सोशल मीडिया यूजर्स और कुछ मीडिया आउटलेट्स ने एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामले के आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन में गुर्जर समुदाय के लोगों ने रैली निकाली. वीडियो में कई कारों के साथ रैली में गाड़ियों के दरवाजों व बोनट पर खड़े दिखाई दे रहे हैं.
दरअसल, 13 सितंबर 2026 को गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर एक महिला बाइक सवार शिवानी चौहान को कार से टक्कर मारने का मामला सामने आया था. इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस द्वारा जांच करते हुए हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी कल्याण बैंसला और उसके चचेरे भाई लवनीश गुर्जर को राजस्थान से गिरफ्तार किया गया.
इसी संदर्भ में दिल्ली स्थित एनजीओ नेशनल कमीशन फॉर मेन इंडिया काउंसिल फॉर मेन अफेयर्स ने अपने आधिकारिक X-हैंडल @NCMIndiaa पर 17 सितंबर 2026 को वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामला अब और भी दिलचस्प हो गया है क्योंकि गुर्जर समुदाय ने कल्याण बैसला के पूर्ण समर्थन में आवाज उठाई है.”
Gurgaon hit-and-run case is becoming interesting now after the Gurjar community came out in full support of Kalyan Baisla.pic.twitter.com/JsmNO2biuN
— NCMIndia Council For Men Affairs (@NCMIndiaa) September 17, 2026
एक्स-यूजर रोहित चौधरी समेत कई एक्स-यूजर्स और फेसबुक यूजर्स ने ऐसे ही दावे के साथ वीडियो शेयर किया.
इसके अलावा, द डेली जागरण, द फ्री प्रेस जर्नल और मनी कंट्रोल जैसे मीडिया आउटलेट्स ने वायरल के स्क्रीनग्रैब प्रकाशित किए. और खबर में इसे गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामले के आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन में गुर्जर समुदाय द्वारा निकाली गई कार रैली बताया गया.
फैक्ट-चेक
ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल दावे की हकीकत जानने के लिए की-वर्ड सर्च किया. हमें 18 सितंबर 2026 को प्रकाशित द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के मुताबिक 18 सितंबर को गुरुग्राम हिट-एंड-रन आरोपी कल्याण बैंसला के समर्थन में महापंचायत बुलाई गई थी. हालांकि, जांच में हमने पाया कि वायरल वीडियो पोस्ट 17 सितंबर 2026 से शेयर किया जा रहा है, जबकि रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी के समर्थन में 18 सितंबर को महापंचायत बुलाई गई थी.

इसके बाद हमने वायरल वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें पूरा वीडियो 20 अप्रैल 2025 को ‘अभय बलियान‘ नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट किया हुआ मिला, जिसके कैप्शन में #jaat और #jaatmovie जैसे हैशटैग लिखे है.
यानी, वायरल वीडियो 20 अप्रैल 2025 से ऑनलाइन मौजूद है, जबकि गुरुग्राम हिट-एंड-रन की घटना 13 सितंबर 2026 को हुई थी. इससे स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो उस घटना के बाद आयोजित समर्थन का नहीं है.
कुल मिलाकर, द डेली जागरण, द फ्री प्रेस जर्नल और मनी कंट्रोल समेत कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने अप्रैल 2025 के वीडियो को सितंबर 2026 में गुरुग्राम हिट-एंड-रन मामले के आरोपी के समर्थन में गुर्जर समुदाय की रैली के भ्रामक दावे के साथ शेयर किया.






