे जाने तक इस वीडियो को 20 लाख से ज़्यादा लोगों ने देखा और 90 हज़ार से ज़्यादा लोगों ने लाइक किया है.

इंस्टाग्राम हैंडल @unquote_in, @bharatnewsinfo समेत कई फेसबुक पेज और यूट्यूब चैनल भी इस वीडियो को इन्हीं दावों के साथ शेयर किया है.

This slideshow requires JavaScript.

इंस्टाग्राम हैंडल @unquote_in के वीडियो को एक्टर भूमि पेडनेकर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर करते हुए लिखा, “मैं प्रार्थना करती हूं कि सद्बुद्धि आए. हमारे बचपन की तरह, फुलझड़ी, अनार, चकरी जलाओ,शगुन के लिए थोड़ा बहुत कर लो, लेकिन इस साल हमने जो किया है वह बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है.”

एक्स-यूज़र अखिलेश हिन्दुस्तानी (@byakhileshyadav), सिंपू सिंह (@Simpu_SinghIND), समेत कई यूज़र ने भी ऐसे ही दावे के साथ वीडियो शेयर किया.

This slideshow requires JavaScript.

अखिलेश हिन्दुस्तानी द्वारा शेयर किए गए वीडियो को द वायर की पत्रकार आरफ़ा ख़ानम शेरवानी ने भी रीपोस्ट किया और लिखा, “Broke my heart!”. इसी तरह एक और यूज़र द्वारा शेयर किये गए इस वीडियो को अभिनेत्री ऋचा चड्डा ने भी रिशेयर किया.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने गौर किया कि वायरल वीडियो के साथ किये गए दावे में ये जानकारी नहीं है कि ये घटना कहां की है. इसके अलावा, वीडियो में दोनों बंदरों के हाथों और शरीर के बीच ओवरलैपिंग तथा अंगों की बनावट में कुछ अस्वाभाविकता दिखाई देती है. साथ ही वीडियो में दिख रही टूटी कुर्सी और प्लास्टिक पाइप की बनावट में भी असामान्यताएं हैं. ऐसी त्रुटियां या विसंगतिया अक्सर हमें AI जनरेटेड तस्वीरों और वीडियो में देखने को मिलती हैं.

आगे, हमने इसे AI डिटेक्शन टूल से चेक किया, जहाँ हमें वीडियो के AI-जनरेटेड होने की 99% संभावना बताई गई.

इसके बाद हमने वायरल वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही वीडियो 1 नवंबर 2026 को Love.nature.48 नाम के फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज पर अपलोड किया हुआ मिला. इस पेज पर इस वीडियो को AI कंटेंट के रूप में चिह्नित किया गया है.

इसके अलावा, Love.nature.48 सोशल मीडिया पेज को खंगाला. हमें ऐसे कई जानवरों के AI जनरेटेड वीडियोज़ इस पेज पर अपलोड किये हुए मिलें.

कुल मिलाकर, पटाखों के शोर से परेशान बंदरों का बताकर शेयर किया जा रहा वीडियो AI-जनरेटेड है. यह वीडियो 1 नवंबर 2026 को Love.nature.48 नाम के सोशल मीडिया पेज पर AI कंटेंट के रूप में अपलोड किया गया था. जिसे यूज़र और सोशल मीडिया पेज द्वारा दीवाली के दौरान हुई किसी वास्तविक घटना का वीडियो बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर कर रहे हैं.

ग़लत
दावा:
दिवाली के पटाखों के शोर से परेशान बंदरों का वीडियो वायरल

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें