छत्तीसगढ़ के कुरुद से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और भाजपा कार्यकर्ताओं के झंडा फहराने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत कई यूज़र्स और सोशल मीडिया हैंडल्स ने वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ के धमतरी ज़िले के कुरुद में 15 अगस्त ‘स्वतंत्रता दिवस’ के मौके पर तिरंगा झंडा (राष्ट्रीय ध्वज) फहराने की जगह भाजपा पार्टी का झंडा फहराया था.
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने 15 अगस्त को अपने एक्स-हैंडल पर कथित वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “यह वीडियो छत्तीसगढ़ के धमतरी ज़िले का है स्वतंत्रता दिवस पर BJP वाले BJP का झंडा फहरा रहे हैं – तिरंगा नहीं. 53 साल तक इनके पुरखों ने तिरंगे का बहिष्कार किया था – आज भी यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करते नहीं थकते.”
यह वीडियो छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले का है
स्वतंत्रता दिवस पर BJP वाले BJP का झंडा फहरा रहे हैं – तिरंगा नहीं
53 साल तक इनके पुरखों ने तिरंगे का बहिष्कार किया था – आज भी यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करते नहीं थकते pic.twitter.com/0TmSrcITHe
— Supriya Shrinate (@SupriyaShrinate) August 15, 2026
कांग्रेस कार्यकर्ता श्रीनिवास बी वी, रितु चौधरी, समेत हंसराज मीणा, प्रतीक पटेल भारतीय लोक गायिका और राजनीतिक व्यंग्यकार नेहा सिंह राठौर, लेखक राम पुनियानी, पत्रकार काशिफ काकवी ने भी ऐसे ही दावे के साथ वीडियो शेयर किया.
कांग्रेस पार्टी की राज्य इकाई के आधिकारिक हैंडल्स जैसे गुजरात और उत्तराखंड समेत सोशल मीडिया हैंडल ‘bolta hindustan news‘, ‘4pm news‘, ‘millat times’, ‘@GenZ_of_India_’, ‘@TheIncNews‘, ‘नेशनल दस्तक‘ के अलावा कई यूज़र्स ने भी वीडियो ऐसे ही दावे के साथ शेयर किया.
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने अपने आधिकारिक फेसबुक और एक्स-हैंडल पर भाजपा नेताओं द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज के स्थान पर भाजपा का झंडा फहराने के दावे से दो अलग-अलग वीडियो शेयर किया. इसमें कथित पहला वीडियो छत्तीसगढ़ का वायरल वीडियो था और दूसरा पश्चिम बंगाल का वीडियो था जिसका ऑल्ट न्यूज़ ने फैक्ट-चेक कर वायरल दावे पर से पर्दा उठाया है.
फैक्ट-चेक
वायरल दावे की सत्यता जानने के लिए ऑल्ट न्यूज़ ने वीडियो के फ़्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया. हमें यही वायरल वीडियो 23 मार्च 2026 को भानु चन्द्राकर के इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया हुआ मिला. इसके कैप्शन में लिखा है, “पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान कुरूद मंडल का प्रशिक्षण 22-23 मार्च के लिए स्वामी विवेकानंद मंगल भवन परिसर में ‘यशवंत राव स्मृति सभागार कार्यकम स्थल में’ भाजपा के ध्वज से ध्वजारोहण कर अतिथियों, वक्ताओ,पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के द्वारा शुभारंभ किया गया.”
View this post on Instagram
इससे स्पष्ट है कि वायरल वीडियो 15 अगस्त 2026 का नहीं, बल्कि 22-23 मार्च 2026 को हुए भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का है.
इंस्टाग्राम पर भानु चंद्राकर ने वायरल दावे का खंडन करते हुए बताया कि वीडियो 22-23 मार्च 2026 को कुरूद में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का है. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले पार्टी का झंडा अस्थायी रूप से फहराया गया था. उन्होंने वायरल दावे के खिलाफ पुलिस में शिकायत किए जाने की भी जानकारी दी.
View this post on Instagram
जांच में हमने पाया कि 22 मार्च 2026 को कुरुद से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने अपने फेसबुक, इंस्टाग्राम पर भी 22-23 मार्च 2026 कुरूद नगर के स्वामी विवेकानंद मंगल भवन में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम की तस्वीरें शेयर की थी.
View this post on Instagram
इसके अलावा, हमने पाया कि 15 अगस्त को कुरुद विधायक अजय चंद्राकर द्वारा अपने एक्स-हैंडल पर पोस्ट कर वायरल वीडियो को 22 मार्च 2026 भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का बताया और वायरल दावों के संबंध में कार्रवाई की मांग करते हुए छत्तीसगढ़ के सिटी थाना कोतवाली धमतरी में आवेदन दिया गया.
श्री राहुल गांधी जी, श्री खड़गे जी आपके चमचों ने जो विडियो डाला है, वो 22 मार्च 2026 भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग का है। (आज के स्वतंत्रता दिवस का नहीं है)
जल्दबाजी के पागलपन में ऐसे करते रहोगे तो… 100 साल तक सोचो मत… बोरिया बिस्तर समेट कर नानी के घर जाओ- देश माननीय मोदी जी ही… pic.twitter.com/GgnaIWDsZV
— Ajay Chandrakar (@Chandrakar_Ajay) August 15, 2026
कुल मिलाकर, वायरल वीडियो 15 अगस्त 2026 का नहीं है बल्कि 22-23 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ के कुरूद में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का है जहां पार्टी का झंडा फहराया गया था. कांग्रेस कार्यकर्ताओं और कुछ यूज़र्स ने इसी पुराने वीडियो को 15 अगस्त का बताकर भ्रामक दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की जगह पार्टी का झंडा फहराया.





