सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में NASA की पूर्व अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स पुलिसकर्मियों की मदद से भीड़ के बीच से गुज़रती हुई दिख रही हैं. दावा है कि ये वीडियो सुनीता के जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के समर्थन में जाने का है. नोट करें कि सोनम वांगचुक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर 22 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे थे.
‘@Coacroach_party’ नामक एक X यूज़र ने ये वीडियो X पर पोस्ट किया और इसे 3 लाख से ज़्यादा बार देखा गया. (आर्काइव)
ma’m sunita william at jantar mantar
Our real hero , our pride
जय सविंधान
जय भीम #sonamwangchukedutionminister #SonamWangchuk pic.twitter.com/1nPeVNQLl3— Cockroach Army (@Coacroach_party) July 19, 2026
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) – जो एक व्यंग्यात्मक ऑनलाइन आंदोलन के तौर पर शुरू हुई थी. लेकिन ज़ल्द ही युवाओं के देशव्यापी विरोध में बदल गई – केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े और भारत की परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधारों की मांग कर रही है. ये समूह 2026 के NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा से जुड़ी अन्य कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही तय करने की मांग कर रहा है; उनका कहना है कि इन्हीं वजहों से कई छात्रों ने आत्महत्या की. 28 जून को शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल के साथ इस आंदोलन ने ज़ोर पकड़ा और उन्हें कई मशहूर हस्तियों और जानी-मानी सार्वजनिक हस्तियों का समर्थन मिला.
कई लोगों ने भी सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर इसी दावे के साथ ये वायरल वीडियो शेयर किया.
फ़ैक्ट-चेक
सबसे पहले, ऑल्ट न्यूज़ ने गूगल पर ये पता लगाने के लिए सर्च किया कि क्या सुनीता विलियम्स के जंतर-मंतर दौरे के बारे में कोई मीडिया रिपोर्ट है. हमें ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली.
इसके बाद, हमने वायरल वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें 23 जनवरी 2026 का एक इंस्टाग्राम वीडियो मिला जिसे ‘yoxidon_entertainments’ और ‘anees_pzid’ यूज़र्स ने मिलकर पोस्ट किया था. यही वो वीडियो है जो अब वायरल है.
इंस्टाग्राम पोस्ट के कैप्शन में “#Calicut” और “#klf” जैसे हैशटैग हैं. इससे पता चलता है कि ये वीडियो केरल लिटरेचर फ़ेस्टिवल का है. ध्यान देने वाली बात ये है कि वीडियो में विलियम्स समेत कई लोग KLF-मार्क्ड डोरी (लैनयार्ड) पहने हुए दिखाई दे रहे हैं.
View this post on Instagram
इसके बाद सर्च करने पर हमने पाया कि सुनीता विलियम्स कोझिकोड (कालीकट) में हुए 9वें केरल लिटरेचर फ़ेस्टिवल (KLF) में शामिल होने के लिए केरल गई थीं. उन्होंने 22 जनवरी को इस चार दिन चलने वाले कार्यक्रम का उद्घाटन किया था.
मीडिया में इस बारे में काफी ख़बरें आई थीं.
हमें KLF के ऑफ़िशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर जनवरी 2026 में फ़ेस्टिवल में विलियम्स की मौजूदगी के वीडियोज़ और तस्वीरें मिलीं.
View this post on Instagram
ये भी ध्यान देने वाली बात है कि वीडियो में अंतरिक्ष यात्री को ले जा रहे पुलिसकर्मियों की वर्दी पर ‘K P’ लिखे शोल्डर स्ट्रैप और केरल पुलिस के लोगो वाले शोल्डर पैच देखे जा सकते हैं.

कुल मिलाकर, जनवरी 2026 का एक वीडियो जिसमें अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स केरल लिटरेचर फ़ेस्टिवल में दिख रही हैं. उसे ग़लत तरीके से दिल्ली के जंतर-मंतर पर उनके दौरे का फ़ुटेज बताकर शेयर किया जा रहा है. 19 जुलाई तक, सुनीता विलियम्स ने राजधानी में CJP के विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा नहीं लिया है.





