एक तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी शेयर की जा रही है जिसमें एक आदमी और औरत, माला पहने एक साथ खड़े हैं. दावा किया जा रहा है कि तस्वीर में दिख रही लड़की का नाम वंदना तिवारी है जो बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की बहन है. साथ ही कहा जा रहा है कि उन्होंने मुस्लिम युवक से निकाह कर इस्लाम अपना लिया.

रेखा नाम की यूज़र ने ये तस्वीर ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

उत्तम चंद नामक यूज़र ने भी इसी दावे के साथ ये तस्वीर ट्वीट की. (आर्काइव लिंक)

फ़ेसबुक यूज़र अनिल कुमार मल्होत्रा ने भी ये तस्वीर पोस्ट करते हुए ऐसा ही दावा किया.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल दावे की असलियत का पता लगाने के लिए जांच शुरू की. वायरल तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें इंटेरटेन्मेंट चैनल ‘ज़ूम टीवी‘ का एक आर्टिकल मिला. इस रिपोर्ट के मुताबिक, तस्वीर में दिख रही लड़की एक्ट्रेस गहना वशिष्ठ हैं जिनका निकाह सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर फैजान अंसारी से हुआ.

जी न्यूज़ ने भी गहना और फैजान के निकाह की खबर दी है. यानी कि तस्वीर में दिख रही लड़की बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की बहन नहीं है.

बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, पंडित धीरेंद्र शास्त्री कुल तीन भाई-बहन हैं जिसमें सबसे बड़े हैं धीरेंद्र, एक भाई शालीग्राम गर्ग और बहन का नाम रीता गर्ग है जिनकी शादी हो चुकी है. आजतक ने धीरेंद्र शास्त्री की बहन रीता गर्ग और बहनोई कमलेश चौरहा से बात की जिन्होंने वायरल दावे को सिरे से नकारते हुए कहा कि रीता गर्ग पंडित धीरेंद्र शास्त्री की इकलौती बहन है. और उनकी शादी 27 अप्रैल 2015 को कमलेश चौरहा से हुई थी. वहीं कमलेश ने बताया कि वो हिन्दू ब्राह्मण हैं.

कुल मिलाकर, कई सोशल मीडिया यूज़र्स ने एक्ट्रेस और मॉडल गहना वशिष्ठ और फैज़ान अंसारी के निकाह की तस्वीर शेयर करते हुए झूठा दावा किया कि वो बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की बहन है जिसने मुस्लिम लड़के से निकाह कर इस्लाम कबूल कर लिया.

Vid RJ सायमा की तस्वीर हिजाब गर्ल बनी मुस्कान खान पर निशाना साधते हुए शेयर:

ग़लत
दावा:
बागेश्वर धाम के पंडित धीरेन्द्र शास्त्री की बहन ने मुस्लिम युवक से निकाह कर इस्लाम अपना लिया.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें