सोशल मीडिया पर एक पुरानी तस्वीर वायरल है. इसमें राजीव गांधी के साथ राहुल गांधी एयरपोर्ट पर कुछ अन्य लोगों के साथ दिखाई दे रहे हैं. तस्वीर में राहुल गांधी के बगल में एक व्यक्ति दोनों हाथों में सूटकेस लिए नज़र आता है, जिस पर लाल गोला बनाया गया है. कुछ यूज़र्स लाल घेरे में दिख रहे इस व्यक्ति को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बताते हुए उन्हें गांधी-नेहरू परिवार का “कुली” और “नौकर” कहकर निशाना बना रहे हैं.

रोहित गुप्ता नामक एक्स-यूज़र ने तस्वीर शेयर करते हुए हैशटैग खड़गे का इस्तेमाल किया और लिखा, “बुढ़ापे मे कांग्रेस अध्यक्ष बनना है तो पूरी जवानी गाँधी नेहरू परिवार की अटैचीयां उठाने मे खपानी पडती हैँ.”

Coffee With Sumeet Jain‘ नामक यूट्यूब चैनल ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “खड़गे जी, गांधी परिवार के लंबे समय से कुली रहे हैं.”

भाजपा कार्यकर्ता सुरेश नखुआ, पामेला गोस्वामी, राइट विंग यूज़र हिमांशु जैन समेत कई एक्स-यूज़र ने तस्वीर शेयर की और लोगों से लाल घेरे में दिख रहे व्यक्ति की पहचान करने को कहा. कई यूजर्स ने कमेंट में व्यक्ति को मल्लिकार्जुन खड़गे बताकर उन्हें गांधी परिवार का नौकर और कुली कहा.

This slideshow requires JavaScript.

फैक्ट-चेक

वायरल दावे की सत्यता जानने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने तस्वीर को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही तस्वीर बिना लाल गोले के हाई-क्वालिटी में राहुल गांधी के एक्स-हैंडल पर 21 मई 2024 को पोस्ट किया गया मिला. इस दिन राजीव गांधी का पुण्यतिथि था. पोस्ट में राहुल गांधी ने अपने पिता राजीव गांधी के लिए भावुक संदेश लिखा था. हालांकि, राहुल गांधी ने तस्वीर में मौजूद लोगों के बारे में कोई ज़िक्र नहीं किया था.

हमने राजीव गांधी के साथ मल्लिकार्जुन खड़गे की पुरानी फोटो ढूंढने की कोशिश की. हमें मई 2021 में मल्लिकार्जुन खड़गे के एक्स-हैंडल पर दोनों की एक पुरानी तस्वीर मिली. मल्लिकार्जुन खड़गे की इस पुरानी तस्वीर से वायरल तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति के चेहरे और अन्य शारीरिक विशेषताओं की तुलना करने पर साफ़ हो जाता है कि सूटकेस लिए मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं हैं. सूटकेस पकड़े व्यक्ति के चेहरे की बनावट और मल्लिकार्जुन खड़गे के चेहरे की बनावट एक-दूसरे से बहुत अलग है.

इसके अलावा, ऑल्ट न्यूज़ ने इस पूरे मामले के संबंध में कर्नाटक सरकार में कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे से संपर्क किया. उन्होंने वायरल तस्वीर में मल्लिकार्जुन खड़गे के होने के दावों को सिरे से ख़ारिज कर दिया. साथ ही उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे की एक पुरानी तस्वीर हमारे साथ शेयर की. वायरल तस्वीर में दिख रहे व्यक्ति का चेहरा कहीं से भी मल्लिकार्जुन खड़गे से नहीं मेल खाता है.

Photo sent by Priyank Kharge

बूमलाइव ने फैक्ट-चेक में वायरल तस्वीर में सूटकेस पकड़े व्यक्ति की पहचान सिद्धार्थ रेड्डी के रूप में की है, जो आंध्र प्रदेश से थे और राजीव गांधी के करीबी सहयोगी थे.

फोटो: बूम लाइव

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कम्यूनिकेशन इंचार्ज प्रणव झा और बीजेपी नेता संजय सिंह ने बूमलाइव को बताया कि वायरल तस्वीर में दो सूटकेस के साथ दिख रहे व्यक्ति सिद्धार्थ रेड्डी हैं.

ये तस्वीर कब और किस स्थान पर खींची गई थी, उस संबंध में ज़्यादा जानकारी नहीं मिल पायी है.

कुल मिलाकर, वायरल तस्वीर में सूटकेस पकड़े व्यक्ति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नहीं हैं. ये राजीव गांधी के करीबी सहयोगी सिद्धार्थ रेड्डी हैं. मल्लिकार्जुन खड़गे को गांधी-नेहरू परिवार का “कुली” या “नौकर” बताकर तंज कसते हुए इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है.

ग़लत
दावा:
खड़गे जी, गांधी परिवार के लंबे समय से कुली रहे हैं.

यह सामग्री तथ्यात्मक रूप से गलत या गढ़ी हुई है.

हमारी कार्यप्रणाली पढ़ें