पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को सामने आए. कुल 294 सीटों में भाजपा को 207, टीएमसी 80, कांग्रेस 2, आम जनता उन्नयन पार्टी 2, माकपा और ऑल इंडिया सेक्युलर फ्रंट को 1-1 सीट मिलीं. इसी बीच भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य में टीएमसी के कई कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी के साथ कई नेताओं पर हमला किया गया.

इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक जलते हुए घर के सामने अफरा तफरी मची है. सोशल मीडिया यूज़र्स वीडियो शेयर करते हुए दावा कर रहे हैं कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी के घर और टीएमसी कार्यालय में आग लगा दी.

रोशनी सेन नामक एक इंस्टाग्राम यूज़र ने वीडियो को ब्रेकिंग न्यूज़ बताते हुए लिखा, “सीआरपीएफ के कथित समर्थन से, भाजपा कार्यकर्ताओं से जुड़े व्यक्तियों ने ममता बनर्जी के घर और टीएमसी कार्यालय में आग लगा दी, ममता बनर्जी पर हमले की भी खबरें हैं.”

 

View this post on Instagram

 

A post shared by @roshini_sen02

@ProudIndianNav नामक एक्स हैंडल और एक्स-यूज़र दिव्या यादव ने भी ऐसा ही दावा करते हुए वायरल वीडियो के साथ-साथ दो और अलग वीडियो क्लिप शेयर किये.

This slideshow requires JavaScript.

The Live Tv न्यूज़ ने जल उठा बंगाल, हालात बेकाबू कहते हुए एक वीडियो रिपोर्ट में इसे हालिया चुनाव के नतीजे के बाद बंगाल की स्थिति बताते हुए दिखाया. The Live Tv न्यूज़ कि ये रिपोर्ट यूट्यूब चैनल, फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज पर शेयर की गई.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल वीडियो के कुछ की-फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यह वीडियो 16 जनवरी 2026 को ‘न्यूज़ 9 लाइव‘ और ‘न्यूज़-X‘ समेत कई अलग-अलग न्यूज़ चैनल की रिपोर्ट में मिला. इसके साथ कथित रूप से बताया गया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा के बीच सिलहट में एक हिंदू स्कूल शिक्षक के घर पर हिंसक हमला हुआ. शिक्षक के घर में आग लगा दी गई, जिसके बाद उनके परिवार को भागने पर मजबूर होना पड़ा.

ऑल्ट न्यूज़ ने बांग्लादेश के इस घटना का पूरा सच जानने के लिए जांच किया तो हमें ‘सिलहट टुडे‘ की एक ग्राउंड रिपोर्ट मिली. इस रिपोर्ट के मुताबिक, सिलहट के गोवाईघाट उपज़िला में 15 जनवरी 2026 को दिवंगत स्कूल शिक्षक बीरेंद्र देव (झुन्नू मास्टर) के घर में भीषण आग लग गई. आगे रिपोर्ट में बताया कि बीरेंद्र देव के चार बेटे इसी घर में रहते थे, उनके सबसे बड़े बेटे, बिकाश देव, स्थानीय स्कूल में शिक्षक भी हैं. आग लगने के कारण के बारे में उन्होंने बताया, “गौशाला (पुआल) में लगी शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी. गौशाला बैठक कक्ष से सटी हुई थी. आग देखते ही देखते बैठक कक्ष में फैल गई.”

ANI की एक रिपोर्ट में घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद, पुलिस सब-इंस्पेक्टर दीदार ने एएनआई को फोन पर बताया कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी.

बांग्लादेश स्थित फैक्ट-चेकिंग संस्था ‘द डिसेंट‘ ने इस पूरे घटना को घर के मालिक स्वर्गीय बीरेंद्र कुमार देव के बेटे बिकाश देव, कुछ पड़ोसियों और स्थानीय प्रशासन से बात की और बताया कि आगजनी या सांप्रदायिक हमले का कोई सबूत नहीं मिला. आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट था. बिकाश देव ने खुद भी किसी के खिलाफ कोई शक या शिकायत दर्ज नहीं कराई. बल्कि उनका भी मानना ​​है कि यह घटना एक हादसा थी.

 

जांच के दौरान हमने पाया कि बांग्लादेश के Chief Adviser’s Press Wing Facts ने आधिकारिक रूप से NDTV world, CNN-News 18, Republic World, News X, India Today Global समेत कई भारतीय मीडिया आउटलेट्स के हिंदू शिक्षक के घर में आग लगाने वाले सांप्रदायिक दावे को गलत बताया.

বাংলাদেশের সিলেটের গোয়াইনঘাট উপজেলার বাসিন্দা বীরেন্দ্র কুমার দেব (ঝুনু মাস্টার) নামের এক হিন্দু ধর্মবলম্বী শিক্ষকের…

Posted by CA Press Wing Facts on Wednesday 21 January 2026

 

यानी, वायरल वीडियो बांग्लादेश की एक घटना का है. इसका हालिया पश्चिम बंगाल के नतीजे से कोई लेना-देना नहीं है.

वायरल वीडियो के साथ शेयर अन्य दो क्लिप में पहला वीडियो 4 मई 2026 को चुनाव परिणाम के दौरान जमुरिया स्थित TMC पार्टी कार्यालय में आगजनी का है, जिसे मीडिया ने भी रिपोर्ट किया है.

दूसरा वीडियो ANI एक्स-हैंडल पर 4 मई 2026 को नतीजे वाले दिन शेयर किया गया था. कैप्शन में बताया कि पश्चिम बंगाल कूच बिहार के दिन्हाटा में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई, केंद्रीय बलों के जवानों ने लाठीचार्ज किया.

इसके अलावा, ममता बनर्जी के घर पर आग लगाने की घटना के बारे में सर्च करने पर ऐसी कोई विश्वसनीय न्यूज़ रिपोर्ट या जानकारी नहीं मिली.

कुल मिलाकर, बांग्लादेश में हुई 4 महीने पहले की घटना का वीडियो हालिया पश्चिम बंगाल चुनाव से जोड़ते हुए सोशल मीडिया पर शेयर किया गया. ये दावा भी ग़लत है कि बंगाल चुनाव के परिणाम आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी के घर में आग लगा दी.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

Tagged: