सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल है, जिसमें बुलडोज़र से मकानों को जमींदोज किया जा रहा है. हिजाब पहने एक महिला ये सब देखकर रोती है. वीडियो में महिला के साथ कुछ बच्चे भी हैं. ये वीडियो राइट विंग यूज़र्स, पश्चिम बंगाल में बुलडोज़र कार्रवाई का बताकर शेयर कर रहे हैं.

दरअसल, हाल ही में पश्चिम बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद बंगाल के हावड़ा, सियालदह रेलवे जंक्शन और तिलजला जैसे कई स्थानीय इलाकों में बुलडोज़र का कहर देखने को मिल रहा है. इन इलाकों में कथित रूप से निर्मित अवैध निर्माणों को बुलडोज़र के ज़रिए ध्वस्त करने की कई घटनाएं सामने आयी.

इसी संदर्भ में राइट विंग हैंडल ‘जयपुर डायलॉग्स’ ने वायरल वीडियो शेयर करते हुए इसे पश्चिम बंगाल में बुलडोज़र कार्रवाई का दृश्य बताया है.

‘@No__negativtyxd’ नामक हैंडल समेत कई एक्स-यूजर्स ने ये वीडियो पश्चिम बंगाल में बुलडोज़र कारवाई का बताया.

This slideshow requires JavaScript.

डिजिटल न्यूज़ मीडिया ‘The Pamphlet’ ने एंकर हिमांशी बिष्ट की एक वीडियो रिपोर्ट में वायरल वीडियो के विज़ुअल्स का इस्तेमाल पश्चिम बंगाल में बुलडोज़र कारवाई का कहकर किया, तो वही एंकर हिमांशी बिष्ट ने एक्स और इंस्टग्राम अकाउंट वायरल वीडियो पोस्ट किया.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने देखा कि वायरल वीडियो में एक ‘STILL NZW TODAY’ का लोगो और सोर्स में ‘BDC News’ लिखा है. इसी आधार पर जांच करने के लिए वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें thread प्लेटफ़ॉर्म पर ‘stillnwzcom‘ नामक अकाउंट पर ये वीडियो 11 मई 2026 को अपलोडेड मिला. कैप्शन के अनुसार, बांग्लादेश के जेस्सोर (जशोर) के अधिकारियों ने निष्कासन अभियान के तहत 10 मई 2026 को करीब 26 अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया.

आगे जांच में हमें बांग्लादेशी मीडिया संस्था ‘BDC News’ के फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो का लंबा वर्ज़न 10 मई को अपलोडेड मिला. कैप्शन में लिखा गया ‘जेस्सोर में 26 अवैध निर्माण ध्वस्त, मकान मालिक फूट-फूटकर रोए’.

ये वीडियो ‘Dhaka Watch 24’ और ‘Bangladesh Somoy’ समेत कई और भी बांग्लादेशी डिजिटल मीडिया संस्थाओं ने शेयर किया है और यही जानकारी दी है कि जेस्सोर में 26 अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया. 

इस घटना पर 12 मई को Dhaka Tribune ने एक रिपोर्ट में बताया कि राष्ट्रीय आवास प्राधिकरण ने जेस्सोर में बेदखली अभियान 10 मई की सुबह शुरू हुआ और 11 मई शाम 4:00 बजे तक चलाया गया. इसमें 400 से अधिक अवैध ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया और लगभग पांच एकड़ सरकारी ज़मीन वापस हासिल कर ली गई.

यानी, वायरल वीडियो बांग्लादेश के जेस्सोर में निष्कासन अभियान के तहत कथित अवैध ढांचों को ध्वस्त करने का है इसका पश्चिम बंगाल में बुलडोज़र कार्रवाई से कोई लेना-देना नहीं है.

डोनेट करें!
सत्ता को आईना दिखाने वाली पत्रकारिता का कॉरपोरेट और राजनीति, दोनों के नियंत्रण से मुक्त होना बुनियादी ज़रूरत है. और ये तभी संभव है जब जनता ऐसी पत्रकारिता का हर मोड़ पर साथ दे. फ़ेक न्यूज़ और ग़लत जानकारियों के खिलाफ़ इस लड़ाई में हमारी मदद करें. नीचे दिए गए बटन पर क्लिक कर ऑल्ट न्यूज़ को डोनेट करें.

बैंक ट्रांसफ़र / चेक / DD के माध्यम से डोनेट करने सम्बंधित जानकारी के लिए यहां क्लिक करें.

Tagged: