सोशल मीडिया पर केरला के चर्च से 7 हज़ार करोड़ रुपये मिलने का दावा पिछले काफी समय से वायरल है. हाल ही में एक ट्विटर यूज़र ने एक तस्वीर ट्वीट की जिसमें टेबल पर नोटों के बंडल देखे जा सकते हैं. और दावा किया कि केरल के एक चर्च से 7 हज़ार करोड़ रुपये बरामद किये गए. (ट्वीट का आर्काइव वर्ज़न)

एक और ट्विटर हैन्डल ‘@gypsy_nilima’ ने भी ये तस्वीर ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट की. (आर्काइव लिंक)

साल 2021 में भी ये तस्वीर इसी दावे के साथ काफी शेयर की गई थी. 9 मई 2021 को ट्विटर यूज़र ‘सुभाष पाण्डेय T.A.B.’ ने ये दावा ट्वीट किया है. आर्टिकल लिखे जाने तक इस ट्वीट को करीब 3 हज़ार बार रीट्वीट किया जा चुका है. (आर्काइव लिंक)

पिंकी सिंह नामक ट्विटर यूज़र ने भी ये दावा ट्वीट किया है. (आर्काइव लिंक)

फ़ेसबुक यूज़र विद्यार्थी शिवम ने भी ये दावा पोस्ट किया है.

फ़ेसबुक और ट्विटर पर ये दावा वायरल है.

फ़ैक्ट-चेक

की-वर्ड्स सर्च करने पर हमें इस छापेमारी की कुछ मीडिया रिपोर्ट्स मिलीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, केरला में तिरुवला के बिलीवर्स चर्च में 5 नवंबर 2020 को छापेमारी की गई थी. 6 नवंबर 2020 की द हिन्दू की रिपोर्ट के मुताबिक, ये छापेमारी कई राज्यों में हुई. आधिकारिक बयान में बताया गया है कि विदेशों से डोनेशन के रूप में मिले पैसे का इस्तेमाल निजी या दूसरे किसी ग़ैर-आधिकारिक लेन-देन के लिए किया जा रहा था. इसी के चलते ये छापेमारी की गई थी. आर्टिकल में अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च से कुल 6 करोड़ रुपये जब्त किये गए जिसमें दिल्ली के एक पूजास्थल से मिले 3.85 करोड़ रुपये भी शामिल हैं.

7 नवंबर 2020 की द इंडियन एक्स्प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, प्रथम दृष्ट्या ये कहा जा सकता है कि चर्च ने 1 हज़ार करोड़ रुपये रियल एस्टेट डेवलपमेंट में खर्च किए थे. दान के पैसे, चर्च चलाने के लिए इस्तेमाल किए गए थे जो कि एक धार्मिक उद्देश्य है. अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि वो चर्च के पिछले 10 सालों के लेन-देन का हिसाब देख रहे हैं. आईटी सोर्स के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया था कि गृह मंत्रालय ने बिलीवर्स ईस्टर्न चर्च का FCRA अकाउंट बंद कर दिया था.

मातृभूमि के आर्टिकल में इस छापेमारी से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी शेयर की गई हैं. ये तस्वीर वायरल तस्वीर से मिलती भी है. रिपोर्ट में बताया गया है कि टैक्स डिपार्टमेंट के मुताबिक, पिछले 5 सालों में विदेशों से आनेवाले डोनेशन से चर्च को 6 हज़ार करोड़ रुपये मिले थे.

This slideshow requires JavaScript.

इसके अलावा, 6 नवंबर 2020 की PIB की प्रेस रिलीज़ में भी चर्च से 6 करोड़ रुपये ज़प्त करने की बात बताई गई थी.

इसके अलावा, तस्वीर में दिख रहे शख़्स बिलीवर्स चर्च के मेट्रोपॉलिटन बिशप के.पी. योहानन हैं.

कुल मिलाकर, केरला के बिलीवर्स चर्च में पिछले साल आयकर विभाग की छापेमारी के दौरान कैश 6 करोड़ रुपये जब्त किए गए थे. इसे लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक दावा शेयर किया गया कि चर्च से 7 हज़ार करोड़ रुपये जब्त किए गए हैं.


पंजाब की भाखड़ा नहर में बहते दिखे दवाओं के डिब्बों को ड्रग कंट्रोल ऑफ़िसर ने बताया नकली :

आंशिक रूप से सत्य
दावा:
केरला के बिलीवर्स चर्च से छापेमारी के दौरान 7000 करोड़ रुपये ज़प्त

The content contains some accurate information but also significant inaccuracies.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें