सोशल मीडिया पर ग्रेनेड की तरह दिखने वाले 5 पेनों की तस्वीर शेयर की जा रही है. साथ ही व्हाट्सऐप पर कुछ जख्मी लोगों की तस्वीर के साथ एक ऑडियो संदेश भी तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें लोगों को चेतावनी दी जा रही है कि यह पेन नुमा एक बम है जिसे रास्तों में कुछ-कुछ जगहों पर फेंका गया है. “कोई भी इस पेन के ऊपर के बटन को दबाएगा यह फट जाएगा जो चेहरे को, हाथ को, जिस्म को नुकसान दे सकता है.” इसके साथ ही इस संदेश को हर ग्रुप में चलाने (शेयर करने) और सब बच्चों, बड़ों को बताने की अपील की गई की है.

ऑल्ट न्यूज़ के व्हाट्सऐप हेल्पलाइन (+917600011160) पर इस पेन बम की सच्चाई जानने और दावे की पुष्टि के लिए कई लोगों ने रीक्वेस्ट भेजे हैं.

This slideshow requires JavaScript.

AIMA Media और News First Prime के आर्टिकल में वायरल कथित पेन नुमा बम और घायल लोगों के तस्वीर का इस्तेमाल कर दावा किया गया है कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान अलग-अलग जगहों पर पेन जैसा दिखने वाला छोटा बम पाया गया, जिसे लोगों ने उठाकर बटन दबाया जिससे हादसे हुए यह घटनाएं स्थानीय लोगों में भय और चिंता का कारण बनीं.

इसके अलावा, आर्टिकल में वायरल संदेश का जिक्र करते हुए लिखा है, “संदेश में सभी देशवासियों से अपील की गई है कि पेन जैसा दिखने वाली वस्तुओं को न उठाएं ताकि हादसों से बचा जा सके, साथ ही इस चेतावनी को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की भी अपील की गई है ताकि वे और उनके परिवार सुरक्षित रह सकें.”

This slideshow requires JavaScript.

 

Zee News के आधिकारिक फेसबुक, इंस्टग्राम, यूट्यूब, state mirror हिंदी और विकल्प टाइम्स मीडिया ने अपने आर्टिकल में वायरल ग्रेनेड नुमा पेन की तस्वीर दिखाते दावा किया है, “बुलंदशहर पुलिस ने आम जनता के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी कर दी है इसमें नागरिकों से पेन जैसी दिखने वाली इस तरह की संदिग्ध वस्तु से दूर रहने की अपील की गई है क्योंकि ये विस्फोटक या बम हो सकता है और पुलिस ने आगाह किया है, क्षेत्र में अगर कहीं रास्ते में खेत में या किसी सुनसान जगह पर भी पेन जैसी आकृति की ये संदिग्ध डिवाइस या वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने या हिलाने की गलती कतई ना करें और बिना समय गंवाए तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन या फिर हेल्पलाइन नंबर पर इसकी जानकारी दीजिए.”

This slideshow requires JavaScript.

कई यूजर्स द्वारा दिल्ली, छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों में पुलिस द्वारा पेन बम को लेकर अलर्ट और चेतावनी जारी करने के दावे और पूरे घटना को पाकिस्तानी साजिश बताते हुए वायरल तस्वीरें शेयर की जा रहीं हैं.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने इस मामले से संबंधित पुलिस एडवाइजरी जारी किये जाने के संबंध में जांच किया, हमने पाया कि बुलंद शहर पुलिस के आधिकारिक एक्स-हैंडल ने विकल्प टाइम्स मीडिया के पोस्ट पर रिप्लाई कर इस दावे का खंडन किया है. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर जिलाधिकारी बुलन्दशहर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलन्दशहर द्वारा पेन जैसी दिखने वाली किसी भी संदिग्ध वस्तु के बारे में कोई भी एडवाइजरी/चेतावनी जारी नही की गई है और संदिग्ध वस्तु के सम्बन्ध में एडवाइजरी/चेतावनी जारी करने के दावे को भ्रामक संदेश बताया.

जांच में हमें छत्तीसगढ़ के रायपुर पुलिस आयुक्त कार्यालय का आधिकारिक हैंडल पर सिविल लाइंस के एसीपी रमाकांत साहू का वीडियो मिला. उन्होंने अफवाहों पर विश्वास न करने और न ही उन्हें साझा करने की अपील की. उन्होंने बताया कि इस तरह कोई भी घटना छत्तीसगढ़, रायपुर या देश के किसी भी हिस्सें में नहीं हुई है, यह घटना पैनिक करने के उद्देश्य से किसी के द्वारा फैलाई जा रही है. साथ ही कहा कि कृपया इस तरह घटना पर ध्यान ना दें और किसी भी तरह के संदेह होने पर पुलिस को सूचित करें.

हमने कथित पेन बम की वायरल तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही तस्वीर अमेरिकी ई-कॉमर्स वेबसाइट ETSY पर मिली. वायरल तस्वीर में दिख रहे पेन को मिलिट्री नोवेल्टी टैंक या ग्रेनेड इंक पेन बताया गया है, जो कि वेबसाइट पर करीब 6,163 भारतीय रुपए में उपलब्ध है.

ETSY ई-कॉमर्स वेबसाइट पर इस पेन के बारे में बताया गया है कि ये मिलिट्री-स्टाइल वाले टैंक या ग्रेनेड पेन है जो ऐक्रेलिक रेज़िन से बने हैं और लेथ मशीन पर तैयार किए गए हैं. ये पेन 24 कैरेट गोल्ड, एंटीक ब्रास, गन प्यूटर और हरे मेटल जैसी कई तरह की फ़िनिश में उपलब्ध हैं और इस पेन में पार्कर स्टाइल की इंक से रिफिल किया जा सकता है. साथ ही पेन खास उन लोगों को सम्मान देने के लिए बेहतरीन उपहार है जो देश की रक्षा और सेवा करते हैं. पेन के निर्माता पेनाट्रेडिशन इस वेबसाइट पर 9 साल से रजिस्टर्ड है. इसमें कहीं भी इन पेनों में विस्फोटक भरे जाने की बात का ज़िक्र नहीं है.

यानी, वायरल तस्वीर में ग्रेनेड की तरह दिखने वाले कोई असली बम की नहीं बल्कि मिलिट्री-स्टाइल ग्रेनेड वाले इंक रिफिल पेन हैं. जो कि अमेरिकी ई-कॉमर्स वेबसाइट ETSY पर उपलब्ध हैं.

इसके बाद हमने वायरल जख्मी घायल लोगों के तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च किया हमें वायरल तस्वीर में से 4 घायल लोगों की तस्वीरें 11 जून 2026 को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ(PTI) पंजाब के आधिकारिक एक्स-हैंडल पर पोस्टेड मिले. पोस्ट के मुताबिक, रावलकोट में फज्र की नमाज के बाद मस्जिद से बाहर आ रहे लोगों पर गोलियां चलाई गईं. दरअसल, ये तस्वीरें 11 जून को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) रावलकोट में बुनियादी अधिकारों की मांग कर रहे हजारों निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सेना द्वारा एके-47 राइफलों से गोलीबारी करने के बाद की हैं. इस घटना में 16 लोग मारे गए और 37 लोग घायल हुए.

हालांकि, जांच के दौरान हमें वायरल अन्य दो तस्वीरों की जानकारी नहीं मिल पायी. जैसे ही हमें कोई नई जानकारी मिलेगी, इस रिपोर्ट को अपडेट कर दिया जाएगा.

कुल मिलाकर, हमने जांच में पाया कि वायरल तस्वीर में जिसे ‘पेन बम’ बताकर लोगों को डराया जा रहा है, वह वास्तव में अमेरिकी ई-कॉमर्स वेबसाइट Etsy पर उपलब्ध मिलिट्री-स्टाइल ग्रेनेड इंक रिफिल पेन है. वहीं बुलंदशहर और रायपुर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस संबंध में किसी प्रकार की कोई एडवाइजरी जारी नहीं की गई है और न ही देश के किसी हिस्से में ऐसी किसी घटना की पुष्टि हुई है, इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल दावा भ्रामक और गलत है.

ग़लत
दावा:
पेन जैसी दिखने वाली इस तरह की संदिग्ध वस्तु से दूर रहने की अपील

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें