16 जून को NDTV की एक रिपोर्ट के बाद, सोशल मीडिया पर एक लिस्ट तेज़ी से शेयर की जाने लगी. इस लिस्ट में उन सात लोगों के नाम हैं जिन्हें पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) से जुड़े दिल्ली-बेस्ड कथित जासूसी नेटवर्क के मामले में गिरफ़्तार किया गया है. इन लोगों के नाम कुछ यूं लिखे हैं- अनस, मोहम्मद, दानिश, आरिफ़, साबिर, खालिद और जुनैद.

X यूज़र @Warlock_mohit ने NDTV की पोस्ट को कोट करते हुए और गिरफ़्तार किए गए लोगों के कथित नामों की लिस्ट शेयर की. दावे में इन सभी आरोपियों को मुस्लिम दिखाया गया था. पोस्ट का कैप्शन था, “Always Peacefuls” (हमेशा शांतिप्रिय) — ये एक अपमानजनक शब्द है जिसका इस्तेमाल अक्सर राईटविंग ऑनलाइन चर्चाओं में मुसलमानों को हिंसक या अपराधी के तौर पर स्टीरियोटाइप करने के लिए किया जाता है.

इस पोस्ट को 2.27 लाख से ज़्यादा बार देखा गया है और 2,800 से ज़्यादा बार रीशेयर किया गया है. (आर्काइव)

 

X के कई अन्य यूज़र्स, जैसे @FabulasGuy, @AmitLeliSlayer वगैरह ने NDTV की उस X पोस्ट को कोट किया जिसमें रिपोर्ट का लिंक और नामों की वही लिस्ट थी.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

इस दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने NDTV की रिपोर्ट देखी. सोशल मीडिया पर चल रही उन पोस्ट के उलट, रिपोर्ट में गिरफ़्तार लोगों की पहचान इस तरह बताई गई: अनस उर्फ ​​अनस त्यागी, मोहित उर्फ ​​योगी, दीपक उर्फ ​​दीपक एग्रोला, आरिफ उर्फ ​​प्रधान, करणवीर सिंह, जतन और साबिर. NDTV के मुताबिक, ये सातों लोग कथित तौर पर पाकिस्तान में रहने वाले गैंगस्टर से आतंकवादी बने शहज़ाद भट्टी और उसके साथी अजमल गुज्जर के नेटवर्क से जुड़े थे.

यही नाम ‘द हिंदू‘, ‘इंडिया टुडे‘ और कई अन्य मीडिया आउटलेट्स की रिपोर्ट में भी बताए गए थे.

‘द प्रिंट’ की 19 जून की एक रिपोर्ट में बताया गया कि पुलिस ने एक दूसरे ऑपरेशन में पांच और लोगों को गिरफ़्तार किया — सोहेल, सोनू मीणा, सचिन कुमार मीणा, मो. कैफ और मो. रिहान.

ऑल्ट न्यूज़ को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा इस मामले में जारी की गई दो प्रेस रिलीज़ मिलीं. दोनों डॉक्यूमेंट ऊपर बताए गए नामों की पुष्टि करते हैं. दूसरी प्रेस रिलीज़ में, जिसमें दूसरे ऑपरेशन में पकड़े गए पांच लोगों का ज़िक्र था, तीन और नामों का भी ज़िक्र था जिन्हें पहले के ऑपरेशन में गिरफ़्तार किया गया था — सोयब, अनमोल राय उर्फ ​​अन्नू और रवि कश्यप. इसमें हाल ही में गिरफ़्तार किए गए पांच लोगों के परिवार की जानकारी भी दी गई थी — सोहेल (26 साल) पिता शमशाद अली, सोनू मीणा (30 साल) पिता मेवा लाल मीणा, सचिन कुमार मीणा (20 साल) पिता देवी सहाय मीणा, मो. कैफ (21 साल) पिता लल्लू, और मो. रिहान (20 साल) पिता मो. शकील.

कुल मिलाकर, वायरल हो रहा दावा झूठा है. मामले से जुड़े रिकॉर्ड बताते हैं कि गिरफ़्तार किए गए लोगों में से कम से कम पांच हिंदू हैं. इसके अलावा, न तो NDTV की रिपोर्ट में और न ही पुलिस रिकॉर्ड में अब तक गिरफ़्तार किए गए 12 लोगों में दानिश, खालिद या जुनैद का कोई ज़िक्र है. इसलिए, सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही लिस्ट में आरोपियों की पहचान को ग़लत तरीके से दिखाया गया है और कथित अपराध को सांप्रदायिक ऐंगल देने की कोशिश की गई है.

ग़लत
दावा:
दिल्ली ISI जासूस नेटवर्क मामले के सभी साथ आरोपी मुस्लिम हैं

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें