इंडियन सोशल ऐक्टिविस्ट के रूप में लोगों के बीच लंबे समय से मशहूर रहे राजीव दीक्षित का निधन साल 2010 में हुआ था. लेकिन सोशल मीडिया प्लेटफ़ोर्म्स पर आज भी उनके वीडियोज़ काफी शेयर किये जाते हैं. देश, विदेश की राजनीति से लेकर आयुर्वेदिक उपचारों और अन्य कई मुद्दों पर उनके भाषण को लोग सुनते हैं. और इन्हें आज भी सच मानकर शेयर किया जाता है. ऐसे ही एक वीडियो क्लिप में राजीव दीक्षित गुजरात के गांधीधाम शहर के पास के एक कथित द्वीप ‘सत्सडा बेट’ को लेकर बात कर रहे हैं. भाषण देते हुए उन्होंने कहा था कि गुजरात में चिमनभाई पटेल की सरकार थी और उस वक़्त चिमनभाई पटेल ने 60,000 वर्ग किलोमीटर का ये आइलैंड अमेरिका की कारगिल कंपनी को बेच दिया था.

वीडियो में राजीव दीक्षित ने कुछ इस तरह के दावे किये हैं:

  1. गुजरात के गांधीधाम शहर के नज़दीक में समुंदर में सत्सडा बेट नाम का एक बहुत बड़ा द्वीप है.
  2. इस द्वीप का क्षेत्रफल 60,000 वर्ग किलोमीटर है.
  3. इस द्वीप को गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री चिमनभाई पटेल ने अमेरिका की कारगिल कंपनी को बेच दिया था.

25 मई 2025 को इंस्टाग्राम अकाउंट ‘kutch_first’ ने ये वीडियो पोस्ट किया. ऑल्ट न्यूज़ के इस आर्टिकल के लिखे जाने तक इस पोस्ट को 3 लाख 23 हज़ार से ज़्यादा व्यूज़ मिले हैं. (आर्काइव लिंक)

 

View this post on Instagram

 

A post shared by KUTCH FIRST (@kutch_first)

यूट्यूब पर भी ये वीडियो पोस्ट किया गया है. इस पोस्ट को 53 लाख से ज़्यादा व्यूज़ और 78 हज़ार से ज़्यादा लाइक्स मिले हैं.

दावे से विपरीत सच्चाई

ऑल्ट न्यूज़ ने गुजरात के कच्छ ज़िले के गांधीधाम शहर या इसके आसपास ऐसा कोई द्वीप है या नहीं, इसकी तलाश शुरू की. गूगल मैप पर ऑल्ट न्यूज़ को कच्छ में इस नाम का कोई आइलैंड नहीं मिला. हमने द्वीप पर्यावरण और संरक्षण पर डेटा वेब की वेबसाईट खंगाली जिसमें भारत के द्वीप से जुड़ी जानकारियां दी गई हैं. ऑल्ट न्यूज़ को इस डाटा बेस में न सिर्फ गुजरात में बल्कि पूरे भारत में इस नाम का कोई भी द्वीप नहीं मिला.

हालांकि, छानबीन जारी रखते हुए हमें गांधीधाम से नज़दीक कंडला पोर्ट के पास एक द्वीप मिला जिसका नाम सत्सडा बेट है.

भारत के कच्छ की खाड़ी के बारे में पब्लिश दिसंबर 2000 के पेपर में भी इस द्वीप का ज़िक्र मिला.

ऑल्ट न्यूज़ ने गुजरात के कच्छ ज़िले के बारे में छानबीन शुरू की. पूरे कच्छ ज़िले का क्षेत्रफल 45,674 वर्ग किलोमीटर है. ध्यान दें कि कच्छ पूरे देश में सबसे बड़ा ज़िला है. अगर इस ज़िले का क्षेत्रफल भी 60 हज़ार वर्ग किलोमीटर से कम है तो इसके एक शहर के पास कथित रूप से मौजूद द्वीप का क्षेत्रफल इतना ज़्यादा कैसे हो सकता है?

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री चिमनभाई पटेल ने कोई द्वीप अमरीकी कंपनी को बेचा था या नहीं, इस बारे में सर्च करने पर हमारे सामने कोई रिपोर्ट नहीं आई.

इसके अलावा, वायरल वीडियोज़ में कथित सत्सडा द्वीप की बताते हुए 1 तस्वीर दिखाई गई है.

This slideshow requires JavaScript.

इस तस्वीर को गूगल लेंस पर रिवर्स इमेज सर्च करते हुए हमें मालूम हुआ कि ये असल में गुजरात के पास के दीव आइलैंड में स्थित आईएनएस खुखरी स्मारक की तस्वीर है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स और दीव सरकार की ऑफिशियल वेबसाईट पर मिली तस्वीरों से इस बात की पुष्टि की जा सकती है.

This slideshow requires JavaScript.

ऑल्ट न्यूज़ को मिली इन सब जानकारियों के आधार पर ये कहा जा सकता है कि दिवंगत राजीव दीक्षित द्वारा किया गया ये दावा पूरी तरह से गलत निकला कि गुजरात के कच्छ ज़िले में 60 हज़ार वर्ग किलोमीटर का सत्सडा नाम का कोई द्वीप है जिसे पूर्व मुख्यमंत्री ने अमेरिका को दे दिया था.

(अपडेट: इस आर्टिकल को सत्सडा बेट की जानकारी ऐड करने के लिए अपडेट किया गया था.)

ग़लत
दावा:
गुजरात के कच्छ ज़िले में 60 हज़ार वर्ग किलोमीटर का सत्सडा द्वीप चिमनभाई पटेल ने अमेरिका को दे दिया था

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें