एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें एक महिला पानी में पड़ी है और उसके पास एक बच्चा है जो उसे खींच रहा है. इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि पंजाब में आई बाढ़ के दौरान अपने बच्चे को बचाने के लिए एक महिला पानी में डूब गई.

एबीपी न्यूज़ ने अपनी पंजाबी संस्करण एबीपी सांझा पर वीडियो के बारे में रिपोर्ट पब्लिश करते हुए लिखा कि पाकिस्तान के पंजाब में आई बाढ़ में मां की लाश तैर रही थी और 5 साल का मासूम मदद के लिए रो रहा था. (आर्काइव लिंक)

इंस्टाग्राम पर द इनफैक्ट नेटवर्क नाम के अकाउंट ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ये वीडियो पंजाब का है. जहां बाढ़ के दौरान एक बच्चा अपनी मृत मां का शरीर पानी से बाहर की तरफ खींचकर निकाल रहा है.

एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ये कितना दर्दनाक मंज़र है. इस मासूम को पता नहीं है कि उसकी मां मर चुकी है.

इसी प्रकार खबरी टीवी, बीएन हरियाणा नाम के अकाउंट ने भी वायरल वीडियो के कुछ स्क्रीनशॉट्स शेयर करते हुए ऐसा ही दावा किया. खबरी टीवी के पोस्ट को 18 हज़ार से ज़्यादा लाइक्स मिले हैं.

फैक्ट-चेक

वायरल वीडियो के फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें आशीष पटेल नाम के यूज़र द्वारा 5 सितंबर को किया हुआ एक ट्वीट मिला. इस ट्वीट में आशीष ने वायरल वीडियो का एक स्क्रीनशॉट और एक अन्य वीडियो शेयर किया था. आशीष ने वीडियो ट्वीट करते हुए पीलीभीत पुलिस को टैग करते हुए लिखा था कि पीलीभीत निवासी आरती गंगवार सोशल मीडिया पर कंटेन्ट के लिए खुद की जान को जोखिम में डालकर वीडियो बना रही है और समाज में गलत अफवाह फैला रही है. इस ट्वीट पर रिप्लाई करते हुए पीलीभीत पुलिस ने लिखा था कि प्रभारी निरीक्षक थाना जहानाबाद को जांच कर आवश्यक विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं.

हमने आशीष पटेल द्वारा शेयर किये गए स्क्रीनशॉट में मौजूद आरती गंगवार का इंस्टाग्राम यूजरनेम सर्च किया तो पाया कि वायरल वीडियो अब उसके अकाउंट पर मौजूद नहीं है. हालांकि उस अकाउंट पर ऐसे कई अन्य वीडियोज़ हैं, जिसमें बाढ़ के पानी में वीडियो बनाते हुए आरती गंगवार नाम के यूजर ने वही कपड़े पहने हुए हैं जो वायरल वीडियो में पहना हुआ था.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Aarti Gangwar (@arti_gangwar_26)

8 सितंबर को इंस्टाग्राम पर आरती गंगवार ने बच्चों के साथ बाढ़ के पानी में वीडियो अपलोड किया जिसमें वो खुद को बेसुध हालत में दिखा रही थी और बच्चे उसे उठाने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि वीडियो के ऊपर लिखा है कि इसे हंसी मजाक के लिए बनाया गया है, इसे सीरियसली ना लें.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Aarti Gangwar (@arti_gangwar_26)

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने आरती गंगवार नाम के इंस्टाग्राम यूज़र द्वारा हंसी-मज़ाक में बनाए गए वीडियो को शेयर करते हुए भ्रामक दावा किया कि पंजाब में आई बाढ़ के दौरान अपने बच्चे को बचाने के लिए एक महिला पानी में डूब गई.

ग़लत
दावा:
पंजाब में आई बाढ़ के दौरान अपने बच्चे को बचाने के लिए एक महिला पानी में डूब गई.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें