कांटेदार तारों को शरीर पर लगाए हुए एक महिला की तस्वीर फ़ेसबुक और ट्विटर पर वायरल है. दावा है कि ये महिला भारत में बढ़ रहे बलात्कार के मामलों के खिलाफ़ प्रदर्शन कर रही है. ये तस्वीर उस वक़्त शेयर हो रही है जब उत्तर-प्रदेश के हाथरस में एक 19 वर्षीय लड़की के साथ कथित बलात्कार और मौत की घटना सामने आई है. इस घटना के खिलाफ़ पूरे देश में प्रदर्शन हो रहे हैं.

ट्विटर हैन्डल @nayak1news ने ये तस्वीर ट्वीट करते हुए लिखा, “ये तस्वीर #प्रधानमंत्री और #भाजपा सरकार को तमाचा है जिस की गुंज पुरे विश्व को सुनाई देगी #भाजपाइयों को छोड़कर पुरे भारत मे बढ़ते बलात्कार की घटनाओं को लेकर इस महिला ने अपने पुरे जिस्म को काटेंदार तार से लपेटकर ये संदेश दिया है कि भाजपा की सरकार मे महिला सुरक्षित नही है”

इसी दावे के साथ ये तस्वीर फ़ेसबुक पर वायरल है.

फ़ैक्ट-चेक

गूगल रिवर्स इमेज सर्च से ये तस्वीर हमें 6 अप्रैल 2015 के एक ब्लॉग पोस्ट में मिली. ये ब्लॉग जर्मन कल्चर सेंटर में आयोजित हुए कोलंबो इंटरनेशनल थियेटर फ़ेस्टिवल का है.

गूगल पर की-वर्ड्स सर्च करने से हमें मालूम चला कि ये तस्वीर श्रीलंका की जेननी कूरे की एक लाइव आर्ट परफ़ॉरमेंस की है. 2016 को रोर मीडिया ने लिखा कि वो इस तरह से मेटल की ड्रेस पहने चल रही थी कि उसके ड्रेस से निकलनेवाली आवाज़ ने वहां खड़े बाकी लोगों को झकझोरकर रख दिया.

जेननी कूरे की वेबसाइट पर भी ये तस्वीर मौजूद है.

कूरे के यूट्यूब चैनल पर उनके स्ट्रीट परफ़ॉरमेंस का एक वीडियो भी है.

श्रीलंका की एक कलाकार के लाइव आर्ट परफ़ॉरमेंस की तस्वीर भारतीय महिला की बताकर शेयर हो रही है. इस तस्वीर को देश में बढ़ते बलात्कार के मामलों के खिलाफ़ चल रहे प्रदर्शन से जोड़कर शेयर किया जा रहा है.

ग़लत
दावा:
भारत में बढ़ते बलात्कार के मामलों के खिलाफ़ महिला ने काटेंदार तारें पहन कर प्रदर्शन किया

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें