बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर फिलहाल अपनी कथित प्रेग्नेंसी को लेकर चर्चाओं में हैं. दरअसल सोशल मीडिया पर न्यूज़24 के एक कथित ट्वीट का स्क्रीनशॉट काफी शेयर किया जा रहा है जिसमें कहा गया है कि स्वरा भास्कर प्रेग्नेंट है. इसे लेकर सोशल मीडिया यूज़र्स स्वरा भास्कर को टारगेट करते हुए कह रहे हैं कि उन्होंने फ़रवरी महीने में ही समाजवादी पार्टी के नेता फहद अहमद से शादी की थी तो इतनी जल्दी प्रेग्नेंट कैसे हो गई. ट्विटर हैन्डल ‘@Cyber_Huntss’ ने न्यूज़24 का ये स्क्रीनशॉट ट्वीट करते हुए स्वरा भास्कर पर प्रेग्नेंसी को लेकर तंज कसा. (ट्वीट का आर्काइव लिंक)

महंत राजू दास ने भी स्वरा भास्कर के प्रेग्नेंट होने का दावा ट्वीट किया है. (आर्काइव लिंक)

भाजपा समर्थक श्रीकांत त्रिपाठी ने भी ये दावा ट्वीट किया है. वहीं ट्विटर यूज़र ‘सक्सेना साहब एलजी’ ने भी ये दावा ट्वीट किया है. (आर्काइव लिंक)

और भी कई यूज़र्स ने ये दावा न्यूज़24 के स्क्रीनशॉट के साथ या बगैर उसके ट्विटर और फ़ेसबुक पर पोस्ट किया है.

फ़ैक्ट-चेक

सबसे पहले तो ऑल्ट न्यूज़ ने इस खबर की पुष्टि करने के लिए मीडिया रिपोर्ट्स चेक की. लेकिन हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली जो स्वरा भास्कर की प्रेग्नेंसी के दावे को सही बताती हो.

आगे, हमने वायरल स्क्रीनशॉट चेक किया और पाया कि ट्वीट किये टेक्स्ट में वर्तनी और भाषा की कई गलतियां हैं. वहीं टेक्स्ट में स्वरा भास्कर के पति का नाम ‘फवाद’ लिखा है जबकि असल में उनके पति का नाम फहद है. इसके अलावा ट्वीट में लिखा है कि ‘फवाद’ स्वरा से 8 साल छोटे हैं जबकि हकीकत मे फहद, स्वरा से 4 साल छोटे हैं. आम तौर पर मीडिया संगठन के ट्वीट में फ़ैक्ट या भाषा को लेकर इस तरह की गलतियां नहीं दिखती है. इससे हमें शक हुआ कि न्यूज़24 के ट्वीट का ये वायरल स्क्रीनशॉट शायद फ़र्ज़ी है.

न्यूज़24 की ट्विटर टाइमलाइन चेक करने पर हमें 30 मई 2023 की सुबह 11 बजकर 47 मिनट का मीडिया आउट्लेट का एक ट्वीट मिला. ट्वीट करते हुए न्यूज़24 ने बताया कि कथित वायरल स्क्रीनशॉट फ़र्ज़ी है. और न्यूज़24 ने इस तरह का कोइ ट्वीट नहीं किया था.

कुल मिलाकर, अभिनेत्री स्वरा भास्कर के प्रेग्नेंट होने के दावे वाला न्यूज़24 के ट्वीट का वायरल स्क्रीनशॉट, फ़र्ज़ी है. वहीं उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर सोशल मीडिया पर होने वाले दावे भी बिना किसी ठोस सबूत के किये जा रहे हैं.

ग़लत
दावा:
न्यूज़24 ने ट्वीट कर बताया कि स्वरा भास्कर प्रेग्नेंट है

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें