एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है जिसमें एक स्कूल परिसर में कई छात्र-छात्राएं खड़े हैं. इसी बीक कई लोग हाथ में बंदूक लेकर एक व्यक्ति को खींचकर ले जा रहे हैं. इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो बिहार के बेगूसराय ज़िले के सरकारी स्कूल का है जहां शिक्षक को जबरन शादी करवाने के लिए अगवा कर ले जा रहे हैं.

कविश अज़ीज़ द्वारा चलाए जा रहे The News Basket नाम के अकाउंट ने वीडियो ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया. (आर्काइव लिंक)

बसावन इंडिया नाम के अकाउंट ने वीडियो ट्वीट करते हुए बिहार में कमजोर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया. (आर्काइव लिंक)

हारून खान नाम के यूज़र ने भी वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यह किसी फ़िल्म का प्लॉट नहीं है, यह ज़मीनी हकीकत है. कानून का डर कहां है? (आर्काइव लिंक)

फ़ैक्ट-चेक

गूगल पर वायरल वीडियो से जुड़े की-वर्ड्स सर्च करने से हमें TV9 भारतवर्ष की वेबसाइट पर 23 मार्च 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली. इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो मौजूद है, जिसे बेगूसराय के तेघड़ा अनुमंडल के दुलारपुर मठ मध्य विद्यालय का बताया गया है. दरअसल, ‘पकड़ौवा बियाह’ नाम की एक फ़िल्म की शूटिंग हो रही थी. ऐसे में फ़िल्म के एक सीन में एक शिक्षिका को जबरन घसीटते हुए दिखाया गया है. स्कूल समय में फ़िल्म की शूटिंग पर सवाल उठने के बाद ज़िला शिक्षा पदाधिकारी ने जांच के आदेश दिए थे. इस आर्टिकल में मौजूद वीडियो में भी स्कूल के प्रधानाध्यापक और ज़िला शिक्षा पदाधिकारी का बयान मौजूद है.

हमें इस फिल्म से जुड़े कलाकार राजन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 12 मार्च 2025 को वायरल वीडियो वाला हिस्सा अलग एंगल से अपलोड किया हुआ मिला. इस पोस्ट के कैप्शन में राजन ने साफ लिखा है कि यह फ़िल्म ‘पकरौआ बियाह’ की शूटिंग का वीडियो है.

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Rajan Rock (@rajanrddfilms)

कुल मिलाकर, कई यूज़र्स ने एक फ़िल्म की शूटिंग का वीडियो शेयर करते हुए झूठा दावा किया कि ये बंदूक की नोक पर बेगूसराय में एक सरकारी स्कूल के टीचर को जबरन शादी करवाने के लिए पकड़कर ले जाने का वीडियो है.

ग़लत
दावा:
यह वीडियो बिहार के बेगूसराय में पकरौआ शादी के लिए एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका को बंदूक की नोक पर अगवा करने का है.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें