यूपी चुनाव के मद्देनज़र सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के इंटरव्यू का एक क्लिप वायरल है. NDTV चैनल के ग्रुप एडिटर श्रीनिवासन जैन, अखिलेश यादव से पूछते हैं, “ये भी कहा जा रहा है कि आप 11 तारीख को लंदन जा रहे हैं? आपकी टिकट भी बुक हो गई है”. इस पर जवाब देते हुए अखिलेश यादव कहते हैं, “अब मैं ये कहूं कि कौन लंदन गया? कौन विदेश नहीं जा रहा, मैं तो कहूंगा…आप होमवर्क करके आए हैं तो मैं आपसे जानना चाहता हूं कि क्या मैं नहीं जा सकता? अगर आपके पास बच्चे नहीं है, और आपके बच्चे नहीं जा रहे हैं तो उसके लिए मैं क्या कर सकता हूं?”

19 सेकंड की ये वीडियो क्लिप इस दावे के साथ शेयर की जा रही है कि आखिलेश यादव चुनाव में अपनी हार देखकर 11 मार्च को लंदन के लिए रवाना हो रहे हैं. 10 मार्च को यूपी विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होंगे. फ़ेसबुक यूज़र ‘श्री राम भक्त जितेन्द्र’ ने ये वीडियो इसी दावे के साथ पोस्ट किया है. (पोस्ट का आर्काइव लिंक)

 

“अखिलेश यादव ने ली लंदन जाने की टिकट अडवांस”
11मार्च, परिवार सहित लंदन हो सकता है फ़रार…✍

पहले बता रहा हूँ, बाद में मोदी पर उंगली मत उठाना..!!😕

Posted by श्री राम भक्त जितेन्द्र on Monday, 21 February 2022

फ़ेसबुक यूज़र अश्विनी त्रिपाठी ने ये वीडियो इसी दावे के साथ पोस्ट किया. और भी कई फ़ेसबुक यूज़र्स ने ये वीडियो पोस्ट किया है.

This slideshow requires JavaScript.

ट्विटर पर भी ये वीडियो शेयर किया गया है.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

वायरल वीडियो देखने पर ऑल्ट न्यूज़ को ऑडियो में गड़बड़ी दिखी. इस वीडियो में 6 और 11 सेकंड पर अचानक से ऑडियो में बदलाव दिखते हैं. मानो वीडियो के कुछ हिस्से को हटा दिया गया हो.

ट्विटर पर की-वर्ड्स सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ को NDTV इंडिया का 23 जून 2021 का ट्वीट मिला. चैनल ने अखिलेश यादव के इंटरव्यू का वीडियो ट्वीट किया है. 59 सेकंड का ये वीडियो देखने पर हमें पता चल कि वायरल वीडियो एडिटेड है.

इंटरव्यू के दौरान, दोनों के बीच हुई बातचीत इस प्रकार है:

श्रीनिवासन जैन – “ये भी कहा गया है कि आप बीच में लंदन चले गए, क्या ये सही है?”
अखिलेश यादव – “देखिए सवाल ये है, अब मैं ये कहूं कि कौन लंदन गया? कौन विदेश नहीं जा रहा, मैं तो कहूँगा कि मेरे से ये सवाल पूछते हैं, आप मुझे बताइए मैं कब गया लंदन?”

श्रीनिवासन जैन – “नहीं, ये मैं आपसे पूछ रहा हूं?”
अखिलेश यादव – “नहीं, मैं आपसे जानना चाहता हूं.”
श्रीनिवासन जैन – “नहीं ये डिटेल्स मेरे पास नहीं है, ये मैं आपसे पूछ रहा हूं.”
अखिलेश यादव – “नहीं, मैं ये आपसे जानना चाहता हूं, अगर आप होमवर्क करके आए हैं, तो मैं आपसे जानना चाहता हूं कि मैं कब गया?”

श्रीनिवासन जैन – “इसीलिए तो मैं आपसे क्लेरिफ़िकेशन पूछ रहा हूं.”
अखिलेश यादव – “क्या मैं अपनी बेटी के एडमिशन कराने के लिए नहीं जा सकता? अगर आपके पास बच्चे नहीं है, और आपके बच्चे नहीं जा रहे हैं तो उसके लिए मैं क्या कर सकता हूं?”

NDTV इंडिया ने अखिलेश यादव के इस इंटरव्यू का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड किया है. 26 मिनट 19 सेकंड के इस वीडियो में आप संबंधित बातचीत का हिस्सा 10 मिनट 52 सेकंड से देख सकते हैं. गौर करें कि इंटरव्यू के दौरान, श्रीनिवासन जैन ने तारीख (11 मार्च) की बात नहीं की है.

23 फ़रवरी 2022 को श्रीनिवासन जैन ने इस वीडियो के बारे में ट्वीट करते हुए बताया कि इसे एडिट किया गया है. उन्होंने लिखा कि उनका ऑडियो बदल दिया गया है और अखिलेश यादव के ऑडियो के साथ भी छेड़छाड़ की गई है.

कुल मिलाकर, अखिलेश यादव के पुराने इंटरव्यू का वीडियो एडिट कर झूठा दावा किया गया कि वो UP चुनाव का परिणाम आते ही 11 मार्च को लंदन जाने वाले हैं. जबकि अखिलेश यादव ने ऐसा कुछ नहीं कहा था.

ग़लत
दावा:
अखिलेश यादव यूपी में अपनी हार का अंदाज़ा लगाते हुए 11 मार्च को लंदन चले जाएंगे.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें