पाकिस्तानी के लिए कथित तौर पर जासूसी के शक में गिरफ़्तार हुई हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा इन दिनों चर्चा में है. 22 मई, 2025 को कोर्ट में पेशी के बाद ज्योति को फिर से 4 दिन के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है. इसी बीच 2 तस्वीरें शेयर कर कहा जा रहा है कि ज्योति का संबंध राहुल गांधी से है. मनोज श्रीवास्तव नाम के एक यूज़र ने ये तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “पाकिस्तान के लिए जासूसी में पकड़ी गई ज्योति मल्होत्रा गद्दार राहुल गांधी के साथ, विचित्र संयोग है हर देशद्रोही राहुल गांधी के साथ दिखता है.” (आर्काइव लिंक)

एक और यूज़र जयंत रोकड़े ने ये तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “हरियाणा से पाकिस्तान के लिए जासूसी में पकड़ी गई ज्योति मल्होत्रा राहुल गांधी के साथ! कैसा विचित्र संयोग है कि हर देशद्रोही देशविरोधी राहुल गांधी के साथ दिखता है! क्या देश में हो रही उथल-पुथल के मास्टरमाइंड राहुल गांधी ही हैं.” (आर्काइव लिंक)

और भी कई यूज़र्स ये तस्वीरें शेयर कर यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को राहुल गांधी से जोड़ रहे हैं. (लिंक 1, लिंक 2, लिंक 3)

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

पहली तस्वीर

इस तस्वीर का रिवर्स इमेज सर्च करने से हमें 2018 की कई रिपोर्ट्स मिलीं जिसमें ये तस्वीर है लेकिन ये महिला ज्योति मल्होत्रा नहीं बल्कि अदिति सिंह है. ABP न्यूज़ की 7 मई, 2018 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रायबरेली से कांग्रेस विधायक अदिति सिंह ने राहुल गांधी के साथ शादी की अफवाह को झूठ करार दिया. ज़्यादातर रिपोर्ट में तस्वीर को एक फ़ाइल फ़ोटो के रूप में इस्तेमाल कर इसका क्रेडिट अदिति सिंह को ही दिया गया था.

अदिति सिंह ने खुद ये तस्वीर 2017 में अपने फ़ेसबुक पेज से राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाइयाँ देते हुए शेयर की थी. साल 2021 में वह कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देकर बीजेपी में शामिल हो गईं. और अभी रायबरेली से बीजेपी विधायक है.

नीचे तुलना में साफ देखा जा सकता है कि वायरल तस्वीर में अदिति सिंह के चहरे पर ज्योति मल्होत्रा का चेहरा लगा दिया गया है.

दूसरी तस्वीर

इस तस्वीर का रिवर्स इमेज सर्च करने से हमें राहुल गांधी के फ़ेसबुक अकाउंट से 18 सितंबर 2022 को किए गए कई तस्वीरों के पोस्ट में ये तस्वीर भी मिली. इस तस्वीर में भी ज्योति मल्होत्रा नहीं बल्कि कोई और महिला है. 

इसके अलावा महिला कांग्रेस के X अकाउंट से सितंबर 2022 में इस महिला की एक और तस्वीर पोस्ट की गई थी. तस्वीर के साथ मौजूद कैप्शन में इसे केरल के ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का बताया गया है.

हमने राहुल गांधी के पोस्ट में दिख रही महिला के चेहरे की तुलना वायरल तस्वीर से की. मालूम चला कि इसमें भी ज्योति मल्होत्रा का चेहरा लगाया गया है.

इन सब के अलावा, हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली जिसमें राहुल गांधी और ज्योति मल्होत्रा के मुलाकात की बात की गई हो.

कुल मिलाकर, राहुल गांधी के साथ दिख रही महिलाओं की दो तस्वीरें उठाकर उन्हें ज्योति मल्होत्रा के चेहरे से एडिट किया गया ताकि ये दिखाया जा सके कि राहुल गांधी का ज्योति के साथ पहले मिल चुके हैं. इससे पहले भी ज्योति मल्होत्रा को PM मोदी और सपा सांसद अखिलेश यादव से जोड़कर झूठा दावे किये गए हैं. ऑल्ट न्यूज़ ने इन दोनों दावों की पड़ताल की है.

पढ़ें: ‘जासूसी’ के आरोप में गिरफ़्तार ज्योति मल्होत्रा दिखी PM मोदी के साथ? झूठा दावा शेयर

ये भी पढ़ें: ‘जासूसी’ के आरोप में गिरफ़्तार ज्योति मल्होत्रा के साथ अखिलेश यादव की वायरल तस्वीर फ़र्ज़ी है

ग़लत
दावा:
राहुल गांधी से मिल चुकी है पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ़्तार यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें