10 मार्च को बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और RJD नेता लालू यादव के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की. ED ने दावा किया कि छापेमारी से उनको 600 करोड़ के लेनदेन के बारे में मालूम हुआ है. इसके चलते सोशल मीडिया पर लालू यादव के ठिकानों से छापेमारी के दौरान पैसे और ज़ेवर बरामद किये जाने के दावे के साथ कुछ तस्वीरें शेयर की जा रही हैं. ट्विटर हैन्डल @ChawatGautam’  ने भी ये तस्वीरें ऐसे ही दावे के साथ ट्वीट की हैं. 

ट्विटर पर कई यूज़र्स ने ये तस्वीरें अलग-अलग या कोलाज बनाकर ट्वीट की हैं.

This slideshow requires JavaScript.

वहीं फ़ेसबुक पर भी इसी दावे के साथ ये तस्वीरें पोस्ट की गई हैं.

फ़ैक्ट-चेक

ऑल्ट न्यूज़ ने वायरल तस्वीरों की जांच करते हुए पाया कि इन तस्वीरों में से कुछ तस्वीरें अलग-अलग घटनाओं से जुड़ी हुई हैं. हम आपको बारी-बारी से इन तस्वीरों की सच्चाई आर्टिकल में आगे बताएंगे. लेकिन सबसे पहले बात करते हैं लालू यादव के वहां हुई प्रवर्तन निदेशालय की रैड की. हमें न्यूज़ एजेंसी ANI का 11 मार्च 2023 का ट्वीट मिला. इस ट्वीट में वायरल तस्वीरों में से कुछ तस्वीरें ट्वीट की गई हैं. वहीं आर्टिकल में आगे बताई गई 4 तस्वीरों में से दूसरे नंबर की तस्वीर भी इस ट्वीट में शामिल है. ट्वीट के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने नौकरी के बदले ज़मीन घोटाले के मामले में 24 ठिकानों पर छापेमारी की थी. इस रैड में उन्हें 1 करोड़ कैश, 1900 अमेरिकी डॉलर की विदेशी करंसी, 540 ग्राम सोना और 1.5 किलो के सोने के गहने बरामद हुए थे.

ऑल्ट न्यूज़ को प्रवर्तन निदेशालय का ट्वीट भी मिला जिसमें यहीं जानकारी दी गई है. साथ में ये भी बताया गया है कि छानबीन करते हुए उन्हें 600 करोड़ के लेनदेन की जानकारी भी मिली. बहरहाल ED ने छापेमारी की कोई तस्वीर शेयर नहीं की है. (ED द्वारा 11 मार्च को जारी की गई प्रेस रिलीज़)

इसके अलावा, लालू यादव के घर पर छापेमारी के दौरान प्राप्त हुई चीज़ों के बारे में खबर देते हुए कई मीडिया आउटलेट्स ने कुछ तस्वीरें आर्टिकल्स में शेयर की हैं. (लिंक 1, लिंक 2, लिंक 3)

हालांकि लालू यादव के घर पर छापेमारी की बताकर शेयर की जा रही तस्वीरों में से 3 तस्वीरें पुरानी और अलग-अलग घटनाओं की हैं.

पहली तस्वीर

इस तस्वीर को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने से हमें 11 सितंबर 2022 की द ट्रिब्यून की रिपोर्ट मिली. इस आर्टिकल में बताया गया है कि ED ने कोलकाता की एक गेमिंग ऐप कंपनी के प्रमोटरों के वहां छापेमारी में 17 करोड़ नकद बरामद किया था. और ये तस्वीर उसी छापेमारी की है. आर्टिकल में सूत्रों के हवाले से लिखा है कि एजेंसी, ऐप के ऑपरेटरों के किसी राजनीतिक लिंक की जांच कर रही थी. छापेमारी में ED ने 500 के नोटों के साथ-साथ 2000, 200 और 100 के नोट भी बरामद किये थे.

तीसरी और चौथी तस्वीर

This slideshow requires JavaScript.

इन दोनों तस्वीरों को रिवर्स इमेज सर्च करने पर ऑल्ट न्यूज़ ने पाया कि ये दोनों तस्वीरें ED द्वारा मुंबई और नागपूर में 15 अलग-अलग जगहों पर छापेमारी के दौरान बरामद की गई संपत्ति की हैं. दरअसल 8 मार्च 2023 को द इंडियन एक्स्प्रेस ने वायरल तस्वीरों में से एक तस्वीर पब्लिश करते हुए बताया कि ED ने इन्वेस्टरों के साथ धोखाधड़ी के मामले में मुंबई और नागपूर में 15 ठिकानों पर छापेमारी की थी. एजेंसी ने 5.51 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के ज़ेवर और 1.21 करोड़ रुपये नकद ज़ब्त किए.

हिंदुस्तान टाइम्स ने भी इस रैड के बारे में आर्टिकल पब्लिश करते हुए वायरल तस्वीरों में से दूसरी तस्वीर पब्लिश की थी.

This slideshow requires JavaScript.

वहीं प्रवर्तन निदेशालय ने इस छापेमारी के बारे में बताते हुए गहनों की दोनों वायरल तस्वीरें ट्वीट की थीं.

कुल मिलाकर, लालू यादव के घर पर छापेमारी की बताकर सोशल मीडिया पर पुरानी और असंबंधित छापेमारी की तस्वीरें शेयर की गई. ऑल्ट न्यूज़ ANI द्वारा ट्वीट की गई तस्वीरों की पुष्टि नहीं करता है क्यूंकी खुद प्रवर्तन निदेशालय ने आर्टिकल लिखे जाने तक लालू यादव के घर पर छापेमारी की कोई तस्वीर शेयर नहीं की है.

ग़लत
दावा:
लालू प्रसाद यादव के परिवार से ED द्वारा जब्त किए गए गहने और रुपये

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें