हाल ही में बिहार के जमुई से एक घटना सामने आई थी जिसमें दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक लड़के और लड़की के साथ कुछ लोगों ने बदसलूकी और छेड़खानी की थी. इसी घटना से जोड़कर एक रोती हुई लड़की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसे शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि ये जमुई की पीड़िता का वीडियो है जो लोगों से मदद की गुहार लगा रही है. इस वीडियो में एक लड़की रोते हुए कह रही है कि किसी ने एआई का इस्तेमाल करके उसके चेहरे के साथ एक वीडियो बनाया है और उसे पता चल गया है कि यह काम सामने वाले गांव के मेहर नाम के एक लड़के ने किया है. वह आगे बताती है कि उस लड़के के घरवाले और चाचा कल उसके घर आए थे और धमकियां दे रहे थे.
Hindu Spirit नाम के अकाउंट ने एक्स पर ये वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ये जमुई की पीड़िता बताई जा रही है. शेयर कर सपोर्ट करने की मांग कर रही है. (आर्काइव लिंक)
अमृता मिश्रा नाम के यूज़र ने भी वीडियो इसी दावे के साथ पोस्ट किया. (आर्काइव लिंक)
मोहम्मद इरफान नाम के पैरोडी अकाउंट ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “ये जमुई बिहार की पीड़िता लड़की है, जो वीडियो बना कर सपोर्ट मांग रही है. हमारा भी कर्तव्य है इनकी मदद करना, वीडियो को शेयर कीजिए ताकि इसकी बात जिम्मेदार लोगों तक पहुंच सके दोषी को सजा मिल सके.” (आर्काइव लिंक)
फ़ैक्ट-चेक
वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर हमें ये वीडियो ज़ीनत नाम के एक यूजर द्वारा 15 नवंबर 2025 को अपलोड किया गया मिला. इस वीडियो पर 6 करोड़ से ज्यादा व्यूज़ हैं. इससे इतना तो साफ है कि ये वीडियो हाल में हुई घटना से संबंधित नहीं है.
View this post on Instagram
हमें ज़ीनत के अकाउंट पर 14 नवंबर 2025 को अपलोड किया हुआ एक वीडियो मिला. इसमें वह पिछले वीडियो के बारे में बताती है, “हां, हमारे गांव के पास वाले गांव में एक लड़का रहता है जो कि मेरा इंस्टाग्राम से वीडियो का स्क्रीनशॉट लेकर, उससे मेरी एक गंदी वीडियो बनाई है एआई से और वही वीडियो वो अपलोड करके अपने सारे दोस्तों को शेयर कर रहे हैं.”
View this post on Instagram
वहीं 16 नवंबर 2025 को ज़ीनत ने इसी मामले में एक वीडियो अपलोड किया, जिसमें दो लड़के उसके साथ बैठे हुए हैं और दोनों उससे माफी मांगते हैं. वीडियो में लड़के बोलते हैं कि हमारे पास एक गलत वीडियो आया था, उसमें नाम दिया हुआ था, लेकिन वह असल में उसका वीडियो नहीं था. उन्होंने कहा, “हमने गलती से उस वीडियो को शेयर कर दिया था.” इसी वीडियो में ज़ीनत दोनों लड़कों को कहती है कि तुम लोगों ने जो गलती की है, उसके लिए मैं तुम्हें अपना छोटा भाई मानकर माफ़ कर रही हूँ. लेकिन आगे से तुम लोग किसी भी लड़की का ऐसा कोई भी वीडियो कहीं भी शेयर मत करना.
View this post on Instagram
जमुई पुलिस ने भी वायरल दावे का खंडन करते हुए एक्स पर पोस्ट किया कि इस वीडियो में दिखाई दे रही युवती जमुई घटना की पीड़िता है.
यह लडकी दिनांक 19.09.26 की घटना की पीड़ीता नहीं है। कृपया भ्रम ना फैलाये। pic.twitter.com/1jShpr5cFJ
— JAMUI POLICE (@JamuiPolice) September 24, 2026
इसके अलावा, ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली जिसमें बताया गया हो कि जमुई की पीड़िता ने वीडियो बनाकर लोगों से मदद मांगी है.
इससे यह स्पष्ट हो जाता है कि वायरल वीडियो का जमुई में हुई हालिया घटना से कोई संबंध नहीं है. 15 नवंबर 2025 को अपलोड किए गए एक पुराने वीडियो को अब जमुई मामले से जोड़कर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है.








