5 मार्च को शिकागो से दिल्ली आने वाली एयर इंडिया की फ़्लाइट AI126 के 12 में से 8 शौचालयों में खराबी आ गई. इस वजह से विमान को शिकागो वापस लौटना पड़ा. नियमों के मुताबिक, एक या दो शौचालयों में भी खराबी आने से विमान की अनिर्धारित लैंडिंग हो सकती है. 14 घंटे की यात्रा के पाँच घंटे बाद यह समस्या सामने आई, जब फ़्लाइट ग्रीनलैंड के ऊपर थी, जिससे एयरलाइन को शिकागो के ओ’हारे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा. एयर इंडिया की जाँच में पाया गया कि विमान के शौचालयों में पॉलीथीन बैग, कपड़े आदि फंसे हुए थे.

इस खबर के सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूज़र्स और न्यूज़ आउटलेट्स ने एक वीडियो शेयर किया. वीडियो में कुछ लोग एक फ़्लाइट के अंदर खड़े हैं और काफी शोर हो रहा है. इसे शेयर करते हुए दावा किया गया कि ये वीडियो उसी एयर इंडिया फ़्लाइट का है, जिसे 5 मार्च को शिकागो वापस लौटना पड़ा. डोम ल्यूकर नामक यूज़र ने वीडियो ट्वीट करते हुए ऐसा ही दावा किया और इसे 5 मार्च की घटना से जोड़ते हुए शेयर किया.

टाइम्स नाउ ने भी खबर चलाते हुए इसी दावे के साथ वीडियो शेयर किया. (आर्काइव लिंक)

रशिया के सरकार की स्वामित्व वाली मीडिया RT इंडिया ने भी 5 मार्च को शिकागो से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली AI126 के बारे में खबर चलाते हुए वीडियो शेयर किया.

इसी तरह इंडियन एक्सप्रेस, न्यूज़18, ET Now, Mirror Now आदि मीडिया आउटलेट्स ने भी खबर चलाते हुए इसी दावे के साथ वीडियो शेयर किया. बाद में न्यूज़18 ने अपने आर्टिकल से उस ट्वीट का हिस्सा हटा दिया जिसमें वायरल वीडियो मेंशन किया गया था.

This slideshow requires JavaScript.

फ़ैक्ट-चेक

हमने वायरल वीडियो के फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें ये वीडियो UB1UB2 वेस्ट लंदन (साउथॉल) नामक अकाउंट से 6 जनवरी 2025 को अपलोड किया हुआ मिला. इस वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि लंदन में एयर इंडिया की फ़्लाइट में सवार यात्रियों को सात घंटे तक विमान में बैठने के बाद बताया गया कि फ्लाइट कैंसिल हो गई है. हालांकि, ऑल्ट न्यूज़ इस कैप्शन की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन यह स्पष्ट है कि इसका 5 मार्च को शिकागो से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले AI126 की वापसी से कोई संबंध नहीं है. ये वीडियो 5 मार्च की घटना से कम से कम 2 महीने पुराना है.

हमें ये वीडियो लंदन में चलने वाली टर्किश टीवी प्रोग्राम Londra Aktuel के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी 6 जनवरी को अपलोड किया हुआ मिला.

कुल मिलाकर, कई न्यूज़ आउटलेट्स और सोशल मीडिया यूज़र्स ने 5 मार्च को शिकागो से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली AI126 विमान के वापस शिकागो लौटने की खबर के साथ एक पुराना और असंबंधित वीडियो शेयर कर दिया.

ग़लत
दावा:
ये वीडियो 5 मार्च को शिकागो से दिल्ली के वापस शिकागो लौटने वाली AI126 विमान का है

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें